गुजरात टाइटन्स की टीम बस हुई धुंआ-धुंआ, IPL फाइनल हारने के बाद हुआ बड़ा हादसा, खिलाड़ियों को निकाला गया
Gujarat Titans: गुजरात टाइटन्स के लिए IPL 2026 अभियान का अंत निराशाजनक रहा. टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से हार गई. इसके बाद होटल जाते समय टीम बस में शॉर्ट सर्किट कारण आग लगने जैसी स्थिति भी पैदा हो गई. खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ़ को अपनी टीम बस से बाहर निकलना पड़ा.
Gujarat Titans bus breakdown: गुजरात टाइटन्स की टीम बस रविवार, 31 मई की रात शॉर्ट सर्किट के कारण धुंए से भर गई. ये घटना तब हुई जब IPL 2026 का फाइनल हारने के बाद खिलाड़ी अपने होटल लौट रहे थे. बस में धुआँ भर जाने के कारण खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को बाहर निकालना पड़ा. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में IPL फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से पांच विकेट से हारने के बाद वापस लौट रही गुजरात टाइटन्स की टीम के साथ हुई इस घटना से अफरा-तफरी मच गई.
समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, शॉर्ट सर्किट के कारण बस खराब हो गई और उसके अंदर धुआं फैल गया. इसके बाद तुरंत सभी को बस से बाहर निकाला गया. इस घटना में किसी भी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ को कोई चोट नहीं पहुंची है. खुशकिस्मती से सभी लोग सुरक्षित बच गए. शॉर्ट सर्किट से बस में धुआं भर जाने के कारण टीम को सड़क किनारे थोड़ी देर इंतज़ार करना पड़ा. बाद में सबको सुरक्षित होटल तक पहुंचाने के लिए एक दूसरी बस का इंतजाम किया गया.
फाइनल में क्या हुआ?
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने गुजरात टाइटन्स को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरा खिताब अपने नाम किया. आरसीबी ने पिछले साल 18 साल बाद पहली आईपीएल ट्रॉफी जीती थी. इस साल भी टीम का जलवा बरकरार रहा. दर्शकों से खचाखच भरे नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में विराट कोहली ने
छक्का लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया.
टॉस जीतकर गेंदबाजी करने वाली आरसीबी के गेंदबाजों ने धीमी पिच का पूरा फायदा उठाया. कसी हुई गेंदबाजी के आगे गुजरात की टीम केवल 155 रन ही बना सकी थी. लक्ष्य का पीछा करने आए कोहली और वेंकटेश अय्यर ने अच्छी शुरुआत दिलाई. कोहली ने पैर में हो रही दिक्कत के बावजूद आईपीएल में अपना सबसे तेज अर्धशतक जड़ा, उन्होंने 25 गेंद में सात चौके और दो छक्के से पचास रन पूरे किए. कोहली अंत तक टिके रहे और 75 रन बनाकर टीम को फिर से चैंपियन बनाया. विराट ने अपनी पारी में 3 छक्के और 9 चौके लगाए.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लगातार दूसरी बार खिताब दिलाने वाले विराट कोहली ने मैच के बाद कहा कि विजयी रन बनाने का ख्याल अकसर उनके मन में आता था. इस बार कोहली ने 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर अरशद खान के खिलाफ शानदार छक्का लगाकर टीम को चैंपियन बनाया और अपना ख्वाब पूरा किया. नाबाद 75 रन की पारी खेलने वाले कोहली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. कोहली ने कहा कि मुझे पता था कि रन-चेज़ में क्या करना है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें