BAN vs PAK: बांग्लादेश से टेस्ट भी हारा पाकिस्तान, अब ICC ने दे दिया और जख्म- पूरी टीम पर लगा 40 फीसदी जुर्माना
ढाका टेस्ट की हार के बाद पाकिस्तान की टीम शनिवार से सिलहट में होने वाले दूसरे टेस्ट की तैयारियों में जुटी थी. इससे पहले ICC ने उसके खिलाफ कड़ा एक्शन ले लिया है.
पाकिस्तान टेस्ट टीम @ICC
दो टेस्ट की सीरीज के लिए बांग्लादेश दौरे पर आई पाकिस्तान की टीम पहले टेस्ट की हार के बाद पहले से ही मुश्किलों में घिरी है. इस बीच आईसीसी ने उस पर नियमों का उल्लंघन करने के चलते एक और एक्शन लेकर उसकी हालत पतली कर दी है. ढाका टेस्ट के दौरान पाकिस्तान ने धीमी ओवर गति बनाए रखने के लिए मौजूदा ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) के 2025-27 चक्र में मैच फीस का 40 प्रतिशत जुर्माना लगाया है. इसके अलावा उसकी टीम के 8 अंक काट दिए गए हैं.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अनुसार पाकिस्तान ने इस मैच में निर्धारित समय सीमा में 8 ओवर कम किए थे. इस तरह से पाकिस्तान अब अंक तालिका में 4 अंकों के साथ 8वें स्थान पर है. वेस्टइंडीज उससे निचले पायदान पर है. दोनों टीमें शनिवार से सिलहट में सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच खेलने उतरेंगी. पाकिस्तान की टीम 0-1 से पिछड़ी हुई है और वह दूसरा टेस्ट जीतकर सीरीज को बराबरी पर खत्म करने के मकसद से मैदान पर उतरेगी.
आईसीसी में बयान में कहा, 'आईसीसी की न्यूनतम ओवरों के लिए आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के तहत निर्धारित समय में पूरे नहीं किए गए ओवर में से प्रत्येक ओवर के लिए खिलाड़ियों पर उनकी मैच फीस का पांच प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है.'
ICC वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप (ICC WTC Rules) के खेल नियमों के अनुच्छेद 16.11.2 के अनुसार, प्रत्येक ओवर कम होने पर टीमों का एक चैम्पियनशिप अंक कट जाता है, जिस कारण पाकिस्तान को डब्ल्यूटीसी रैंकिंग में 8 महत्वपूर्ण अंक गंवाने पड़े.
पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने इस जुर्माने को स्वीकार कर लिया और प्रस्तावित सजा को मान लिया जिससे औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी.
इस टेस्ट में पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था. लेकिन बांग्लादेश ने पहली ही पारी में उसके खिलाफ 413 रनों का स्कोर खड़ा कर दिया. उसकी ओर से कप्तान नजमुल हसन शांतो ने शतक जमाया. इसके अलावा मोमिनुल हक (91) और मुश्फिकुर रहीम (71) ने भी शानदार अर्धशतकीय पारियां खेली थीं. पाकिस्तान की टीम अजान अवेस (101) के शतक के बावजूद पहली पारी में 386 रनों पर सिमट गई.
पहली पारी के आधार पर बांग्लादेश ने 27 रनों की बढ़त हासिल की और दूसरी पारी में 9 विकेट गंवाकर 240 रन बनाए. इस तरह पाकिस्तान के सामने यहां जीत के लिए 268 रनों का लक्ष्य था. इसके जवाब में वह मैच की चौथी और अंतिम पारी में सिर्फ 163 रनों पर ही ढेर हो गई. बांग्लादेश ने 104 रनों के विशाल अंतर से जीत दर्ज की. अब वह मेहमान टीम का अपने घर में 2-0 से सफाया करने को बेकरार है.
(एजेंसी इनपुट्स के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें