IND vs PAK: पाकिस्तान को पीटकर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया, इस पिच पर प्रतिद्वंद्वी से कहां हुई गलती

भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा कि इस पिच पर पहले बैटिंग करना ही बेहतर विकल्प था, जब हमने बोर्ड पर 175 रन लगा दिए तो समझ आ गया था कि हमने 15-20 अतिरिक्त जोड़ लिए हैं.

Published date india.com Updated: February 16, 2026 11:44 AM IST
Suryakumar Yadav IND vs Pakistan
सूर्यकुमार यादव (दाएं) वरुण चक्रवर्ती के साथ @BCCI

भारत ने पाकिस्तान को 61 रनों से रौंदकर टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली है. भारत की इस दमदार जीत में ईशान किशन (77) की बेहतरीन फिफ्टी के बाद गेंदबाजों का मिलकर किया गया प्रदर्शन निर्णायक साबित हुआ. भारत की ओर से हार्दिक पांड्या 2/16, जसप्रीत बुमराह 2/17, अक्षर पटेल 2/29, वरुण चक्रवर्ती 2/17, कुलदीप यादव 1/14 और तिलक वर्मा 1/11 की दमदार बॉलिंग की बदौलत पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन बनाकर ढेर हो गई. इस जीत के साथ भारत ने सुपर 8 में प्रवेश कर लिया है. भारतीय कप्तान ने इस जीत के बाद कहा कि इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था. उनकी टीम ने 175 रन बनाकर विरोधी टीम को मुकाबले से बाहर कर दिया.

भारतीय कप्तान ने कहा कि इस पिच पर 155 रन प्रतिस्पर्धी स्कोर होता और वह 15 से 20 रन अधिक बनाने में सफल रहे. मैच के बाद टीम इंडिया के खेल की समीक्षा पर आए भारतीय कप्तान ने कहा, ‘इस पिच पर पहले बल्लेबाजी करना बेहतर विकल्प था. पहले बल्लेबाजी करते समय यह कहना मुश्किल था कि प्रतिस्पर्धी स्कोर कितना होता. लेकिन जैसे ही हम 175 पर पहुंचे तो हमें लगा कि हमने प्रतिस्पर्धी स्कोर से 15-20 रन अधिक बना लिए हैं. 155 रन पर यह बहुत करीबी मुकाबला होता.’

भारतीय कप्तान ने अपने बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने वैसा ही क्रिकेट खेला जैसा वे खेलना चाहते थे. सूर्यकुमार ने कहा, ‘हमने वैसा ही क्रिकेट खेला जैसा हम खेलना चाहते थे. ईशान ने भी उसकी तरह की बल्लेबाजी की (जैसी वह पिछले कुछ मुकाबलों और घरेलू क्रिकेट में कर रहा था). इशान ने कुछ अलग सोचा. एक रन पर पहला विकेट गंवाने के बाद किसी को जिम्मेदारी लेने की जरूरत थी और उसने कमाल का काम किया.’

उन्होंने कहा, ‘जिस तरह से उन्होंने (तिलक वर्मा, शिवम दुबे और रिंकू सिंह) ने बल्लेबाजी की, वह काबिलेतारीफ है. हार्दिक ने नई गेंद से प्रहार किया और फिर बुमराह ने दिखाया कि वह दुनिया में सर्वश्रेष्ठ क्यों हैं. सभी को योगदान देते हुए देखकर बहुत अच्छा लगा.’

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि पावर प्ले में तीन-चार विकेट गंवाने के बाद आप मैच में पीछा ही करते रह जाते हैं. सलमान ने कहा, ‘हम 4 स्पिनर्स के साथ उतरे लेकिन उनका दिन अच्छा नहीं था. कुछ हिस्सों में योजनाओं को अच्छी तरह लागू नहीं कर पाए. बल्ले से हमने अच्छी शुरुआत नहीं की. अगर आप पावरप्ले में तीन-चार विकेट खो देते हैं तो आप हमेशा मैच में पीछा ही करते रह जाते हैं.’

सलमान ने स्वीकार किया कि दूसरी पारी में पिच बल्लेबाजी के लिए बेहतर थी लेकिन उनके खिलाड़ी उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाए. उन्होंने कहा, ‘पहली पारी में बल्लेबाजी थोड़ी मुश्किल थी और गेंद भी ग्रिप कर रही थी. दूसरी पारी में पिच बेहतर खेली लेकिन हमने स्थिति के हिसाब से गेंदबाजी नहीं की और हमने बल्ले से भी उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाए.’

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.india.com/hindi-news/icc-mens-t20-world-cup-2026/

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.