IND vs NZ: हार्दिक पांड्या और केन विलियमसन ने मिलकर चलाई मगरमच्छ साइकल
टी20 वर्ल्ड कप के बाद टीम इंडिया हार्दिक पांड्या की कप्तानी में न्यूजीलैंड दौरे पर पहुंची है. यहां शुक्रवार से वह तीन टी20 मैचों की सीरीज का आगाज करेगी.
केन विलियमसन और हार्दिक पांड्या @BLACKCAPS Twitter
टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में निराशाजनक हार के बाद भारतीय टीम अपने नए पड़ाव के लिए न्यूजीलैंड पहुंच गई है और यहां क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में वह नई शुरुआत करती दिखेगी. टीम इंडिया को न्यूजीलैंड दौरे पर 3-3 मैचों की टी20 और वनडे सीरीज खेलनी है.
क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट के लिए बीसीसीआई ने हार्दिक पांड्या को कप्तान चुना है, जबकि वनडे फॉर्मेट में एक बार फिर शिखर धवन टीम की कमान संभालते नजर आएंगे. इस दौरे की शुरुआत से पहले हार्दिक ने कीवी कप्तान केन विलियमसन के साथ वेलिंग्टन में क्रोकोडाइल बाइक की राइड का लुत्फ उठाया.
न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर हार्दिक और विलियमसन की बाइक राइड का यह वीडियो पोस्ट किया है. क्रोकोडाइल बाइक एक खास तरह की बाइक है. यह एक तरह की टू-सीटर साइकल है, जिसके दोनों ओर पेडल लगे हुए हैं और दोनों सवार लोग पैडलिंग कर इसे आगे बढ़ाते हैं. विलियमसन और हार्दिक भी यही करते हुए एक-दूसरे से बात कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, 'टी20 वर्ल्ड कप की निराशा है. लेकिन हम पेशेवर खिलाड़ी हैं और हमें इससे निपटने की जरूरत है. जिस ढंग से हम अपनी कामयाबी का सामना करते हैं और आगे बढ़ते हैं उसी तरह से हमें यहां भी आगे बढ़ना है. हमने जो गलतियां की हैं उसमें सुधार करना है और आगे बढ़ने है.'
बता दें इस सीरीज के लिए सीनियर भारतीय खिलाड़ियों को आराम दिया गया है. नियमित कप्तान रोहित शर्मा, केएल राहुल, विराट कोहली, दिनेश कार्तिक, मोहम्मद शमी जैसे खिलाड़ी इस दौरे का हिस्सा नहीं है. वर्ल्ड कप में भारत की हार के बाद कई जानकार हार्दिक पांड्या को इस फॉर्मेट का नया कप्तान बनाने पर जोर दे रहे हैं और 2024 वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले इस कड़ी में हार्दिक की यह पहली परीक्षा है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें