By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Cricket Hindi
- I Looked At Virat And His Eyes Seemed Like He Was Possessed Ashwin Recalls Historic Win Vs Pakistan In T20 Wc
मैंने विराट की आंखों में देखा, ऐसा लग रहा था जैसे उस पर कोई भूत सवार हो: अश्विन ने टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक जीत को याद किया
टी20 विश्व 2022 में पाकिस्तान के खिलाफ भारत के पहले लीग मैच में विराट कोहली ने 53 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 82 रन की नाबाद पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता.
बीसीसीआई (BCCI) के आगामी वनडे विश्व कप का ऐलान करने के साथ ही एक बार फिर टीम इंडिया पर पिछले दस साल से पड़े आईसीसी ट्रॉफी के सूखे की चर्चा भी शुरू हो गई है. भारत ने आखिरी बार 2013 में पूर्व क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) की कप्तानी में आखिरी आईसीसी ट्रॉफी जीती थी. हालांकि पिछले साल टी20 विश्व कप के दौरान टीम इंडिया आईसीसी ट्रॉफी जीतने के करीब पहुंची थी लेकिन सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हारकर एक बार फिर उन्हें वापस लौटना पड़ा था.
भले ही 2022 टी20 विश्व कप में टीम इंडिया के हाथों ट्रॉफी नहीं लगी हो लेकिन दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) का फॉर्म में लौटना एक बड़ा सकारात्मक संकेत था. कोहली ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी की लेकिन उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पाकिस्तान के खिलाफ मैच में आया, जहां उन्होंने अकेले दम पर भारत को चिर प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ धमाकेदार जीत दिलाई.
टीम इंडिया को अपने शुरुआती लीग में पाकिस्तान के खिलाफ 160 रन के लक्ष्य का पीछा करना था लेकिन सलामी बल्लेबाजों केएल राहुल (KL Rahul) और रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के सस्ते में आउट होने के बाद टीम इंडिया मुश्किल में आ गई. ऐसे में कोहली ने संकटमोचन बनकर भारतीय टीम को संभाला.
विराट की अर्धशतकीय पारी से टीम इंडिया ने मैच में जबरदस्त वापसी की. 19वें ओवर में हारिस राउफ (Haris Rauf) के खिलाफ लगातार दो छक्के जड़कर कोहली ने मैच को ऐसे पड़ाव पर पहुंचा दिया जहां भारत को छह गेंदो पर 16 रनों की जरूरत थी.
आखिरी ओवर की जिम्मेदारी मोहम्मद नवाज (Mohammed Nawaz) को मिली जिन्होंने पहली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या को कैच आउट कर भारतीय फैंस के दिलों की धड़कनों को रोक दिया. अगली दो गेंदो पर मात्र तीन रन आए लेकिन चौथी गेंद पर कोहली ने एक और गगनचुंबी छक्का लगाया. किस्मत से ये गेंद कोहली की कमर के ऊपर थी जिस वजह से इसे नो बॉल करार दिया गया.
दबाव में नवाज से बड़ी गलती हो गई और अगली गेंद उन्होंने वाइड फेंक दी. चौथी गेंद पर तीन रन चुराने में कामयाब रहे लेकिन पांचवीं गेंद पर दिनेश कार्तिक स्लॉग स्वीप मारने की कोशिश में स्टंप आउट हुए और एक बार फिर भारत पर हार का डर मंडराने लगा.
क्रीज पर नए बल्लेबाज रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) थे जो बड़ी चालाकी से क्रीज के बिल्कुल अंदर खड़े हुए ताकि नवाज की लेग स्टंप की गेंद वाइड हो सके. एक अतिरिक्त रन के साथ दोनों टीमों का स्कोर बराबर हो गया यानि कि यहां से भारत की हार असंभव थी.
आखिरी गेंद पर जीत के लिए एक रन चाहिए था और अश्विन एक दम शांत थे. उन्होंने नवाज की गेंद को आसानी से मिड ऑफ की तरफ खेला और टीम इंडिया को जीत दिलाई. कोहली ने 53 गेंदों पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 82 रन की नाबाद पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार जीता.
उस पल को याद करते हुए, अश्विन ने बताया कि जब वह आखिरी गेंद पर बल्लेबाजी करने आए तो उनके दिमाग में वास्तव में क्या चल रहा था.
आईसीसी से बात करते हुए उन्होंने कहा, ”मैं दिनेश कार्तिक को कोस रहा था कि उन्होंने मुझसे कठिन काम करने के लिए कहा. मैं बस उसे कोस रहा था, जब मैं अंदर गया, तो मुझे स्थिति की भयावहता का एहसास हुआ. लोग चिल्ला रहे हैं, मैंने ऐसी भीड़ कभी नहीं देखी.”
भारत के सीनियर गेंदबाज ने विराट कोहली के साथ हुई अपनी बातचीत के बारे में भी बताया. अश्विन ने कहा, “विराट ने मुझे उस एक गेंद पर खेलने के लिए सात विकल्प दिए. अगर मैं उन सभी शॉट्स को खेलने में सक्षम होता तो मुझे नंबर 8 पर बल्लेबाजी नहीं करनी पड़ती. मैंने बस खुद से बात की, मैं ऐसा नहीं कह सकता था उसे.”
भारतीय गेंदबाज ने बताया कि मैच के दौरान विराट की मनोस्थिति कैसी थी. उन्होंने कहा, “मैंने विराट की ओर देखा और उसकी आंखों से ऐसा लग रहा था जैसे उस पर कोई भूत सवार हो गया है. मैंने कहा, ठीक है, वह दूसरे ग्रह पर है और मुझे धरती पर वापस आने दो. जैसे ही उसने वाइड गेंद फेंकी, मुझे पता चल गया कि मैंने मैच जीत लिया है.”
उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि क्रिकेट कई मायनों में आपको बहुत सारे संदेश देगा. तो यहीं से मैं अपनी सकारात्मकता लेकर आया. मुझे पता था कि मैंने गेम जीत लिया है.”
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें