जब क्रिकेट के मैदान पर भारत ने पाकिस्तान के छक्के छुड़ाए; ICC टूर्नामेंट में Pakistan के खिलाफ टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत

भारत और पाकिस्तान टीमों के बीच कई शानदार मैच खेले गए हैं, हालांकि दोनों देशों के बीच राजनीतिक तनाव की वजह से ये टीमें अब बाईलैटरल सीरीज नहीं खेलती हैं लेकिन आईसीसी टूर्नामेंट के दौरान क्रिकेट फैंस को इन चिर प्रतिद्वंद्वी टीमों को एक दूसरे के खिलाफ खेलते देखने का मौका मिलता है.

Published date india.com Published: August 14, 2023 8:00 AM IST
India's Ravichandran Ashwin and Virat Kohli celebrate after beating Pakistan by 4 wickets
मेलबर्न, 23 अक्टूबर (एएनआई): भारत के रविचंद्रन अश्विन और विराट कोहली रविवार को मेलबर्न के मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2022 सुपर 12 ग्रुप 2 मैच के दौरान पाकिस्तान को 4 विकेट से हराने के बाद जश्न मनाते हुए। (एएनआई फोटो)

क्रिकेट इतिहास में शायद ही कोई दो टीम ऐसी होंगी जिनकी प्रतिद्वंद्विता भारत और पाकिस्तान जितनी कट्टर है. क्रिकेट क्वालिटी के मामले में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच सदियों से खेली जा रही एशेज सीरीज की तुलना भारत-पाक मैचों से की जा सकती है लेकिन फैंस की भावनाओं और खिलाड़ियों पर होने वाले दबाव के मामले में इसका कोई सानी नहीं है. भारत और पाकिस्तान टीमों के बीच होने वाले मुकाबले अपने आप में अनोखे और रोमांच से भरे होते हैं, लेकिन आईसीसी टूर्नामेंट्स में इन मैचों का मजा सौ गुना बढ़ जाता है. आज हम आपको भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए सबसे रोमांचक और यादगार आईसीसी मैचों के बारे में बताने जा रहे हैं.

1996 वनडे विश्व कप – वेंकटेश प्रसाद vs आमिर सोहेल

भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास को अगर जानना है तो शुरू से ही शुरुआत करनी पड़ेगी, इसलिए हम रुख करेंगे 1996 विश्व कप टूर्नामेंट का जहां मोहम्मद अजहरुद्दीन की अगुवाई वाली टीम इंडिया और आमिर सोहेल की कप्तानी वाली पाकिस्तान, दोनों ही टीमें दूसरा विश्व कप खिताब जीतने की तलाश में थी. भले ही दोनों टीमें खिताब जीतने में असफल रहीं लेकिन इस टूर्नामेंट के दौरान भारत और पाकिस्तान के बीच एक शानदार मुकाबला देखने को मिला.

बैंगलोर में खेले गए इस मैच का सबसे रोमांचक पल था जब वेंकटेश प्रसाद पाक कप्तान सोहेल से भिड़ गए. पाकिस्तान टीम जब नवजोत सिंह सिंद्धू की 93 रन की पारी की मदद से टीम इंडिया के दिए 288 रन के लक्ष्य का पीछा कर रही थी तब 15वें ओवर के दौरान अर्धशतक बना चुके सोहेल ने प्रसाद की पांचवीं गेंद पर चौका लगाने के बाद उन्हें उंगली दिखाकर कुछ कहा. जाहिर है कि प्रसाद को ये बात अच्छी नहीं लगी और उन्होंने अगली ही गेंद पर सोहेल को बोल्ड कर उन्हें करारा जवाब दिया. जब सोहेल पवेलियन की तरफ जा रहे थे तो प्रसाद ने उन्हें आक्रामक सेंड-ऑफ दिया. जले पर नमक वाली बात तब हुई जब टीम इंडिया ने 39 रन से मैच जीतकर पाकिस्तान को विश्व कप से बाहर कर दिया.

2003 वनडे विश्व कप- सेंचुरियन में सचिन का कमाल

साल 2003 वनडे विश्व कप में टीम इंडिया का प्रदर्शन अलग ही स्तर पर था. इस टूर्नामेंट के दौरान ही सचिन तेंदुलकर ने सेंचुरियन में वनडे इतिहास की सर्वश्रेष्ठ पारी खेली. पाकिस्तान ने भारत के सामने 274 रन का प्रतिस्पर्धी लक्ष्य रखा था. पाकिस्तान के वसीम अकरम, वकार यूनिस और शोएब अख्तर जैसे घातक गेंदबाजों के सामने टीम इंडिया की शुरुआत निराशाजनक रही लेकिन पाकिस्तान के प्लान पर तब पानी फिर गया जब तेंदुलकर मैदान पर उतरे.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

सेंचुरियन वनडे में शोएब अख्तर की गेंद पर लगाया तेंदुलकर का अपर कट छक्का किसी भी भारतीय प्रशंसक के रोंगटे खड़े कर देता है. सचिन ने भारतीय बल्लेबाजी क्रम को संभालते हुए मात्र 75 गेंदों में 98 रनों की सनसनीखेज पारी खेली. हालांकि वो अपना शतक पूरा नहीं कर सके लेकिन उनकी पारी की मदद से भारत ने 6 विकेट से मैच जीत लिया.

2007 टी20 विश्व कप- धोनी एंड कंपनी का धमाल

साल 2007 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित किए गए पहले टी20 विश्व कप के दौरान क्रिकेट फैंस को भारत और पाकिस्तान के बीच एक नहीं बल्कि दो यादगार मुकाबले देखने को मिले. टूर्नामेंट के 10वें लीग मैच में जब भारत और पाकिस्तान का स्कोर बराबरी पर आ गया तो मैच की नतीजा ढूंढने के लिए दोनों टीमों के बीच बॉल आउट मुकाबला कराया गया. जिसके मुताबिक दोनों टीमों को स्टंप पर गेंद हिट करने के पांच-पांच मौके दिए गए. इस दौरान भारतीय टीम के लिए वीरेंदर सहवाग, हरभजन सिंह और रॉबिन उथपप्पा ने तीन बार गेंद को स्टंप पर हिट जबकि पाकिस्तान का कोई भी गेंदबाज एक बार भी स्टंप को हिट नहीं कर पाया और भारत ने ये मैच 3-0 से बॉल आउट में जीता.

हालांकि पाकिस्तान की टीम को इस हार का बदला लेने का मौका मिला जब उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ फाइनल में जगह बनाई. लेकिन एक बार फिर पाक टीम कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और उनके खिलाड़ियों के सामने हार गई. गौतम गंभीर की 75 रन की शानदार पारी की मदद से भारत ने फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 158 रन का लक्ष्य रखा था. हालांकि पाक टीम ने कप्तान मिसबाह उल हक की शानदार पारी की मदद से 19 ओवर में 145/9 का स्कोर खड़ा किया था. पाकिस्तान को जीत के लिए आखिरी ओवर में जीत के लिए केवल 12 रन चाहिए थे और टीम इंडिया को केवल एक विकेट.

ऐसे में कप्तान धोनी ने अपने सीनियर स्पिनर हरभजन सिंह के बजाय जोगिंदर शर्मा को गेंद थमाई. शर्मा ने वाइड गेंद के साथ शुरुआत की और ओवर की दूसरी गेंद पर मिसबाह ने फुलटॉस पर शानदार छक्का लगाया. जिसके बाद भारतीय फैंस को हार साफ नजर आ रही थी लेकिन फिर तीसरी गेंद पर कुछ ऐसा हुआ जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. मिसबाह जो कि अभी तक बड़ी आसानी से कोई भी शॉट खेल सकते थे, उन्होंने जोगिंदर की फुल लेंथ गेंद पर फाइन लेग की दिशा में खेलने की कोशिश की लेकिन गेंद उनके बल्ले कि किनारे पर लगकर हवा में ऊपर उछली और सीधा श्रीसंत के हाथों में गई. इस कैच के साथ भारत ने क्रिकेट इतिहास का पहला टी20 विश्व कप खिताब जीता और यहीं से कैप्टन कूल धोनी का सुनहरा कप्तानी करियर शुरू हुआ.

2011 वनडे विश्व कप- एक बार फिर सचिन के आगे झुका पाकिस्तान

टी20 विश्व कप 2007 की शानदार जीत के चार साल बाद धोनी की कप्तानी में भारत का अगला आईसीसी खिताब आया, जब टीम इंडिया ने 2 अप्रैल 2011 को श्रीलंका के खिलाफ मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए फाइनल में जीत हासिल की. लेकिन फाइनल में पहुंचने के पहले टीम इंडिया को सेमीफाइनल में पाकिस्तान की चुनौती का सामना करना पड़ा था. मोहाली में खेला गया भारत-पाकिस्तान, सेमीफाइनल मैच किसी विश्व कप फाइनल से भी ज्यादा चर्चित था. इस मैच के गवाह बनने के लिए ना केवल दोनों देशों के लाखों फैंस आए थे बल्कि भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने अपने पाकिस्तानी समकक्ष यूसुफ रजा गिलानी को भी आमंत्रित किया था.

हर कोई बस इसी मैच की चर्चा कर रहा था, ऐसे में टीम इंडिया के खिलाड़ी, जिन पर पहले से ही घर पर विश्व कप जीतने का दबाव था, उन पर अपने चिर प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ जीतने का और भी ज्यादा दबाव बढ़ गया. लेकिन एक खिलाड़ी था जो इस दबाव में झुका नहीं और भारतीय टीम को जीत दिलाई. क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने पाकिस्तान के घातक पेस अटैक के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 85 रन की शानदार पारी खेलकर टीम इंडिया को 29 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा की. जवाब में भारतीय गेंदबाजों के शानदार प्रयास के सामने पाक टीम 231 रन पर ऑलआउट हुई और टीम इंडिया ने विश्व कप फाइनल में इंट्री ली.

2017 चैंपियंस ट्रॉफी- आईसीसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी जीत

पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंट के इतिहास में भारत की सबसे बड़ी जीत साल 2017 में आई. जब विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया ने चैंपियंस ट्रॉफी के चौथे लीग मैच में 124 रन से जीत हासिल की. बर्मिंघम में खेले गए मुकाबले में भारत की ओर से चार बल्लेबाजों ने अर्धशतक बनाए थे. रोहित शर्मा ने 91, शिखर धवन ने 68, कप्तान कोहली ने 81 और युवराज सिंह 53 रन की पारी खेली थी. जिसके दम पर भारतीय टीम ने 319/3 का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में उमेश यादव की अगुवाई वाले भारतीय गेंदबाजी अटैक के सामने पाक टीम 33.4 ओवर में केवल 164 पर रन पर ऑलआउट हो गई. इसी के साथ भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ आईसीसी टूर्नामेंट में अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की.

2022 टी20 विश्व कप- किंग कोहली की सर्वश्रेष्ठ टी20I पारी

2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में मिली हार के साथ टीम इंडिया का आईसीसी टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ कभी ना हारने के रिकॉर्ड टूटा. वहीं 2021 के टी20 विश्व कप में दुबई में 10 विकेट से मिली हार के साथ भारत का पाकिस्तान के खिलाफ विश्व कप में कभी ना हारने का रिकॉर्ड भी टूट गया. जिसके बाद दोनों टीमों के बीच की प्रतिद्वंद्विता में भारत का भारी पलड़ा हल्का होना शुरू हो गया. लेकिन साल 2022 के टी20 विश्व कप में भारतीय फैंस को एक बार फिर पाकिस्तान के खिलाफ जीत का जश्न मनाने का मौका मिला.

23 अक्टूबर 2022 को मेलबर्न में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप लीग मैच में विराट कोहली की खेली 82 रन की पारी टी20 अंतरराष्ट्रीय फॉर्मेट के सर्वश्रेष्ठ पारियों में एक हैं. वहीं कोहली भी इसे अपने करियर की सबसे बेहतरीन पारियों में एक मानते हैं. और इसके पीछे का कारण है कि ये पारी भारत के चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैच में ऐसे समय पर आई जब टीम इंडिया के बाकी शीर्ष बल्लेबाज फ्लॉप रहे.

India's Virat Kohli plays a shot

एडिलेड, 10 नवंबर (एएनआई): भारत के विराट कोहली गुरुवार को एडिलेड में एडिलेड ओवल में भारत और इंग्लैंड के बीच आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप 2022 के सेमीफाइनल मैच के दौरान एक शॉट खेलते हैं। (एएनआई फोटो)

शान मसूद और इफ्तिखार अहमद की अर्धशतकीय पारियों की मदद से पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159/8 का स्कोर बनाकर भारत के सामने 160 रन का लक्ष्य रखा. जवाब में टीम इंडिया ने कप्तान रोहित शर्मा और केएल राहुल के विकेट चार ओवर के अंदर खो दिए. भारतीय फैंस को एक बार फिर 2017 के चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल का बुरा सपना याद आने लगा जहां शीर्ष क्रम के फ्लॉप होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी क्रम कभी उभर ही नहीं पाया. लेकिन इस बार कोहली टीम इंडिया के लिए संकटमोचन बना.

पूर्व कप्तान ने 53 गेंदो पर छह चौकों और चार छक्कों की मदद से 82 रन की नाबाद पारी खेलकर भारत को चार विकेट से मैच जिताया. वैसे तो इस मैच का हर सेंकेड रोमांच से भरा था लेकिन आखिरी दो ओवर में उत्साह चरम पर पहुंच गया.

18 ओवर तक चार विकेट पर 129 रन बनाने के बाद टीम इंडिया को 12 गेंदो पर 31 रन की जरूरत थी. ऐसे में 19वां ओवर डालने के लिए पाकिस्तान के प्रतिभाशाली गेंदबाज हारिस राउफ आए. ओवर की पहली चार गेंदो पर हार्दिक पांड्या और कोहली मिलकर केवल तीन ही रन बना पाए जिसके बाद लग रहा था कि राउफ मैच को पाक टीम के पाले में ले जाएंगे लेकिन किंग कोहली जब फॉर्म में हो तो उनके आगे किसी की नहीं चलती. कोहली ने ओवर की पांचवीं गेंद को सीधे बल्ले से गेंदबाज के सिर से ऊपर से छह रन के लिए खेल दिया. अगली गेंद पर कोहली ने फील्ड को देखा और कलाईओं का इस्तेमाल करते हुए फाइन लेग की दिशा में एक और छक्का लगा दिया.

कोहली के दो शानदार छक्कों के बाद टीम इंडिया को आखिरी ओवर में 16 रनों की जरूरत थी जब मोहम्मद नवाज 20वां ओवर डालने आए. ओवर की पहली ही गेंद पर हार्दिक पांड्या के आउट होने के बाद एक बार फिर मैच 50-50 पर आ गया. वहीं नए बल्लेबाज दिनेश कार्तिक के आने के बाद रनों की मूमेंटम रुक गया और अगली दो गेंदो पर केवल तीन रन आए.

तीसरी गेंद पर यॉर्कर की कोशिश में नवाज फुलटॉस डाल बैठे जिसे कोहली ने आसानी से डीप स्क्वायर लेग की दिशा में छह रन के लिए खेल दिया. नवाज की गलती से टीम इंडिया को ना केवल एक अतिरिक्त रन बल्कि एक फ्री हिट भी मिली. अगली गेंद वाइड रही और नवाज को चौथी गेंद तीसरी बार डालनी पड़ी. इस बार गेंद सीधा कोहली के स्टंप पर लगी लेकिन फ्री हिट होने की वजह से उन्हें आउट नहीं दिया गया, इसका फायदा उठाकर कोहली और कार्तिक ने तीन रन चुरा लिए.

मैच का मूमेंटम एक बार फिर भारत के पाले में आ गया. अब टीम इंडिया को जीत के लिए केवल तीन रन चाहिए थे. पांचवीं गेंद पर आगे बढ़कर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कार्तिक स्टंप आउट हुए और पाक फैंस की जीत की उम्मीदें एक बार फिर बढ़ गई. लेकिन क्रीज पर आए अगले बल्लेबाज रविचंद्रन अश्विन ने अपने तेज दिमाग का इस्तेमाल किया और क्रीज के एकदम अंदर खड़े होकर नवाज को वाइड गेंद डालने पर मजबूर कर दिया जिसके बाद दोनों टीमों का स्कोर बराबर हो गया. आखिरी गेंद पर एक रन लेकर अश्विन ने भारत को पाकिस्तान के खिलाफ जीत दिलाई.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.