IND vs AUS 3rd T20I: वॉशिंगटन की 'सुंदर' पारी से भारत ने होबार्ट में रचा इतिहास, बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड
IND vs AUS 3rd T20I: तीसरे टी20 मैच में जीत के साथ ही भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली है. सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.
Washington Sundar (X)
होबार्ट: अर्शदीप सिंह की उम्दा गेंदबाजी के बाद वॉशिंगटन सुंदर की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर भारत ने रविवार को तीसरे टी20 इंटरनेशनल क्रिकट मैच में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ही पांच मैचों की टी20 सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली है. सीरीज का पहला मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.
होबार्ट के बेलेरिव ओवल मैदान पर भारत का यह अब तक का पहला टी20 इंटरनेशनल मुकाबला था और उसने इस मैदान पर हाईएस्ट रन चेज का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. ऑस्ट्रेलिया की इस मैदान पर छह T20I मैचों में यह पहली हार है.
ऑस्ट्रेलिया के 187 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने वाशिंगटन की 23 गेंद में चार छक्कों और तीन चौकों से नाबाद 49 रन की पारी और जितेश शर्मा (13 गेंद में नाबाद 22) के साथ उनकी छठे विकेट की 25 गेंद में 43 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत 18.3 ओवर में पांच विकेट पर 188 रन बनाकर जीत दर्ज की.
तिलक वर्मा (29), अभिषेक शर्मा (25) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (24) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं. वाशिंगटन को इस मैच में गेंदबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन उन्होंने बल्ले से एकादश में अपने चयन को सही साबित किया.
ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस ने 36 रन देकर तीन विकेट चटकाए लेकिन अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाए.
Shreyas Iyer Injury Update: श्रेयस अय्यर को अस्पताल से मिली छुट्टी, BCCI ने जारी तीसरा मेडिकल अपडेट
अर्शदीप (35 रन पर तीन विकेट) और वरुण चक्रवर्ती (33 रन पर दो विकेट) ने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया का स्कोर चार विकेट पर 74 रन कर दिया था लेकिन टिम डेविड (74) और माकर्स स्टोइनिस (64) ने ताबड़तोड़ अर्धशतक जड़कर मेजबान टीम का स्कोर छह विकेट पर 186 रन तक पहुंचाया। डेविड ने 38 गेंद का सामना करते हुए पांच छक्के और आठ चौके मारे जबकि स्टोइनिस ने 39 गेंद की पारी में दो छक्के और आठ चौके जड़े.
लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने पावर प्ले में 64 रन जोड़े लेकिन फॉर्म में चल रहे अभिषेक और शुभमन गिल (15) के विकेट गंवा दिए. अभिषेक ने बार्टलेट पर छक्के से खाता खोला और फिर सीन एबट की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का मारा। वह हालांकि एलिस की गेंद को हवा में लहराकर विकेटकीपर जोश इंग्लिस को कैच दे बैठेय .
कप्तान सूर्यकुमार यादव (24) ने आते ही एलिस और एबट पर छक्के मारे लेकिन एलिस ने गिल को पगबाधा कर दिया. सूर्यकुमार भी स्टोइनिस की गेंद पर एक्सट्रा कवर पर एलिस को आसान कैच दे बैठे. तिलक और अक्षर पटेल ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने 10वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया.
एलिस की गेंद पर बार्टलेट ने अक्षर का शानदार कैच लपककर भारत को चौथा झटका दिया. वॉशिंगटन ने इसके बाद मोर्चा संभाला. उन्होंने एलिस पर छक्के के साथ शुरुआत की और फिर एबट की लगातार गेंदों पर चौका और दो छक्के मारे. तिलक ने बार्टलेट की गेंद को विकेट के पीछे खेलने की कोशिश में इंग्लिस को आसान कैच थमाया जिससे भारत का स्कोर पांच विकेट पर 145 रन हो गया.
भारत को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 35 रन की दरकार थी और वाशिंगटन ने जितेश के साथ मिलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया. जितेश ने बार्टलेट और एलिस पर चौके मारे जबकि वाशिंगटन ने मैथ्यू कुहनेमन की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया. जितेश ने इसके बाद एबट पर चौके के साथ भारत की जीत सुनिश्चित की.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें