WTC Final में अपना दावा मजबूत करने के इरादे से बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगा भारत

चट्टोग्राम टेस्ट में जब टीम इंडिया मैदान पर उतरेगी तो उसकी निगाहे अगले साल होने वाली ICC टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल पर भी होंगी, जहां के लिए वह अभी भी क्वॉलीफाई कर सकती है.

Published date india.com Published: December 13, 2022 5:01 PM IST
email india.com By PTI email india.com | Edited by Arun Kumar email india.com twitter india.com
WTC Final में अपना दावा मजबूत करने के इरादे से बांग्लादेश के खिलाफ उतरेगा भारत
भारत vs बांग्लादेश पहला टेस्ट @चट्टोग्राम

लोकेश राहुल (KL Rahul) की नेतृत्व क्षमता और बल्लेबाजी की बुधवार से यहां बांग्लादेश के खिलाफ शुरू हो रही दो टेस्ट की सीरीज में परीक्षा होगी, जबकि इस सीरीज का नतीजा भारत के विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल के लिए क्वॉलीफाई करने की संभावना मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा. भारत इस सीरीज में अपने कई अहम खिलाड़ियों बिना उतरेगा जो चोटिल हैं.

भारत अभी डब्ल्यूटीसी तालिका में ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका और श्रीलंका के बाद चौथे स्थान पर चल रहा है. टीम को अगर जून में होने वाले फाइनल के लिए क्वॉलीफाई करना है तो उसे बांग्लादेश के खिलाफ दोनों और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चारों टेस्ट जीतने होंगे.

भारत अपने सफर की शुरुआत जहूर अहमद स्टेडियम में करेगा जहां की पिच पारंपरिक रूप से बल्लेबाजी की अनुकूल रहती है, जबकि मैच के अंतिम दिनों को स्पिन गेंदबाजों को मदद भी मिलती है.

भारत टेस्ट प्रारूप में प्रबल दावेदार के रूप में शुरुआत करेगा लेकिन रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और रविंद्र जडेजा की गैरमौजूदगी को टीम को नुकसान हो सकता है. बांग्लादेश इस प्रारूप में अब तक भारत को नहीं हरा पाया है.

इस तरह की विकेटों पर जडेजा की गैरमौजूदगी से भारत बैकफुट पर होगा विशेषकर तब जब विरोधी टीम तीसरी या चौथी पारी में बल्लेबाजी करेगी. जडेजा-अश्विन की जोड़ी उपमहाद्वीप की पिच पर कम अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों पर कहर बरपा सकती थी लेकिन पिछले बाएं हाथ के स्पिनर के रूप में दूसरी पसंद होने के बावजूद अक्षर ने पिछले दो सत्र में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है.

अगर फिट रहते हैं तो भारत की अंतिम एकादश में 10 खिलाड़ियों का चयन लगभग तय है. भारतीय थिंक टैंक में शामिल दो राहुल- कप्तान लोकेश और मुख्य कोच द्रविड़ को सबसे महत्वपूर्ण फैसला यह करना है कि टीम तीन तेज गेंदबाजों के सात उतरेगी या तीसरे स्पिनर को तरजीह देगी.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

यह देखना होगा कि अगर भारत तीन स्पिनर के साथ उतरता है तो कलाई के स्पिनर कुलदीप यादव को मौका मिलेगा या फिर बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार पदार्पण करने में सफल रहेंगे. बांग्लादेश ए के खिलाफ हाल में संपन्न दो अनौपचारिक टेस्ट की श्रृंखला में सौरभ ने भारत ए के लिए 15 विकेट चटकाए थे.

पिछले एक साल में राहुल अपनी कप्तानी से प्रभावित करने में काफी सफल नहीं रहे हैं और उनकी भविष्य की कप्तानी इस श्रृंखला में प्रदर्शन पर काफी हद तक निर्भर करेगी. सोमवार को बांग्लादेश के अपने समकक्ष शाकिब अल हसन के साथ ट्रॉफी अनावरण के दौरान राहुल ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी टीम आक्रामक क्रिकेट खेलने की योजना बना रही है क्योंकि उन्हें पता है कि लगातार दूसरी बार डब्ल्यूटीसी फाइनल में जगह बनाने के लिए यह जरूरी है.

पिछले कुछ समय में सीमित ओवरों के प्रारूप में राहुल के प्रदर्शन में गिरावट आई है और उन्हें बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन करने की जरूरत है. शुभमन गिल और राहुल पारी का आगाज करेंगे जबकि मध्यक्रम में चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली और श्रेयस अय्यर खेलते हुए नजर आएंगे. ऋषभ पंत एक बार फिर विकेटकीपर की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे क्योंकि इस प्रारूप में उनके आंकड़े काफी प्रभावी हैं.

तेज गेंदबाजी में उमेश यादव और मोहम्मद सिराज पर दारोमदार होगा. अगर तीसरे स्पिनर पर तीसरे तेज गेंदबाज को तरजीह मिलती है जो बेहद सफल घरेलू गेंदबाज जयदेव उनादकट और नवदीप सैनी में से एक खेलता हुआ नजर आएगा. जहां तक बांग्लादेश का सवाल है तो टीम पिछले 22 साल से भारत के खिलाफ जीत के इंतजार को खत्म करना चाहेगी.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.