IND vs ENG: 7 महीनों बाद हार्दिक पांड्या ने ठोकी फिफ्टी, टीम इंडिया को मुश्किलों से उबारा

ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने लंबे समय बाद हाफ सेंचुरी जड़ी है. भारत यहां मुश्किलों में था और पांड्या की पारी से उसे संजीवनी मिल गई.

Published date india.com Published: January 31, 2025 8:51 PM IST
Hardik Pandya Pune
हार्दिक पांड्या @BCCI

पुणे. टीम इ़ंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) ने एक बार फिर टी20 क्रिकेट में अपने बल्ले की धाक दिखाई है. इंग्लैंड के खिलाफ जारी 5 मैचों की टी20 सीरीज के चौथे मैच में भारत मुश्किलों में फंस गया था, जिससे नंबर 7 पर उतरे पांड्या ने अपने ताबड़तोड़ हाथ दिखाते हुए मुश्किलों से निकाल दिया. पांड्या ने यहां 27 गेंदों में हाफ सेंचुरी जमा दी. उन्होंने 30 गेंदों की अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के जमाकर बैकफुट पर खड़े भारत को मजबूत स्थिति में लगा दिया. यहां पांड्या को शिवम दुबे का भी बेहतरीन साथ मिला, जिन्होंने भी अपनी फिफ्टी जमाई.

बता दें इस हरफनमौला बल्लेबाज ने 7 महीनों के बाद कोई इंटरनेशनल हाफ सेंचुरी जमाई है. पांड्या भारतीय टीम के लिए सिर्फ सीमित ओवरों की क्रिकेट ही खेलते हैं और वह वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बाद से भारत के लिए अब तक कोई वनडे मैच नहीं खेले हैं. 31 वर्षीय पांड्या ने आखिरी बार बांग्लादेश के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2024 में अपने बल्ले से फिफ्टी जमाई थी.

इन दोनों पारियों में एक समानता यह रही कि उन्होंने जून 2024 में जब हाफ सेंचुरी ठोकी थी, तब भी उन्होंने यह पचासा 27 बॉल में पूरा किया था और आज भी इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने पारी की 27वीं गेंद पर अपना पचासा जमाया. इससे पहले हार्दिक ने आखिरी बार वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 में बांग्लादेश के खिलाफ नॉर्थ साउंड मैदान पर वह पचासा जमाया था.

फिफ्टी जमाने के बाद पांड्या तेजी के साथ कुछ और रन जुटाना चाहते थे लेकिन वह पारी की 30वीं गेंद पर जोस बटलर को कैच दे बैठे. हालांकि तब तक वह भारत को 160 का आंकड़ा पार करा चुके थे. उनके आउट होने के बाद शिवम दुबे ने फिफ्टी जमाई और वह पारी की आखिरी गेंद पर 53 रन बनाकर रन आउट हुए. भारत ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 181 रन स्कोर बोर्ड पर टांग दिए थे. पारी के आखिरी ओवर में भारतीय टीम सिर्फ 3 रन ही बना पाई.

अगर भारत के पास कोई बल्लेबाज मौजूद होता तो टीम यहां 190 का आंकड़ा आसानी से पार कर सकती थी. लेकिन अक्षर पटेल का विकेट गंवाने के बाद एक छोर पर कोई विशुद्ध बल्लेबाज नहीं बचा.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.