Ranji Trophy में विराट कोहली को बोल्ड करने वाले हिमांशु सांगवान का बड़ा बयान, बोले...

खराब फॉर्म से जूझ रहे विराट कोहली 12 साल बाद रणजी ट्रॉफी मैच खेलने उतरे थे. उन्हें हिमांशु सांगवान ने 6 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया.

Published date india.com Published: February 1, 2025 7:11 AM IST
Himanshu Sangwan
विराट कोहली को बोल्ड करने वाले रेलवे के तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान @X

नई दिल्ली. टीम इंडिया की रन मशीन विराट कोहली का बल्ले से संघर्ष खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. वह फॉर्म की तलाश में 12 साल बाद रणजी ट्रॉफी में खेलने उतरे थे. कोहली के स्वागत में फैन्स की भीड़ भी दो दिनों तक अरुण जेटली स्टेडियम में उमड़ आई थी. लेकिन वह सिर्फ 15 गेंदें खेलकर ही आउट हो गए. दिल्ली की पारी शुरू होने के बाद कोहली की बैटिंग का दीदार करने को तरस रहे फैन्स को 24वें ओवर में खुशी मिली, जब यश ढुल को राहुल शर्मा ने LBW आउट कर पवेलियन की राह दिखाई. लेकिन कोहली फैन्स के चेहरे पर यह मुस्कान ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रख पाए.

रेलवे के तेज गेंदबाज हिमांशु सांगवान विराट कोहली के सामने एक अलग ही पेस पर गेंद करते दिखे और उन्होंने कोहली से एक चौका खाने के बाद इनाम के रूप में उनका विकेट ही हासिल कर लिया. कोहली अंदर आती गेंद पर एक और चौका जमाने के प्रयास में बोल्ड हो गए. रेलवे के इस तेज गेंदबाज ने सुपरस्टार कोहली का विकेट हासिल करने के बाद कहा कि यह ‘उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण विकेट’ है. कोहली को आउट करने के बाद वह भारतीय क्रिकेट जगत में चर्चा का विषय बन गए हैं.

रेलवे में जाने से पहले ऋषभ पंत जैसे खिलाड़ियों के साथ दिल्ली के लिए अंडर-19 क्रिकेट खेलने वाले सांगवान ने दिन के शुरुआती सत्र में भारत के पूर्व कप्तान के ऑफ स्टंप को उखाड़ा. सांगवान ने इस विकेट का जश्न पूरे जोश से मनाया. वह इस सफलता के बाद सोशल मीडिया पर ट्रेंड करने लगे. प्रथम श्रेणी का अपना 24वां मैच खेल रहे 29 साल के सांगवान ने कहा, ‘यह मेरे जीवन का सबसे महत्वपूर्ण विकेट है. विराट कोहली पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं.’

कोहली की वजह से स्टेडियम में पहुंचे हजारों प्रशंसकों ने सांगवान को अच्छा करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा, ‘जीवन में पहली बार मैंने इतने सारे लोगों को रणजी ट्रॉफी मैच के लिए आते देखा. यह हम सभी के लिए विशेष था.’

कोहली ने मैदान पर थोड़ा समय बिताने के बाद सांगवान के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया. क्रीज के बाहर से खेलते हुए उन्होंने इस गेंदबाज के खिलाफ स्ट्रेट में चौका जड़ा. अगली गेंद पर भी उन्होंने ड्राइव करने की कोशिश की लेकिन पूरी तरह से चूक गये और गेंद ऑफ स्टंप से टकरा गई. कोहली का ऑफ स्टंप कई चक्कर खाते हुए मैदान पर गिर गया.

कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के हालिया दौरे पर भी ऑफ स्टंप के करीब वाली गेंदों पर संघर्ष किया था. सांगवान से जब पूछा गया कि क्या भारतीय कप्तान के लिए उन्होंने या टीम ने कोई खास योजना बनाई थी तो उन्होंने कहा, ‘हमने किसी एक विशेष बल्लेबाज के लिए योजना नहीं बनाई थी. दिल्ली के अधिकांश बल्लेबाज आक्रमण करना पसंद करते हैं, इसलिए हमारी योजना गेंदबाजी अच्छी लेंथ के साथ ऑफ स्टंप के करीब रखने की थी.’

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

हरियाणा के चरखी दादरी का यह खिलाड़ी अब दिल्ली के नजफगढ़ में रहता है. दिल्ली के लिए सुमित माथुर और कप्तान आयुष बदोनी (99) ने 5वें विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी करके पहली पारी में बड़ी बढ़त सुनिश्चित की. बाएं हाथ के बल्लेबाज सुमित 78 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं. दिल्ली ने रेलवे के 241 रन के जवाब में सात विकेट पर 334 रन बना लिए.

(इनपुट: भाषा)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.