मोहाली. भारत के खिलाफ पहली बार कोई टी20 सीरीज खेलने की तैयारी में जुटी अफगानिस्तान की टीम बीते कुछ दिनों से मोहाली में ही अभ्यास कर रही है. यहां का गिरता तापमान और घना कोहरा देखकर वह भी चिंतित होगी कि इन मुश्किल हालात में मैच कैसे पूरा होगा. यहां पड़ रही कड़ाके की ठंड से तो अफगान खिलाड़ी कोई खास प्रभावित नहीं होंगे क्योंकि उनके देश में भी ठंड का हाल ऐसा ही रहता है लेकिन घने कोहरे में फ्लड लाइट्स के बीच खेलना सबसे बड़ी चुनौती होगा.
यह पहली बार है, जब मोहाली में कड़ाके की ठंड के बीच कोई मैच सूरज डूबने के बाद खेला जाएगा. इससे पहले इस शहर ने कड़ाके की सर्दियों में कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मैचों का आयोजन किया है लेकिन ये मैच दिन की रोशनी में ही खेले जाने वाले मैच थे. यह पहली बार है, जब दिसंबर-जनवरी के दौरान कोई मैच फ्लड लाइट्स में खेला जाएगा.
गुरुवार के दिन मोहाली के तापमान की अगर बात करें तो यहां शाम न्यूनतम तापमान 5 से 6 डिग्री रहने की संभावना है और इस दौरान घना कोहरा और ओस की भी आशंका बनी हुई है. समूचा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड और घने कोहरे की चपेट में घिरा हुआ है. ऐसे में ऐसी परिस्थितियों में BCCI का यहां मैच खेलने का फैसला सभी को हैरान कर रहा है.
कई जानकार ऐसी भी आशंका जता रहे हैं कि मैच के दौरान घने कोहरे के चलते दृश्यता कम हो जाएगी और इसका असर मैच पर पड़ सकता है. ऐसी स्थितियों में खिलाड़ी मैच को रुकवा सकते हैं और फिर यह मैच रद्द भी हो सकता है क्योंकि एक बार कोहरा गिरना शुरू हुआ तो वह बढ़ता ही चला जाएगा और तब मैच शुरू होने के हालात नहीं रहेंगे.
हालांकि मोहाली के मैदान पर अगर कोहरे की जगह सिर्फ ओस पड़े को पंजाब क्रिकेट असोसिएशन (PCA) उससे लड़ने को तैयार है. यहां एक अधिकारी ने बताया कि बीते 2 या 3 दिनों से यहां उतना कोहरा नहीं पड़ रहा है और जहां तक ओस की बात है तो हम मैच से दो दिन पहले से ही अस्पा केमिकल (Aspa chemical) का इस्तेमाल शुरू कर रहे हैं, यह ओस के प्रभाव को दूर रखेगा और मैदान को गीला होने से बचाएगा. यह एक कामयाब चीज है, जिसका इस्तेमाल पहले भी होता रहा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.