वर्ल्ड कप में काफी प्रैक्टिस की थी, जिसका असर यहां बैटिंग पर दिखा: Ishan Kishan

मैं जब वर्ल्ड कप में मैच नहीं खेल रहा था तो भी यही प्लान कर रहा था कि कैसे मैच को अंत तक लेकर जाया जाए और इसके लिए हमेशा कोच से बात कर रहा था.

Published date india.com Published: November 24, 2023 1:26 PM IST
Ishan Kishan vs AUS
ईशान किशन @BCCITwitter

विशाखापत्तनम. वनडे वर्ल्ड कप (ODI World Cup 2023) के दौरान ईशान किशन (Ishan Kishan) को भले ही शुरुआती मुकाबलों के बाद खेलने का मौका नहीं मिला हो लेकिन उन्हें विशेषज्ञ कोच के मार्गदर्शन में अपने खेल पर खूब काम किया. उन्होंने नेट पर बल्लेबाजी का कड़ा अभ्यास किया और इस दौरान कल्पना की कि मैच की परिस्थितियों में कुछ गेंदबाजों को कैसे खेलना है.

गुरुवार को यहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान 25 वर्षीय किशन को अपनी मेहनत का फल मिला. उन्होंने लेग स्पिनर तनवीर संघा को निशाना बनाते हुए उनकी 10 गेंद पर 30 रन बनाए.

किशन ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘वर्ल्ड कप के दौरान जब मैं नहीं खेल रहा था तो मैंने हर अभ्यास सत्र से पहले खुद से पूछा कि अब मेरे लिए क्या महत्वपूर्ण है. मैं क्या कर सकता हूं. मैंने नेट पर बहुत अभ्यास किया. मैं कोच से लगातार खेल के बारे में बात कर रहा था, मैच को अंत तक कैसे ले जाएं, कुछ खास गेंदबाजों को कैसे निशाना बनाया जाए.’

उन्होंने कहा, ‘लेग स्पिनर के खिलाफ बाएं हाथ का बल्लेबाज होने के नाते मैं अच्छी स्थिति में था. मुझे पता था कि विकेट कैसा है क्योंकि मैंने 20 ओवर तक विकेटकीपिंग की थी. जब आप 209 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहे होते हैं तो आपको एक गेंदबाज को निशाना बनाना होता है, जिसके खिलाफ आप बड़े शॉट खेल सकते हैं. मेरी सूर्या भाई (कप्तान सूर्यकुमार यादव) से बात हुई थी कि मैं इस खिलाड़ी (संघा) के खिलाफ बड़े शॉट खेलूंगा. फिर वह चाहे जहां भी गेंदबाजी करे क्योंकि हमें रन और गेंद के बीच के अंतर को कम करना है.’

किशन ने कहा, ‘आप पुछल्ले बल्लेबाजों के लिए ज्यादा रन नहीं छोड़ सकते. उनके लिए सीधे आकर बड़े शॉट खेलना आसान नहीं होगा. मुझे जोखिम लेना था और मुझे खुद पर भरोसा था.’

किशन के 39 गेंद में 58 रन और सूर्यकुमार यादव के 42 गेंद में 80 रन की बदौलत भारत ने 209 रन के लक्ष्य को एक गेंद शेष रहते हासिल कर लिया और पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

लक्ष्य का पीछा करते हुए दो विकेट जल्दी गंवाने पर किशन ने कहा, ‘हमने दो विकेट जल्दी खो दिए और साझेदारी बहुत महत्वपूर्ण थी. मैंने आईपीएल में भी सूर्या भाई के साथ एक ही टीम में खेला था इसलिए मुझे पता है कि वह कैसे खेलते हैं, कौन से शॉट खेल सकते हैं… मुझे लगता है कि आज मैदान पर संवाद बहुत अच्छा था. हम एक दूसरे से बात कर रहे थे कि हमें किस गेंदबाज को निशाने पर लेना है, हमें स्ट्राइक रोटेट करते रहना है.’

(एजेंसी: भाषा)

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.