
Gaurav Barar
गौरव बरार (Gaurav Barar) एक अनुभवी पत्रकार और कंटेंट विशेषज्ञ हैं जिनके पास 10 साल से ज्यादा का अनुभव है. वर्तमान में, इंडिया.कॉम में बतौर चीफ सब एडिटर अपनी सेवाएं ... और पढ़ें
T20 World Cup 2026: क्रिकेट के सबसे छोटे और रोमांचक प्रारूप का सबसे बड़ा उत्सव यानी आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 आज यानी 7 फरवरी शनिवार से शुरू हो गया है. भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट में दुनिया भर की 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं. हालांकि, सबकी नजरें डिफेंडिंग चैंपियन भारत पर टिकीं होंगी जो टाइटल बचाने के लिए मैदान में है.
भारत आज मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा. दुनिया की नंबर-1 टीम के रूप में भारत इस टूर्नामेंट में इतिहास रचने के इरादे से उतर रहा है.
2024 की खिताबी जीत के बाद राहुल द्रविड़ ने कोचिंग छोड़ दी और रोहित शर्मा, विराट कोहली व रवींद्र जडेजा जैसे दिग्गजों ने इस प्रारूप से संन्यास ले लिया. लगा था कि भारत कमजोर होगा, लेकिन सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम ने खुद को पूरी तरह बदल लिया. जानिए इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम टाइटल बचाने को कितनी तैयार है.
सूर्यकुमार यादव (कप्तान)- साल 2025 सूर्या के लिए कुछ खास नहीं रहा था, लेकिन वर्ल्ड कप से ठीक पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने फॉर्म में वापसी की.
अभिषेक शर्मा- मौजूदा नंबर-1 टी20 बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने सलामी जोड़ी की परिभाषा बदल दी है. 249 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने वाले अभिषेक टीम इंडिया की आक्रामक रणनीति की सबसे मजबूत कड़ी हैं.
ईशान किशन- लगभग दो साल तक टीम से बाहर रहने के बाद ईशान ने घरेलू क्रिकेट में कड़ी मेहनत की और शानदार वापसी की. न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक और अभ्यास मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तूफानी 53 रन बनाकर उन्होंने ओपनिंग स्लॉट के लिए अपना दावा मजबूत कर लिया है.
तिलक वर्मा और रिंकू सिंह- नंबर-3 पर तिलक वर्मा टीम को स्थिरता देते हैं, जिनका औसत लगभग 50 का है. वहीं, रिंकू सिंह ‘फिनिशर’ की भूमिका में फिट हैं. न्यूजीलैंड के खिलाफ 91 रन बनाकर उन्होंने दिखाया कि अंत के ओवरों में उनसे बेहतर कोई नहीं.
हार्दिक पंड्या अब भी टीम इंडिया के सबसे बड़े मैच विनर हैं. उनकी मौजूदगी टीम को संतुलन देती है. वहीं, शिवम दुबे ने स्पिन के साथ-साथ अब तेज गेंदबाजी के खिलाफ भी अपनी बल्लेबाजी सुधारी है, जिससे वह मध्यक्रम में एक घातक हथियार बन गए हैं. उपकप्तान अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर गेंद और बल्ले दोनों से मैच का पासा पलटने का दम रखते हैं.
अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह- अर्शदीप भारत के लिए टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. नई गेंद को स्विंग कराना और डेथ ओवरों में यॉर्कर फेंकना उनकी खूबी है. वहीं, जसप्रीत बुमराह दुनिया के किसी भी बल्लेबाज के लिए आज भी एक पहेली हैं. इन दोनों की जोड़ी शुरुआती झटके देने में माहिर है.
वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव- भारत की असली ताकत उसकी स्पिन जोड़ी है. नंबर-1 टी20 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती की ‘मिस्ट्री’ और कुलदीप यादव की फिरकी बीच के ओवरों में विपक्षी टीम की कमर तोड़ देती है. पिछले साल कुलदीप का औसत महज 10.23 का रहा, जो उनकी घातक गेंदबाजी को दर्शाता है.
मोहम्मद सिराज- हर्षित राणा के चोटिल होने के बाद अनुभवी सिराज को टीम में शामिल किया गया है. उनके आने से टीम के पास अनुभव की कमी नहीं रहेगी.
भारतीय टीम लगभग हर क्षेत्र में मजबूत है, लेकिन संजू सैमसन की फॉर्म थोड़ी चिंताजनक है. न्यूजीलैंड सीरीज में 5 मैचों में सिर्फ 46 रन बनाने के कारण उनकी जगह प्लेइंग इलेवन में पक्की नहीं दिख रही है.
भारतीय टीम इस समय आत्मविश्वास से लबरेज है. टीम की बेंच स्ट्रेंथ इतनी मजबूत है कि किसी भी खिलाड़ी के चोटिल होने पर भी संतुलन नहीं बिगड़ता. यदि सूर्या की सेना अपनी योजना के अनुसार खेली, तो तीसरा टी20 वर्ल्ड कप खिताब भारत की झोली में आना लगभग तय है.
उद्घाटन मुकाबला कोलंबो में सुबह 11:00 बजे पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच शुरू हो गया. इसके बाद दोपहर 3:00 बजे कोलकाता के ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच भिड़ंत होगी. रात 7:00 बजे मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन भारत का सामना यूएसए से होगा.
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अक्षर पटेल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, संजू सैमसन (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, रिंकू सिंह, मोहम्मद सिराज और ईशान किशन (विकेटकीपर).
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.india.com/hindi-news/icc-mens-t20-world-cup-2026/
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.