IND vs NZ: ईशान किशन के धमाके और अर्शदीप सिंह का पंजे से न्यूजीलैंड चूर, भारत ने 46 रन से हराकर 4-1 से जीती सीरीज
IND vs NZ T20i Series Match Report: 5वें और आखिरी टी20I में भारत ने न्यूजीलैंड के सामने 272 रनों का लक्ष्य रखा था. इसके जवाब में कीवी टीम 19.4 ओवर में 225 रन ही बना पाई.
अर्शदीप सिंह @BCCI
IND vs NZ T20i Series Match Report: T20 वर्ल्ड कप से पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज में भारत ने 4-1 से जीत अपने नाम कर ली है. सीरीज के 5वें और आखिरी मैच में भारत ने ईशान किशन (103) के तूफानी शतक और सूर्यकुमार यादव (63) की फिफ्टी की बदौलत कीवी टीम कीवी टीम को 46 रन से मात देकर सीरीज अपने नाम की. इस दौरान ईशान किशन ने यहां अपने टी20I करियर का पहला शतक जड़ा तो वहीं अर्शदीप सिंह ने भी अपने टी20I करियर का पहला 5 विकेट हॉल अपने नाम किया. कीवी टीम की ओर से फिन एलन (80) के अलावा दूसरा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया.
अर्शदीप सिंह (5/51) के अलावा अक्षर पटेल (3/33) और वरुण चक्रवर्ती (1/36) और रिंकू सिंह (1/7) ने भी अपना रोल निभाया. अब भारतीय टीम 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में आयोजित होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में दिखेगा. वह इस बार इस टूर्नामेंट में अपना खिताब बचाने की दावेदार है. इस सीरीज में सर्वाधिक (242) रन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार को प्लेयर ऑफ द सीरीज, जबकि यहां शतक जड़ने वाले ईशान को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.
शनिवार को तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था. भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही, जब संज सैमसन (6) लॉकी फर्ग्यूसन की गेंद पर खराब शॉट खेलकर आउट हो गए. दूसरे छोर से अभिषेक शर्मा (30) को भी फर्ग्यूसन ने बोल्ड कर दिया. 2 विकेट गंवाने के बाद स्कोरबोर्ड पर भारत का स्कोर 48 रन ही था.
इसके बाद नंबर 3 पर उतरे ईशान किशन (103) और कप्तान सूर्यकुमार यादव (63) ने पारी को संभालते हुए तेजी से रन जुटाए. दोनों बल्लेबाजों ने यहां 9.3 ओवर में 137 रनों की साझेदारी की. 15वें ओवर में जब भारत का स्कोर 185 था, तब सूर्यकुमार यादव सेंटनर की गेंद पर स्टंप आउट हो गए. उन्होंने 30 गेंद की अपनी पारी में 4 चौके और 6 छक्के जमाए.
इसके बाद किशन ने हार्दिक पांड्या (42) के साथ चौथे विकेट के लिए 48 रन जोड़े. किशन ने यहां 42 बॉल में अपना शतक बनाया. अगली ही गेंद पर जेकब डफी की गेंद पर वह ग्लेन फिलिप्स को कैच देकर आउट हो गए. ईशान ने इस दौरान अपने टी20 करियर के 6000 रन भी पूरे किए. ईशान के बाद हार्दिक पांड्या ने रनों की रफ्तार को बनाए रखा और उन्होंने सिर्फ 17 बॉल में 1 चौके और 4 छक्कों की मदद से 42 रन बनाए. अंत में रिंकू सिंह (8*) और शिवम दुबे (7*) ने भारत का स्कोर 20 ओवर में 5 विकेट पर 271 तक पहुंचा दिया.
272 रनों की विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. टिम सेफर्ट (5) सस्ते में आउट हुए. हालाकि उनके साथ आए फिन एलन ने तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी निभाई. फिन की बदौलत कीवी टीम ने पावरप्ले में ही 79 रन बनाए. फिन ने इस दौरान सिर्फ 22 बॉल में ही फिफ्टी जमा दी. 8 ओवर में कीवी टीम ने यहां 100 रन स्कोर बोर्ड पर टांग दिए थे और वह लक्ष्य का बखूबी पीछा करती दिख रही थी.
9वें ओवर में अक्षर पटेल ने फिन एलन (80) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा. इसके बाद सीरीज में अब तक हर मैच में रन बना रहे ग्लेन फिलिप्स (7) यहां फ्लॉप हो गए. वह अक्षर का दूसरा शिकार बने. रचिन रवींद्र (30) को अर्शदीप सिंह ने मैच में अपना दूसरा शिकार बनाया. इससे पहले अर्शदीप को 2 ओवर में 40 रन पड़ चुके थे. लेकिन अपने दूसरे स्पेल में उन्होंने बेहतरीन वापसी की.
रचिन के आउट होने के बाद कीवी टीम दबाव में घिरती चली गई. वह लगातार अंतराल पर विकेट गंवाती रही और एक छोर पर खड़े डैरेल मिचेल (26) को किसी का साथ नहीं मिला. अंत में ईश सोढ़ी ने 15 बॉल में 33 रन जरूर बनाए लेकिन कीवी टीम पहाड़ से लक्ष्य का पीछा करने में 46 रनों से चूक गई.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें