By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
- Hindi
- Cricket Hindi
- Ind Vs Sl 2nd T20i Team India Want To Clinch Series While Sanju Samson Gill And Chahal Will Be On Radar
IND vs SL: सीरीज पर कब्जा करना चाहेगा भारत, गिल, चहल और सैमसन पर नजरें
पहला मैच जीत चुकी टीम इंडिया दूसरा मैच जीतकर सीरीज अपने कब्जे में करना चाहेगी. लेकिन टीम मैनेजमेंट पहले मैच में फ्लॉप रहे खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रखना चाहेगा.
IND vs SL 2nd T20i Match Preview: भारत और श्रीलंका की टीमें गुरुवार को पुणे में दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में आमने सामने होंगी. पहला मैच जीतकर यहां पहुंची टीम इंडिया सीरीज जीतने के इरादे से उतरेगी. इस बीच टीम मैनेजमेंट और फैन्स की नजरें शुबमन गिल के पावर प्ले में प्रदर्शन पर भी टिकी होंगी जो तेजी से रन जुटाकर सलामी बल्लेबाज के रूप में अपना दावा मजबूत करना चाहेंगे. सलामी बल्लेबाज के स्थान के लिए गिल के निकटतम प्रतिद्वंद्वी रुतुराज गायकवाड़ हैं और वह अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे, जिससे कि मौके उनकी झोली में ही आए.
भारत वानखेड़े स्टेडियम में पहले मैच में बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रहने के बावजूद दो रन से जीत दर्ज करने में सफल रहा. इस साल एकदिवसीय वर्ल्ड कप होना है और ऐसे में टी20 प्रारूप प्राथमिकता नहीं है लेकिन गिल अपने पूर्ववर्ती खिलाड़ियों की गलतियों को दोहराने से बचना चाहेंगे. गिल का 96 टी20 मैच (अधिकांश आईपीएल और सैयद मुश्ताक अली में) खेलने के बावजूद करियर स्ट्राइक रेट 128.74 का है और अपने पदार्पण मैच में भी वह लय में नहीं दिखे थे.
हाल के समय के प्रत्येक भारतीय कप्तान की तरह पंड्या ने शीर्ष क्रम पर निडर रवैये का वादा किया है लेकिन इसके लिए प्रत्येक खिलाड़ी को ऐसा रवैया दिखाना होगा. भारत के पास टी20 प्रारूप में काफी प्रतिभावान खिलाड़ी हैं. रुतुराज और राहुल त्रिपाठी जैसे बल्लेबाज मौकों का इंतजार कर रहे हैं.
उम्मीद है कि गिल और ईशान किशन को सीरीज के तीनों मैच में पारी का आगाज करने का मौका मिलेगा और पावर प्ले में इनका दमदार प्रदर्शन बाद में आने वाले बल्लेबाजों को निडर होकर खेलने का आत्मविश्वास दे सकता है. इसके अलावा लंबे समय से टीम इंडिया में अपनी जगह पक्की करने का मौका तलाश रहे संजू सैमसन अब यहां कमाल दिखाना चाहेंगे पहले मैच में वह फ्लॉप रहे और 6 बॉल में सिर्फ 5 रन बनाकर चलते बने. इस प्रदर्शन से वह खुद भी निराश होंगे.
भारतीय बल्लेबाजों को श्रीलंका के गेंदबाजों के खिलाफ रन बनाने का तरीका ढूंढना होगा जो स्पिनरों वानिंदु हसरंगा और महेश तीक्षणा पर अधिक निर्भर हैं. इन दोनों ने मुंबई में खेले पहले मैच में मिलकर 8 ओवर में सिर्फ 51 रन पर दो विकेट चटकाए.
तेज गेंदबाज शिवम मावी के यादगार पदार्पण से कप्तान पंड्या को राहत मिली होगी. कप्तान पंड्या ने भी नई गेंद से गेंदबाजी करते हुए प्रभावित किया. लेकिन स्पिन बॉलिंग विभाग ने चिंताएं बढ़ाने का काम किया है. चहल को टी20 वर्ल्ड कप में मौका नहीं मिला था और इससे उनका मनोबल संभवत: डिगा है. सीनियर लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने इस मैच में सिर्फ 2 ही ओवर फेंके और 26 रन लुटा दिए. उन्हें कोई विकेट हासिल नहीं हुआ. चहल जल्दी से ही इस तस्वीर को बदलना चाहेंगे.
(एजेंसी: भाषा)
Also Read:
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें