भारत के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शतक जड़कर साउथ अफ्रीका को रोमांचक जीत दिलाने वाले एडिन मार्करम ने कहा कि रन बनाना तभी मायने रखा है, जव वे टीम की जीत के काम आएं. साउथ अफ्रीका टीम वनडे सीरीज के पहले मैच में करीबी अंतर से हार गई थी, जिसके चलते अभी यह सीरीज 1-1 की बराबरी पर खड़ी है. मार्करम पहले वनडे में टीम की हार के लिए खुद को जिम्मेदार मानते हैं. दूसरे वनडे में भारत ने पहले वनडे की अपेक्षा 9 रन ज्यादा बनाए थे. लेकिन इस बार साउथ अफ्रीका ने 359 रनों का यह लक्ष्य 4 बॉल बाकी रहते अपने नाम कर लिया.
मार्करम ने बुधवार को मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘रन तभी मायने रखते हैं जब आप मैच जीतते हैं. ईमानदारी से कहूं तो कम से कम मेरे लिए तो यही मायने रखता है. अगर हम आज हार जाते तो मैं पिछले मैच की तरह ही दुखी होता. जीत हासिल करके मुझे वास्तव में बहुत खुशी हुई है.’ इस मैच में शतक जमाने वाले मार्करम को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इस मैच में कुल 3 शतक बने थे. मार्करम से पहले स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रुतुराज गायकवाड़ ने भी यहां शतक जमाया था.
उन्होंने पहले मैच का जिक्र करते हुए कहा, ‘मुझे लगता है कि पहले मैच में शुरुआत में ही तीन विकेट गिर जाने के कारण ही हम जीत हासिल नहीं कर पाए और इसके लिए मैं खुद को जिम्मेदार मानता हूं.’
दूसरे वनडे में मार्करम के शतक के बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने 54 रन और मैथ्यू ब्रीट्ज्के ने 68 रन बनाए, जिससे साउथ अफ्रीका ने चार गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया. मार्क्रम ने कहा, ‘ऐसा लग रहा था कि जैसे हम फिर से पहले वाला मैच खेल रहे हैं.’
सीरीज बराबर करने के बाद साउथ अफ्रीका अब शनिवार को विशाखापत्तनम में होने वाले तीसरे और अंतिम वनडे मैच को जीत कर सीरीज अपने नाम करने की कोशिश करेगा, जिससे टी20 वर्ल्ड कप और वनडे वर्ल्ड कप से पहले टीम का मनोबल बढ़ेगा.
मार्करम ने इस बारे में कहा, ‘अभी इन टूर्नामेंट में काफी समय है लेकिन विश्वास और आत्मविश्वास संभवतः दो चीजें हैं, जिन्हें आप एक टीम के रूप में हासिल कर सकते हैं. बड़े लक्ष्य हासिल करने से टीम को यह आत्मविश्वास मिलता है और भविष्य में ऐसी स्थिति में होने पर हम कह सकते हैं कि हमने पहले ऐसा किया है और फिर से ऐसा कर सकते हैं.’
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.