गिल की नाबाद पारी के आगे फीका पड़ा गुरबाज का शतक, भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से रौंदा
IND vs AFG ODI 1st Match: भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की. शुभमन गिल और केएल राहुल की शानदार पारी से टीम इंडिया ने आसान जीत दर्ज की.
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की. (Photo from IANS)
हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में शनिवार (13 जून) को खेले गए पहले वनडे में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराया. टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. बारिश के कारण मैच देर से शुरू हुआ और दोनों टीमों के लिए 25-25 ओवर निर्धारित किए गए. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत खराब रही और टीम ने सिर्फ 4.3 ओवर में ही 26 रन पर अपने 3 विकेट गंवा दिए. शुरुआती झटकों के बाद भी टीम संघर्ष करती नजर आई, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा.
गुरबाज ने 48 रन में पूरा किया शतक
एक समय अफगानिस्तान की टीम मुश्किल में थी, लेकिन रहमानुल्लाह गुरबाज ने कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी के साथ मिलकर शानदार वापसी कराई. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 66 गेंदों में 116 रनों की साझेदारी हुई, जिससे टीम 142 के स्कोर तक पहुंच गई. गुरबाज ने 48 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 51 गेंदों पर 102 रन की धमाकेदार पारी खेली, जिसमें 8 छक्के और 8 चौके शामिल थे.
हालांकि, उनके आउट होने के बाद टीम ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 24.5 ओवर में 194 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से डेब्यूटेंट हर्ष दुबे और गुरनूर बरार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-3 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह और नितीश रेड्डी को 2-2 सफलताएं मिलीं.
रोहित और गिल की मजबूत साझेदारी
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने आक्रामक शुरुआत की. रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और शुभमन गिल ने पहले विकेट के लिए 34 गेंदों में 46 रन जोड़कर टीम को मजबूत आधार दिया. रोहित 16 रन बनाकर आउट हुए, लेकिन इसके बाद गिल ने ईशान किशन के साथ तेज बल्लेबाजी जारी रखी. दोनों के बीच 43 गेंदों में 70 रनों की साझेदारी हुई, जिससे भारत का स्कोर तेजी से आगे बढ़ा और टीम जीत की ओर बढ़ती चली गई.
शुभमन गिल ने 66 गेंदों में 84 रन बनाएं
ईशान किशन ने 22 गेंदों में 34 रन की तेज पारी खेली, जिसमें एक छक्का और तीन चौके शामिल रहे. इसके बाद, शुभमन गिल ने श्रेयस अय्यर के साथ 26 रन और फिर केएल राहुल के साथ नाबाद साझेदारी करते हुए मैच खत्म किया. राहुल ने भी तेज बल्लेबाजी करते हुए 19 गेंदों में 39 रन बनाए. गिल 66 गेंदों में 84 रन बनाकर नाबाद रहे और टीम को आसान जीत दिलाई. उनकी पारी में 11 चौके और 2 छक्के शामिल थे.
भारत की जीत से सीरीज में बढ़त...
इस जीत के साथ भारत ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. अफगानिस्तान की ओर से जिया उर रहमान शरीफी और राशिद खान को 1-1 विकेट मिला, लेकिन भारतीय बल्लेबाजों के सामने वे ज्यादा असर नहीं डाल सके. भारत की इस जीत में गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों का संतुलित प्रदर्शन देखने को मिला, जिससे टीम ने एक और मजबूत संदेश दिया कि वह सीरीज में बढ़त बनाए रखने के लिए पूरी तरह तैयार है.
(इनपुट-एजेंसी के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें