IND vs AFG: रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को CoE से मिली हरी झंडी, अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेंगे वनडे सीरीज
रविवार से शुरू हो रही वनडे सीरीज में भारत के ओपनिंग बल्लेबाज रोहित शर्मा और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या खेलते दिखाई देंगे. दोनों खिलाड़ियों को फिटनेस टेस्ट पास करना था और उन्हें CoE से मंजूरी मिल गई.
रोहित शर्मा @BCCI/x
टीम इंडिया के स्टार ओपनिंग बल्लेबाज ओपनिंग बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज की शुरुआत से पहले अपनी-अपनी फिटनेस हासिल कर ली है. दोनों खिलाड़ियों को बोर्ड के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) की खेल विज्ञान टीम से खेलने की मंजूरी मिल गई है. भारत और अफगानिस्तान की टीमें रविवार (14 जून) से धर्मशाला में 3 मैचों की वनडे सीरीज का आगाज करेंगी.
पांड्या और रोहित चोटों के कारण मुंबई इंडियन्स के लिए आईपीएल के कई मैच नहीं खेल पाए थे. जहां पांड्या पीठ में ऐंठन की समस्या से जूझ रहे थे तो वहीं रोहित की पैर की मांसपेशियों में खिंचाव था. पंड्या दो जून से बेंगलुरु में सीओई में हैं.
बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, 'दो जून को सीओई में आने से पहले हार्दिक विदेश में छुट्टियां मना रहे थे. अगले पांच दिन में उन्होंने मैच जैसी कई स्थितियों में तैयारी की और 10 ओवर (पूरा कोटा) तक गेंदबाजी भी की.'
सूत्र ने कहा, 'उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और जानकारी के मुताबिक सीओई में स्ट्रेंथ और अनुकूलन कोच ने अलग-अलग पैमानों पर उनकी फिटनेस को मंजूरी दे दी है.' पूर्व कप्तान रोहित भी पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की जांच के लिए सीओई में थे और जांच के बाद उन्हें भी खेलने की स्वीकृति मिल गई है.
सोमवार को भारत के सहायक कोच सितांशु कोटक ने कहा था कि भले ही उनके पास पांड्या की फिटनेस के बारे में कोई ताजा जानकारी नहीं है लेकिन उन्हें लगता है कि यह ऑलराउंडर ठीक है.पांड्या भारत की सीमित ओवरों की टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं क्योंकि वह अपनी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को संतुलन देते हैं.
सबसे अच्छी बात यह है कि पंड्या ट्रेनिंग सत्र में 10 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं जिसका मतलब है कि वह 50 ओवर के क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार हैं. हालांकि यह साफ नहीं है कि पंड्या चंडीगढ़ में दूधिया रोशनी में होने वाले ट्रेनिंग सत्र के लिए टीम से जुड़ेंगे या सीधे धर्मशाला पहुंचेंगे जैसा कि पहले तय किया गया था.
स्टार बल्लेबाज विराट कोहली पैर की मांसपेशियों में खिंचाव के कारण पहले ही सीरीज से बाहर हो गए हैं. धर्मशाला के अलावा इस सीरीज के अन्य मैच लखनऊ और चेन्नई में क्रमशः 17 और 20 जून को होंगे.
(एजेंसी: भाषा)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें