गिल का गरजा बल्ला, राहुल ने भी दिखाया दम; पहले दिन 368 रन ठोक अफगानिस्तान को किया परेशान
IND vs AFG Test Day 1: टेस्ट के पहले दिन भारत ने 3 विकेट पर 368 रन बनाकर मजबूत पकड़ बना ली. कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शतक लगाया.
पहले दिन 368 रन बनाकर भारतीय टीम ने रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज करा लिया. (Photo from IANS)
पंजाब में मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया. टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने पूरे दिन अफगान गेंदबाजों को हावी होने का कोई मौका नहीं दिया. दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने 3 विकेट खोकर 368 रन बना लिए थे. यह स्कोर न सिर्फ टीम की मजबूत स्थिति को दर्शाता है, बल्कि भारत में खेले गए टेस्ट मैचों के पहले दिन का चौथा सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया. कप्तान शुभमन गिल ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए शतक जड़ा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
भारत के नाम दर्ज हुआ एक और खास रिकॉर्ड
पहले दिन 368 रन बनाकर भारतीय टीम ने रिकॉर्ड बुक में भी अपना नाम दर्ज करा लिया. भारत में टेस्ट मैच के पहले दिन सबसे बड़े स्कोर की लिस्ट में अब चौथे स्थान पर यह प्रदर्शन शामिल हो गया है. इस लिस्ट में तीन स्थान भी भारतीय टीम के ही नाम हैं. साल 2009 में श्रीलंका के खिलाफ भारत ने पहले दिन 417 रन बनाए थे. उसी वर्ष अहमदाबाद टेस्ट में टीम इंडिया ने पहले दिन 385 रन बनाए थे. वहीं 2017 में दिल्ली में श्रीलंका के खिलाफ भारत ने पहले दिन 371 रन का स्कोर खड़ा किया था. अब अफगानिस्तान के खिलाफ बनाया गया 368 रन का स्कोर इस सूची में चौथे नंबर पर पहुंच गया है.
शुभमन गिल ने कप्तान के तौर पर जमाया छठा शतक
भारतीय कप्तान शुभमन गिल (Shubhman Gill) ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया. उन्होंने 143 गेंदों में 12 चौकों की मदद से नाबाद 103 रन बनाए और कप्तान के रूप में अपना छठा टेस्ट शतक पूरा किया. इस उपलब्धि के साथ गिल भारत के उन चुनिंदा कप्तानों में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में कई शतक लगाए हैं. उनकी यह पारी टीम को बड़े स्कोर की ओर ले जाने में बेहद अहम साबित हुई और उन्होंने अंत तक क्रीज पर टिककर पारी को संभाले रखा.
कप्तानों की शतक लिस्ट में बढ़ी गिल की चमक
हालांकि, भारतीय टेस्ट कप्तान सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 20 शतक लगाए हैं. दूसरे स्थान पर सुनील गावस्कर हैं, जिनके नाम 11 शतक दर्ज हैं. मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कप्तान के रूप में 9 शतक बनाए, जबकि सचिन तेंदुलकर ने 7 बार यह उपलब्धि हासिल की. अब शुभमन गिल 6 शतकों के साथ इस सूची में पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं. जिस तरह से वह लगातार रन बना रहे हैं, उसे देखते हुए आने वाले समय में वह इस सूची में और ऊपर जा सकते हैं.
राहुल, सुदर्शन और पंत ने भी निभाई अहम भूमिका
भारत की बड़ी बढ़त में सिर्फ गिल ही नहीं, बल्कि अन्य बल्लेबाजों का भी अहम योगदान रहा. केएल राहुल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 100 रन बनाए, जबकि युवा बल्लेबाज साईं सुदर्शन ने 81 रन की उपयोगी पारी खेली. दिन का खेल समाप्त होने तक ऋषभ पंत 70 गेंदों में 50 रन बनाकर नाबाद थे. दूसरी ओर अफगानिस्तान के गेंदबाज भारतीय बल्लेबाजों पर ज्यादा दबाव नहीं बना सके. मोहम्मद सलीम ने दो विकेट हासिल किए, जबकि जियाउर रहमान को एक सफलता मिली. पहले दिन का खेल पूरी तरह भारत के नाम रहा और टीम दूसरे दिन बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आ रही है.
(इनपुट-एजेंसी के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें