IND vs AUS 3rd ODI: विराट कोहली का अर्धशतक बेकार, घर में 4 साल बाद वनडे सीरीज हारी टीम इंडिया
Ind Vs Aus 3rd ODI: वनडे सीरीज जीतने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम वनडे रैंकिंग में फिर से नंबर-1 टीम बन गई है. यही नहीं, ऑस्ट्रेलिया पिछली 27 सीरीज में भारत को उसी के घर में हराने वाली पहली टीम बन गई है.
Ind Vs Aus 3rd ODI: भारतीय क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बुधवार को खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे मुकाबले में 21 रन से हार का सामना करना पड़ा. चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में मिली हार के साथ ही भारतीय सीरीज भी 1-2 से गंवा बैठी. भारत की घर में वनडे में चार साल बाद यह पहली सीरीज हार है. वनडे सीरीज जीतने के साथ ही ऑस्ट्रेलियाई टीम वनडे रैंकिंग में फिर से नंबर-1 टीम बन गई है.
पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 10 विकेट खोकर 269 रनों का स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में भारतीय टीम 49.1 ओवरों में 248 रनों पर ढेर हो गई. इस तरह मेहमान टीम ने तीसरा वनडे जीतने के साथ ही सीरीज पर 2-1 से कब्जा कर लिया. भारत 4 साल बाद घर में कोई द्विपक्षीय सीरीज हारा है. यही नहीं, ऑस्ट्रेलिया पिछली 27 सीरीज में भारत को उसी के घर में हराने वाली पहली टीम बन गई है.
मैच में भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 54 रन की अर्धशतकीय पारी खेली. ऑस्ट्रेलिया के इस जीत का श्रेय पूरी तरह से उनके स्पिनरों को जाती है, जिन्होंने अहम समय पर भारत को महत्वपूर्ण झटके दिए. ऑस्ट्रेलिया ने पहला वनडे पांच विकेट से गंवाने के बाद वापसी करते हुए लगातार दो वनडे में जीत दर्ज की.
एडम जम्पा ने 10 ओवर में 45 रन देकर चार विकेट चटकाए. वहीं, एश्टन एगर को दो और मार्कस स्टोइनिस को एक सफलता मिली. मिचेल मार्श को प्लेयर ऑफ द सीरीज का ख़िताब दिया गया है. वहीं, एडम जम्पा को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया.
हार्दिक पंड्या के शानदार शुरूआती स्पैल और कुलदीप यादव की फिरकी ने आस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों पर लगाम कसी लेकिन उसके पुछल्ले बल्लेबाजों ने 49 ओवर में सिमटने से पहले 269 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में मदद की.
कप्तान रोहित शर्मा (30 रन) और शुभमन गिल (37 रन) ने मिचेल स्टार्क के खिलाफ सतर्क शुरुआत की. दोनों ने संभलकर खेलते हुए नौ ओवर में पहले विकेट के लिए 56 गेंद में 65 रन जोड़ लिए थे. पर अगले ही ओवर में सीन एबोट की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में रोहित डीप स्क्वायर लेग में स्टार्क को कैच दे बैठे.
कोहली क्रीज पर थे, पर कुछ ही देर में जम्पा ने गिल को पगबाधा आउट कर दिया जिसे अंपायर ने नकार दिया. पर आस्ट्रेलिया ने रिव्यू लिया जिसमें वह आउट हो गये। इससे दोनों सलामी बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे.
अब जिम्मेदारी कोहली और लोकेश राहुल (32 रन, दो चौके, एक छक्का) के कंधों पर थी। कोहली ने 18वें ओवर में एगर पर मिडविकेट के ऊपर से एक चौका और फिर एक गेंद बाद लांग ऑफ पर छक्का जड़ा. दोनों बल्लेबाज ज्यादा आक्रामकता नहीं दिखा रहे थे, दोनों एक दो रन लेकर पारी आगे बढ़ा रहे थे। राहुल ने जम्पा पर अंपायर के सिर के ऊपर से चौका जड़ा जिससे यह अर्धशतकीय साझेदारी पूरी हुई.
अगले 27वें ओवर में राहुल ने थोड़ा हावी होने की कोशिश में स्टार्क पर गगनचुंबी छक्का जड़ा और एक चौका लगाया. इससे पहले कि वह अपनी इस आक्रामकता को जारी रख पाते जम्पा ने अगले ओवर में उनका विकेट झटका लिया. राहुल बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में एबोट को कैच देकर आउट हुए. इस तरह 93 गेंद में 69 रन की साझेदारी टूट गई. अक्षर पटेल चार गेंद ही खेल पाये थे कि गफलत में रन आउट हो गए.
कोहली ने फिर 31वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर 61 गेंद में दो चौके और एक छक्के से अपना 65वां अर्धशतक पूरा किया। हालांकि फिर ज्यादा रन नहीं जोड़ सके. पंड्या (40 रन) ने एबोट पर छक्का जड़कर दबाव कम करने का प्रयास किया और फिर बीच बीच में बाउंड्री लगाकर कोहली के साथ 34 रन की भागीदारी बना चुके थे। 35 ओवर में भारत का स्कोर चार विकेट पर 185 रन था.
पर एशटन एगर ने 36वें ओवर में पहले कोहली को और फिर अगली ही गेंद को सूर्यकुमार यादव को शून्य पर बोल्ड किया. सूर्यकुमार लगातार तीसरे मैच में खाता खोले बिना पवेलियन लौटे. इससे स्कोर छह विकेट पर 185 रन हो गया.
रविंद्र जडेजा (18 रन) जम्पा का चौथा शिकार बने. फिर भारत के पुछल्ले बल्लेबाजों से कोई उम्मीद नहीं बची थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें