
Arun Kumar
नमस्कार! मैं अरुण कुमार, फिलहाल India.com (Zee Media) में सीनियर सब एडिटर के रूप में स्पोर्ट्स डेस्क पर कार्यरत हूं. मैं पिछले 13 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं और ... और पढ़ें
टी20 वर्ल्ड कप के लिए भारत नहीं आने की जिद पर अड़ा बांग्लादेश टस से मस होने को तैयार नहीं है. वह अपनी मांगों को लगतार दोहरा रहा है कि उसके मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट कर दिए जाए, जो इस टूर्नामेंट का सह-मेजबान है. बांग्लादेश बार-बार इस बात पर जोर दे रहा है कि मौजूदा हालात में भारत में क्रिकेट नहीं खेल पाएगा क्योंकि वहां उसकी टीम को सुरक्षा को खतरा है. इस बीच मीडिया में जो खबरें थीं कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने उसे अल्टीमेटम दिया है कि वह 21 जनवरी तक टूर्नामेंट में भाग लेने या नहीं लेने पर अपना रुख साफ कर दे.
खबरों के मुताबिक ICC ने अपने अल्टीमेटम में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को यह साफ बता दिया है कि वह न तो वर्ल्ड कप के शेड्यूल में कोई बदलाव करेगा और न ही आयरलैंड से उसका ग्रुप बदलेगा, जो उसने मांग की थी. इस बीच बांग्लादेश की अंतरिम सरकार में युवा और खेल मामलों के सलाहकार आसिफ नजरुल ने ICC से किसी भी तरह के अल्टीमेटम मिलने की बात को खारिज किया है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बांग्लादेश अपनी इन मांगों से पीछे हटने को तैयार नहीं है.
नजरुल से जब मीडिया ने पूछा कि क्या ICC की ओर से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को कोई अल्टीमेटम मिला है. इसके जवाब में उन्होंने कहा कि ICC ने औपचारिक तौर पर ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है.
उन्होंने मंगलवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए कहा, ‘हम पर भारत में खेलने के लिए अनुचित और अवास्तविक दबाव नहीं डाला जा सकता. हमने औपचारिक तौर पर यह भी नहीं सुना है कि वे हमें टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर स्कॉटलैंड को ले लेंगे. अगर ICC, BCCI के सामने झुक जाता है और हम पर अनुचित मांग करता है तो हम उसे स्वीकार नहीं करेंगे. पहले भी ऐसे उदाहरण रहे हैं, जब भारत ने पाकिस्तान जाने से मना कर दिया था और ICC ने स्थान बदला था. हमने भी तार्कों के साथ स्थान बदलने को कहा है. वे हमें भारत में खेलने का गलत दबाव नहीं डाल सकते.’
बता दें टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में हो रही है. बांग्लादेश इस टूर्नामेंट में पहले भारत आकर खेलने को राजी था. लेकिन जब से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उसके तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL 2026 से हटाने का फैसला कर लिया, तब से वह बिफर गया है. बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के मामले लगातार बढ़ रहे हैं.
वहां जब से शेख हसीना सरकार को सत्ता से बाहर कर कट्टरपंथियों ने सत्ता पर कब्जा किया है, तब से यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा से भारत के कई हिंदू संगठन बांग्लादेश का विरोध कर रहे थे और उन्होंने इन हालात में बांग्लादेशी क्रिकेटरों के इस लीग में खेलने पर सवाल खड़े किए थे. इसके बाद BCCI ने मुस्तफिजुर को हटाने का फैसला कर लिया. बता दें बांग्लादेश के किसी भी क्रिकेटर ने अभी तक वहां हो रहे अल्पसंख्यक हिंदुओं के खिलाफ अत्याचारों पर एक शब्द तक नहीं कहा है. उसके किसी भी क्रिकेटर ने इन कृत्यों की निंदा नहीं की है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.