IND vs AFG: चोटिल विराट कोहली की जगर यशस्वी जायसवाल को मौका, रोहित और हार्दिक पांड्या को देना होगा फिटनेस टेस्ट

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:June 6, 2026 4:42 PM IST

IPL फाइनल में विराट कोहली को बैटिंग के दौरान हैम्स्ट्रिंग में खिंचाव हो गया था. वह तब परेशानी में दिख रहे थे और इसके बाद से ही उनके वनडे सीरीज से बाहर होने की अटकलें थीं.

अफगानिस्तान के खिलाफ अगले सप्ताह 13 जून से शुरू हो रही 3 मैचों की वनडे सीरीज से विराट कोहली बाहर हो गए हैं. कोहली को आईपीएल फाइनल के दौरान हैम्स्ट्रिंग में खिंचाव हुआ था. उनके बाहर होने की खबरें तभी से आने लगी थीं. इस बीच शनिवार को सिलेक्टर्स ने टीम का चयन किया तो टीम इंडिया में उनका नाम नहीं था. सिलेक्शन कमेटी ने इस सीनियर बल्लेबाज की जगह यशस्वी जायसवाल को मौका दिया है.

Advertising
Advertising

विराट कोहली को आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ नाबाद और मैच विजयी 75 रन की पारी खेली थी. पारी के दौरान कोहली फिटनेस की समस्या से जूझते दिखे थे. फाइनल के दौरान उनकी दाहिनी हैमस्ट्रिंग की चोट बढ़ गई. इसके बाद से ही वनडे सीरीज में उनके खेलने पर संदेह था. बता दें कि विराट अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अब सिर्फ वनडे खेलते हैं.

शनिवार को बीसीसीआई के मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अगरकर ने कहा, 'आईपीएल फाइनल में चोट लगने के बाद से एक सप्ताह से भी कम समय बीता है. अभी समय-सीमा का पता नहीं है. ऐसा लगता है कि वे इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैचों के लिए फिट हो सकते हैं. उनकी फिटनेस को लेकर फिजियो से कोई समय-सीमा नहीं मिली है.'

विराट कोहली की जगह भारतीय टीम में शामिल किए गए बाएं हाथ के बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने अपना आखिरी वनडे 6 दिसंबर, 2025 को विशाखापत्तनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था. इस मैच में जायसवाल ने 121 गेंदों पर नाबाद 116 रन की पारी खेली थी. यह वनडे फॉर्मेट का उनका पहला शतक था. यशस्वी 4 वनडे मैचों की 4 पारियों में 1 शतक की मदद से 171 रन बना चुके हैं.

वनडे सीरीज में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या का खेलना उनकी फिटनेस टेस्ट पर निर्भर करेगा. वनडे सीरीज से पहले दोनों को फिटनेस टेस्ट पास करना होगा. हार्दिक 2 जून से बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में रिहैब से गुजर रहे हैं. पीठ की चोट के कारण वे आईपीएल 2026 के कुछ मैचों से बाहर भी रहे थे.

रोहित शर्मा अगले दो-तीन दिनों में फिटनेस क्लीयरेंस के लिए सीओई में रिपोर्ट करेंगे. हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण रोहित को भी आईपीएल 2026 में कुछ मैचों से बाहर रहना पड़ा था. अगरकर ने कहा, 'हम चोटिल खिलाड़ियों के लिए सामान्य प्रक्रिया का पालन करते हैं. हम उनकी अंतिम फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं.' अफगानिस्तान के खिलाफ 3 वनडे 13, 17 और 20 जून खेले जाएंगे.

(एजेंसी: आईएएनएस)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें