IND vs AFG: फिट होकर टीम इंडिया में लौटे हार्दिक पांड्या ने फिर बढ़ाई टेंशन, अफगानिस्तान के खिलाफ हो सकते हैं बाहर

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:June 10, 2026 4:24 PM IST

हार्दिक पांड्या हाल ही में पीठ की चोट से जूझ रहे थे उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ने हरी झंडी दी थी. अब उनके फिर से चोटिल होने की खबरें हैं...

टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को हाल ही में बेंगलुरु में स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) की मेडिकल टीम से अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलने की इजाजत मिली थी. अब एक बार फिर उनके चोटिल होने की खबरें आ रही हैं. पांड्या के पैर में निगल बताया जा रहा है, जिसके चलते वह आगामी वनडे सीरीज से बाहर हो सकते हैं.

Advertising
Advertising

दरअसल, हार्दिक के पैर में निगल (हल्की चोट) है, जिसके कारण उनका वनडे सीरीज में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है. आईपीएल 2026 के दौरान पीठ में ऐंठन की वजह से हार्दिक मुंबई इंडियंस की ओर से कुछ मुकाबले खेलते नजर नहीं आए थे. हार्दिक 2 जून से बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में मौजूद थे. माना जा रहा था कि हार्दिक को वनडे सीरीज खेलने के लिए सीओई की तरफ से हरी झंडी मिल जाएगी.

हार्दिक सीओई में फिटनेस टेस्ट के दौरान पूरी तरह से फिट नजर आए थे. उन्होंने बल्लेबाजी और गेंदबाजी करने के साथ-साथ फील्डिंग ड्रिल्स में भी हिस्सा लिया था. हालांकि, यह निगल उन्हें हाल ही में हुआ है, जिसके कारण उनका 13 जून से शुरू हो रही वनडे सीरीज में खेल पाना मुश्किल नजर आ रहा है.

सूत्रों ने न्यूज एजेंसी 'आईएएनएस' को बताया, 'हार्दिक पांड्या को सीओई ने अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे सीरीज के लिए हरी झंडी दे दी थी. हालांकि, अब पता चला है कि उनके पैर में हल्की चोट लग गई है और उन्हें रिकवरी में कुछ हफ्ते लगेंगे.'

सूत्र ने आगे कहा, 'इसका मतलब है कि वह अब वनडे सीरीज के लिए पूरी तरह से फिट नहीं हो पाएंगे और सीओई में अपने रिहैब पर ध्यान देंगे.' हार्दिक अगर इस सीरीज में टीम का हिस्सा नहीं होंगे, तो यह भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका हो सकता है. बल्लेबाजी के साथ-साथ हार्दिक गेंदबाजी भी करते हैं. हार्दिक 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए भारतीय टीम की योजनाओं का अहम हिस्सा हैं.

हार्दिक ने अपना आखिरी वनडे मुकाबला चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में खेला था. इसके बाद से उन्होंने कोई भी एकदिवसीय मुकाबला नहीं खेला है. हार्दिक का यह इंतजार और भी लंबा हो गया है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि हार्दिक इंग्लैंड के खिलाफ जुलाई में होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज तक फिट हो पाते हैं या नहीं. हार्दिक से पहले विराट कोहली भी हैमस्ट्रिंग की इंजरी के कारण एकदिवसीय सीरीज से बाहर हो चुके हैं. कोहली के स्थान पर यशस्वी जायसवाल को टीम में शामिल किया गया है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें