सेंचुरियन: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार से सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट बॉक्सिंग-डे टेस्ट (IND vs SA 1st Boxing Day Test) के नाम से भी जाना जाएगा. वनडे सीरीज जीतने के बाद टीम इंडिया की नजरें अब दक्षिण अफ्रीका की धरती पर 31 साल के अपने टेस्ट सीरीज जीत के सूखे को खत्म करने पर लगी है. साल 1992 से लेकर अब तक भारत की दक्षिण अफ्रीका में यह नौवीं टेस्ट सीरीज जीत होगी और उसे अभी अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीत का तलाश है.
रोहित शर्मा के पास इतिहास रचने का मौका
मौजूदा सीरीज को रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम के लिए ‘अंतिम किला’ कहा जा रहा है. रोहित के पास दक्षिण अफ्रीका में टेस्ट सीरीज जीतने वाला पहला भारतीय कप्तान बनने का मौका है और वह इसे हाथ से नहीं जाने देंगे. दक्षिण अफ्रीका में मोहम्मद अज़हरुद्दीन (1992), सचिन तेंदुलकर (1996) और सौरव गांगुली (2001) की कप्तानी में भारत को नाकामी हाथ लगी.
राहुल द्रविड़ (2006-07), एमएस धोनी (2010-11 और 2013-14) और विराट कोहली (2018-19 और 2021-22) ने टेस्ट मैच जीते लेकिन किसी भी भारतीय कप्तान की कप्तानी में टीम इंडिया दक्षिण अफ्रीका में अब तक टेस्ट सीरीज नहीं जीत पाई है.
भारत के कुछ स्टार क्रिकेटरों का यह दक्षिण अफ्रीका का अंतिम दौरा हो सकता है और वह निश्चित तौर पर इसको यादगार बनाने के लिए बेताब होंगे. तेंबा बावुमा की अगुवाई वाले दक्षिण अफ्रीका के पास कुछ अच्छे तेज गेंदबाज हैं जो भारत के युवा बल्लेबाजों के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की असली परीक्षा कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, मार्को यानसन और गेराल्ड कोएत्ज़ी जैसे गेंदबाजों के सामने होगी.
भारत बनाम साउथ अफ्रीका हेड टू हेड टेस्ट रिकॉर्ड
भारत बनाम साउथ अफ्रीका के बीच अब तक ओवर ऑल 42 टेस्ट मैच खेले जा चुके हैं. इन 42 टेस्ट मैचों में दक्षिण अफ्रीका ने 17 जबकि भारत ने 15 जीते हैं जबकि 10 टेस्ट ड्रॉ रहे हैं. मेजबान साउथ अफ्रीका ने अपनी धरती पर भारत के खिलाफ 23 टेस्ट में से 12 में जीत दर्ज की है जबकि सिर्फ चार में उसे हार मिली है. दक्षिण अफ्रीका में भारत को पिछली टेस्ट जीत 2021 में विराट कोहली की कप्तानी में बॉक्सिंग डे टेस्ट में मिली थी. भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पिछले पांच टेस्ट में से तीन में जीत दर्ज की है.
सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में रिकॉर्ड
सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क स्टेडियम में अभी तक कुल 28 इंटरनेशनल टेस्ट मैच खेले गए हैं. इन 28 टेस्ट मैचों में से महज 3 टेस्ट मैच ही सिर्फ ड्रा हुए हैं जबकि 22 मुकाबलों के रिजल्ट निकले हैं. भारत सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में अपना पहला टेस्ट मैच खेलेगा.
बारिश बन सकती है बाधा
सुपर स्पोर्टस पार्क में मैच के पहले दिन बारिश बहुत खलल डाल सकती है. और इससे दर्शकों का मजा खराब हो सकता है. एक्यूवेदर की मानें तो पहले दिन बारिश की आशंका 96 फीसदी तक है. इसके साथ ही तेज आंधी-तूफान भी आ सकता है. तापमान की बात करें तो तो वह 23 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. दूसरे दिन की मौसम की बात करें तो यह थोड़ा साफ रह सकता है. हालांकि आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. और बारिश की आशंका 25 फीसदी तक है.
लेकिन सुपरस्पोर्ट पार्क में होने वाले मैच के पहले दो दिन भारी बारिश की भविष्यवाणी की गई है. सेंचुरियन के विकेट से तेजी और असमान उछाल मिलती है जिससे की मुकाबला खड़ा होने की संभावना है. सुपरस्पोर्ट पार्क में अमूमन चार दिन के अंदर परिणाम निकल जाता है लेकिन अगर पहले दिन का खेल बारिश की भेंट चढ़ जाता है और टॉस दूसरे दिन होता है तो फिर पहले बल्लेबाजी करना निश्चित तौर पर मुश्किल काम होगा.
भारत का प्रदर्शन हालांकि तीन कारकों पर निर्भर करेगा. पहला कप्तान रोहित शर्मा हुक और पुल शॉट का कितनी अच्छी तरह से प्रदर्शन करते हैं, दूसरा विराट कोहली कितने समय तक ऑफ स्टंप से बाहर जाती गेंदों को छोड़ने का फैसला करते हैं और तीसरा टीम मोहम्मद शमी की कमी को कैसे पूरा करती है.
शमी की जगह मुकेश कुमार या प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को चुना जा सकता है. बावुमा, इस श्रृंखला के बाद संन्यास लेने की घोषणा कर चुके डीन एल्गर, स्टाइलिश एडेन मार्कराम, युवा टोनी डीजॉर्जी और कीगन पीटरसन के रूप में दक्षिण अफ्रीका के पास अच्छे बल्लेबाज हैं जो भारतीय गेंदबाजों को परेशान कर सकते हैं.
इस मैच में केएल राहुल विकेटकीपर की जिम्मेदारी निभाएंगे। सीमित ओवरों की क्रिकेट में इस भूमिका को अच्छी तरह से निभाने वाले राहुल लंबी अवधि के प्रारूप में विकेट के पीछे कैसा प्रदर्शन करेंगे, इस पर भी सभी का ध्यान रहेगा. विदेश में खेला जाने वाला यह एक और टेस्ट मैच होगा जिसमें ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को परिस्थितियों और टीम संयोजन के कारण बाहर बैठना पड़ सकता है.
टीम इस प्रकार हैं :
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, शुभमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, रविंद्र जडेजा, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, मुकेश कुमार, प्रसिद्ध कृष्णा, केएस भरत (विकेटकीपर), अभिमन्यु ईश्वरन (दूसरा टेस्ट)।
दक्षिण अफ्रीका: तेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्कराम, टोनी डी ज़ोरज़ी, डीन एल्गर, कीगन पीटरसन, काइल वेरिन (विकेटकीपर), ट्रिस्टन स्टब्स (विकेटकीपर), नांद्रे बर्गर, मार्को यानसन, वियान मुल्डर, गेराल्ड कोएत्ज़ी, केशव महाराज, कैगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी, डेविड बेडिंघम.
(इनपुट: भाषा)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.