IND vs NZ: डैरेल मिचेल के दमदार शतक से न्यूजीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराया, रविवार को सीरीज का फैसला
दूसरे वनडे में भारत में मेहमान कीवी टीम को 285 रनों का टारगेट रखा था.न्यूजीलैंड ने डैरेल मिचेल के नाबाद शतक के दम पर इसे 7 विकेट से हासिल कर लिया.
विल यंग और डैरेल मिचेल @BLACKCAPS/x
IND vs NZ 2nd ODI at Rajkot Match Report: डैरेल मिचेल के दमदार शतक की बदौलत न्यूजीलैंड ने भारत को राजकोट वनडे में 7 विकेट से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली है. अब सीरीज का फैसला रविवार को इंदौर में होने वाले तीसरे और आखिरी मैच से होगा. इस मैच में पहले बैटिंग का न्योता मिलने के बाद भारत ने केएल राहुल (112*) के शतक की बदौल 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 284 रन बनाए थे. इसके जवाब में कीवी टीम ने यह लक्ष्य 47.3 ओवर में ही अपने नाम कर लिया. मिचेल के अलावा यहां विल यंग ने 87 रनों की उम्दा पारी खेली. कीवी टीम की भारत में भारत के खिलाफ 8 साल बाद वनडे फॉर्मेट में कोई जीत है.
डैरेल मिचेल के शतक से जीत
यहां शतक जमाने वाले मिचेल ने अपनी नाबाद शतकीय पारी में 10 चौके और 2 छक्के जमाए. इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इससे पहले पहले वनडे मैच में भी उन्होंने 84 रनों की उम्दा पारी खेली थी. 285 रनों का पीछा करने उतरी कीवी टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और हर्षित राणा ने डेवॉन कॉन्वे (16) को बोल्ड कर दिया. हेनरी निकोल्स (10) भी कुछ खास नहीं कर पाए और वह प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर बोल्ड हुए.
मिचेल और विल यंग ने मिलकर जोड़े 162 रन
इसके बाद विल यंग और डैरेल मिचेल ने कीवी टीम की जरूरत के मुताबिक संयम और टाइमिंग से खेल को आगे बढ़ाया. इस बीच वे भाग्यशाली भी रहे कि कुछ मौकों पर उनके शॉट्स जो हवा में गए वह फील्डरों से दूर ही गिरे. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 162 रन जोड़कर मैच पर कीवी टीम का दबदबा बना दिया.
कुलदीप यादव ने लुटाए 82 रन
पारी के 38वें ओवर में कुलदीप यादव ने विल यंग को नीतीश रेड्डी के हाथों आउट कर तीसरा झटका तो दिया लेकिन मैच भारत के हाथ से तब तक फिसल चुका था. कुलदीप यहां सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए जिन्होंने 10 ओवर में 82 रन लुटाए और उन्हें यंग का एकमात्र विकेट हासिल हुआ. इस मैच में मोहम्मद सिराज (0/41) और रवींद्र जडेजा (0/44) को कोई विकेट नहीं मिला.
रोहित गिल ने भारत को दी थी ठोस शुरुआत
इससे पहले भारत को कीवी टीम ने यहां टॉस जीतकर पहले बैटिंग का न्योता दिया था. रोहित शर्मा (26) और कप्तान शुभमन गिल (56) की जोड़ी ने भारत को शानदार शुरुआत दिलाई थी. दोनों ने 70 रनों की ओपनिंग साझेदारी की. यहां रोहित एक बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए.
गिल के आउट होते ही लड़खड़ाया भारत
विराट कोहली के साथ मिलकर गिल ने अभी 29 रन ही जोड़े थे. लेकिन यहां अच्छे टच में दिख रहे गिल काइल जेमीसन का शिकार बने. डैरेल मिचेल ने उनका आसान सा कैच लपका. इसके बाद श्रेयस अय्यर (8) भी रनों की गति बढ़ाने के प्रयास में माइकल ब्रेसवेल को अपना कैच थमा बैठे. अय्यर 17 बॉल की इस पारी में कोई चौका या छक्का नहीं जमा पाए. पिछले मैच में 93 रन बनाने वाले कोहली भी यहां 23 रन बनाकर क्रिस्टन क्लार्क की गेंद पर बोल्ड हो गए. यह भारत को चौथा झटका था, जबकि स्कोरबोर्ड पर अभी 118 रन ही थे.
उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे जडेजा और रेड्डी
इसके बाद नंबर 5 पर आए केएल राहुल (112*) ने रवींद्र जडेजा (27) का साथ मिलकर 73 रनों की साझेदारी की. लेकिन जब तेजी से रन बनाने का मौका आया तो जडेजा माइकल ब्रेसवेल को उनकी ही गेंद पर आसान सा कैच थमाकर आउट हो गए. 44 बॉल की इस पारी में जडेजा ने सिर्फ 1 ही चौका मारा. नीतीश कुमार रेड्डी भी यहां 21 बॉल पर 20 रन बनाकर जैकरी फॉल्क्स का शिकार बने.
काम नहीं आई केएल राहुल की शतकीय पारी
हर्षित राणा (2) भी आज कुछ खास नहीं कर पाए. इस बीच केएल राहुल ने अंत तक एक छोर को संभाले रखा और उन्होंने अपना शतक पूरा किया. राहुल ने 92 बॉल पर 11 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 1 छक्के जमाए.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें