Icc Invites Bangladesh To Watch India Vs Pakistan T20 World Cup Match Aminul Islam Ready
T20 वर्ल्ड कप का बॉयकॉट करने वाले बांग्लादेश को ICC ने दिया खास न्योता, क्या करेगा BCB
बांग्लादेश ने इस बार टी20 वर्ल्ड कप से अपना नाम वापस ले लिया था. वह अपने मैच भारत में खेलने के लिए राजी नहीं था. अब ICC ने उसे कोलंबो आने का न्योता दिया है.
T20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2026) से अपना नाम वापस लेने वाले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) पर इंटनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) अभी भी मेहरबान है और वह चाहता है कि उसके सदस्य देशों के साथ बांग्लादेश के संबंध अच्छे रहें. खासतौर से एशियाई क्रिकेट बोर्ड्स के साथ, जो आईसीसी के महत्वपूर्ण सदस्य हैं. इस कड़ी में उसने BCB को भारत बनाम पाकिस्तान मैच देखने का न्योता दिया है. BCB अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम नेकहा कि वह इस मैच के लिए कोलंबो जाएंगे और उन्हें उम्मीद है कि पिछले कुछ सप्ताह से चल रहे तनावपूर्ण माहौल के बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से उनके संबंधों में सुधार होगा.
अमीनुल इस्लाम ने बांग्लादेश के अखबार ‘प्रथम आलो’ से कहा कि इस हाई-प्रोफाइल मैच के लिए ICC की ओर से न्योता मिला है.
इस्लाम ने कहा, ‘ICC ने यह फैसला लिया है. ICC के प्रमुख हितधारक ये पांच एशियाई देश हैं और वह चाहते हैं कि भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को होने वाले मैच के लिए सभी 5 एशियाई देशों के प्रतिनिधि एक साथ स्टेडियम में मौजूद रहें. वे मैच का लुत्फ लें और इस दौरान एक-दूसरे से बात करें.’
इस मौके पर मीडिया ने अमीनुल से पूछा कि क्या इस मीटिंग से BCCI के साथ उनके तनावपूर्ण संबंधों को खत्म करने में मदद मिलेगी? उन्होंने कहा, ‘आप इसे कुछ इसी तरह मान सकते हैं.’
बता दें इस साल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत के साथ तल्खी तब दिखाई, जब BCCI ने उसके तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से रिलीज करने का निर्देश दिया. बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रही हिंसा के विरोध में भारत में कई हिंदू संगठनों ने बांग्लादेशी खिलाड़ियों का भारत की टी20 लीग में खेलने का विरोध किया था क्योंकि उसका कोई भी क्रिकेटर अपने देश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हो रही हिंसा के विरोध में नहीं बोला था.
बांग्लादेश BCCI के इस फैसले से इतना नाराज हुआ कि उसने भारत में अपने खिलाड़ियों की सुरक्षा का हवाला देते हुए टी20 वर्ल्ड कप से अपने मैच शिफ्ट करने का कह दिया. आईसीसी ने इस मुद्दे पर वोटिंग करवाकर उसकी बात को नहीं माना तो उसने टी20 वर्ल्ड कप से ही बाहर होने का फैसला कर लिया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.