Ind Vs Nz Washington Sundar Ruled Out Of Odi Series Against New Zealand Dut To Injury
IND vs NZ- T20 वर्ल्ड कप से पहले भारत को एक और झटका, वॉशिंग्टन सुंदर चोटिल होकर वनडे सीरीज से बाहर
न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को वडोदरा में खेलने उतरे सुंदर को साइड स्ट्रेन में खिंचाव हो गया. इस चोट के चलते वह बल्लेबाजी के दौरान दौड़ भी नहीं पा रहे थे. वह अब बाकी बची वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं.
T20 वर्ल्ड कप की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है भारतीय टीम की चुनौतियां भी बढ़ती दिख रही हैं. उसके खिलाड़ी बड़े टूर्नामेंट से पहले चोटिल होने लगे हैं. विजय हजारे ट्रॉफी में तिलक वर्मा को कोई गंभीर तकलीफ हुई तो उन्हें सर्जरी करानी पड़ी. इसके बाद वडोदरा वनडे से पहले ऋषभ पंत चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो गए और अब ऑलराउंडर वॉशिंग्टन सुंदर मैच के दौरान चोटिल होकर बाहर हो गए.
सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ फील्डिंग करते हुए साइड स्ट्रेन में खिंचाव हो गया था, जिसके चलते उन चल पाना भी मुश्किल हो गया. अब वह मौजूदा वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं. भारत के लिए यह चिंता की बात इसलिए भी है क्योंकि तिलक वर्मा और सुंदर को चयनकर्ताओं ने टी20 वर्ल्ड कप टीम का हिस्सा बनाया है और अगर ये दोनों खिलाड़ी इस नामी टूर्नामेंट तक फिट नहीं होते तो भारत की योजनाओं को झटका लगेगा.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत ने मेहमान टीम को 4 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त अपने नाम कर ली है. सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 जनवरी (बुधवार) को राजकोट में खेला जाएगा. सुंदर अब बाकी 2 वनडे मैचों के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. रविवार को खेले गए इस मैच में इस ऑलराउंडर ने 5 ओवर की फेंके थे कि इस दौरान वह साइड स्ट्रेन का शिकार हो गए. सुंदर ने तुरंत मैदान छोड़ दिया और उनकी जगह ध्रुव जुरेल फील्डिंग के लिए मैदान पर आ गए.
सुंदर इस मैच में बैटिंग करने की हालत में भी नहीं थे, लेकिन जब भारत ने हर्षित राणा के रूप में अपना छठा विकेट भी गंवा दिया तो इस ऑलराउंडर को मैदान पर उतरना ही पड़ा. वह ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे लेकिन उन्होंने अपने दर्द पर काबू रखते हुए नाबाद 7 रन बनाए और दूसरे छोर पर खड़े केएल राहुल (29*) का साथ निभाते हुए भारत को जीत दिलाई.
इससे पहले इस वनडे की शुरुआत से पहले ऋषभ पंत को भी साइड स्ट्रेन में ऐसा ही खिंचाव हुआ था, और वह भी वनडे सीरीज से बाहर हो गए. सुंदर का वनडे सीरीज से बाहर होना अब तय दिख रहा है. लेकिन BCCI की ओर से अभी तक इस पर कोई जानकारी नहीं दी गई है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.