ICC चैम्पियन्स ट्रॉफी- इंग्लैंड का आज अफगानिस्तान से स्पिन टेस्ट, हारे तो टूर्नामेंट से बाहर

दोनों टीमें अपना-अपना पहला मैच हारकर यहां पहुंची हैं. अब दोनों में जो भी टीम अपने अंतिम बचे दोनों मैच जीत लेगी वह सेमीफाइनल में होगी. ऐसे में दोनों के लिए करो या मरो की स्थिति है.

Published date india.com Published: February 26, 2025 10:04 AM IST
AFG vs ENG
अफगानिस्तान vs इंग्लैंड

लाहौर. चैम्पियन्स ट्रॉफी में अपने-अपने पहले मैच में हार का सामना कर आईं इंग्लैंड और अफगानिस्तान की टीमें आज लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में एक-दूसरे से भिड़ने उतरेंगी. इंग्लैंड की टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ा स्कोर खड़ा करने के बावजूद हार गई थी. लेकिन आज बड़ा स्कोर बनाने में उसे ज्यादा चुनौतियों का सामना करना होगा क्योंकि अफगानिस्तान के वर्ल्ड क्लास स्पिनर उसकी ये चालें रोकने में माहिर हैं. वहीं अफगानिस्तान की टीम को अपने बल्लेबाजों से उम्मीद होगी कि अगर वह उसे 300 के करीब ले जाने की कुव्वत रखते हैं, तो फिर राशिद खान की अगुआई में अफगानिस्तानी स्पिनर टीम को जीत दिला सकते हैं. अफगानिस्तान को भी अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था.

दोनों टीमों के लिए यहां खिताब की दौड़ में बने रहने के लिए यहां जीत जरूरी है. इंग्लैंड की टीम मैच में भले फेवरेट दिख रही हो लेकिन उसका यह स्पिन के खिलाफ टेस्ट भी होगा. दोनों टीमों के लिए यह मैच करो या मरो जैसा है, वैसे थोड़ी सी राहत इस बात से है कि अपना-अपना पहला मैच जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका का मंगलवार को खेले जाने वाला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया. ऐसे में इन दोनों टीमों में से जो भी टीम अपने अंतिम दो मैच जीतेगी तो उसे सेमीफाइनल में पहुंचने का मौका मिलेगा. इस स्थिति में अब बात नेट रन रेट पर तय नहीं होगी.

इंग्लैंड का सीमित ओवरों की क्रिकेट में दबदबा अब बीते दिनों की बात हो चुकी है. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अगर उसके बल्लेबाज चले तो गेंदबाजों ने निराश किया, जो 350 से अधिक के स्कोर का बचाव नहीं कर पाए. जहां तक पहले मैच में इंग्लैंड की बल्लेबाजी का सवाल है तो यह नहीं भूलना चाहिए कि ऑस्ट्रेलिया के प्रमुख गेंदबाज इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं. इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने पहले मैच में उसके अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण का पूरा फायदा उठाकर बड़ा स्कोर बनाया.

इसलिए देखा जाए तो इंग्लैंड को अफगानिस्तान के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग में अच्छा प्रदर्शन करना होगा. इंग्लैंड के बल्लेबाजों को चैंपियंस ट्रॉफी से पहले भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में स्पिन गेंदबाजों को खेलने में काफी परेशानी हुई थी. अफगानिस्तान के पास राशिद खान, नूर अहमद और मोहम्मद नबी जैसे विश्वस्तरीय स्पिनर हैं, जो किसी भी तरह की बल्लेबाजी लाइनअप को परेशानी में डालने में सक्षम हैं.

यहां की पिच से धीमी गति के गेंदबाजों को मदद मिलने की संभावना है और ऐसे में इंग्लैंड के बल्लेबाजों को कड़ी परीक्षा से गुजरना होगा. इंग्लैंड को ऑलराउंडर ब्रायन कार्स के चोटिल होने के कारण बाहर होने से झटका लगा है. उसने अपने स्पिन गेंदबाजी विभाग को मजबूत करने के लिए उनकी जगह रेहान अहमद को टीम में शामिल किया है. रेहान अहमद को टीम में शामिल करने से आदिल रशीद को काफी मदद मिलेगी जिनके साथ अभी तक लियाम लिविंगस्टोन दूसरे स्पिनर की भूमिका निभा रहे थे.

जहां तक अफगानिस्तान का सवाल है तो उसकी अपनी परेशानियां हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ पिछले मैच में उसके गेंदबाजों ने निराश किया तो बल्लेबाज भी नहीं चल पाए, जिससे उसकी टीम को 107 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा था. अफगानिस्तान की टीम में लगभग वही खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पिछले साल उसे टी20 के सेमीफाइनल में पहुंचाया था. अफगानिस्तान को अगर सेमीफाइनल की अपनी उम्मीदों को बनाए रखना है तो उसके खिलाड़ियों को एकजुट होकर प्रदर्शन करना होगा.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.