IND vs WI: पहले दिन भारत का दबदबा- यशस्वी जायसवाल की दोहरे शतक पर नजरें, भारत 300 पार

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:October 10, 2025 7:07 PM IST

युवा ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल दिल्ली टेस्ट के पहले दिन नाबाद 173 रन बनाकर लौटे. उनके साथ कप्तान शुभमन गिल (20*) मौजूद थे. भारत ने अब तक 3 ही विकेट गंवाए हैं.

IND vs WI Delhi Test Day 1 Match Report: वेस्टइंडीज के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज में 1-0 से आगे चल रही टीम इंडिया ने दूसरे टेस्ट में भी अपना पलड़ा भारी रखा है. उसने मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक 2 विकेट के नुकसान पर 318 रन बना लिए हैं. युवा ओपनिंग बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (173*) दोहरे शतक के करीब हैं, जबकि उनके साथ कप्तान शुभमन गिल (20*) अपनी पारी का तानाबाना बुनने में लगे हैं. यह यशस्वी के टेस्ट करियर का 7 वां शतक भी है. जायसवाल के अलावा पहले दिन के स्टार साई किशोर भी रहे, जो अपने पहले इंटरनेशनल शतक से तो चूक गए लेकिन उन्होंने 87 रनों की बेहतरीन पारी खेली. भारत ने यहां टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था.

Advertising
Advertising

दिल्ली की इस पिच पर उछाल भले कम था लेकिन बैटिंग के लिए यह शानदार पिच थी, जिसका जायसवाल ने जमकर लाभ लिया और वह दूसरे दिन यहां वापस आएंगे तो अपनी इस पारी को दोहरे शतक में तब्दील करने पर जोर देंगे. अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने कई आकर्षक शॉट लगाए. वह 253 गेंदों पर 22 चौकों की मदद से 173 रन बनाकर खेल रहे हैं. विंडीज की ओर से लेफ्टआर्म स्पिनर जोमेल वॉरिकन स्टार रहे, जिन्होंने भारत को यह दोनों झटके दिए.

सुदर्शन हालांकि अपना पहला टेस्ट शतक पूरा नहीं कर पाए. उन्होंने 165 गेंद का सामना करके 87 रन बनाए जिसमें 12 चौके शामिल हैं. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का यह सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है. सुदर्शन और जायसवाल ने दूसरे विकेट के लिए 193 रन जोड़कर वेस्टइंडीज के कमजोर आक्रमण की कलई खोलने में कोई कसर नहीं छोड़ी.

दिन का खेल समाप्त होने के समय जायसवाल के साथ कप्तान शुभमन गिल 20 रन बनाकर खेल रहे थे. भारतीय कप्तान ने सतर्कता बरती और अभी तक उन्होंने 68 गेंद का सामना करके तीन चौके लगाए हैं. इन दोनों बल्लेबाजों ने अभी तक तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़े हैं. केएल राहुल (38) का किस्मत ने साथ नहीं दिया. बाएं हाथ के स्पिनर जोमेल वारिकन की सुबह के सत्र में सिर्फ एक गेंद टर्न और बाउंस हुई जिस पर उन्होंने राहुल का कीमती विकेट हासिल किया.

वारिकन ने तीसरे सत्र में एक और टर्न लेती गेंद पर सुदर्शन को पगबाधा आउट करके वेस्टइंडीज को दूसरी सफलता दिलाई. उन्होंने अब तक 60 रन देकर दो विकेट लिए हैं. उनके अलावा वेस्टइंडीज के अन्य गेंदबाज दिन भर सफलता हासिल करने के लिए तरसते रहे. भारत ने पहले सत्र में एक विकेट खोकर 94 रन बनाए थे. उसने दूसरे सत्र में बिना किसी नुकसान के 126 रन जोड़कर वेस्टइंडीज की गेंदबाजी को पूरी तरह से तहस-नहस कर दिया. भारत में तीसरे सत्र में 98 रन जोड़े और इस बीच सुदर्शन का विकेट गंवाया.

जायसवाल और सुदर्शन में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और लंच के बाद पहले घंटे में एक समय वे लगभग छह रन प्रति ओवर की दर से रन बना रहे थे, लेकिन दूसरे घंटे में उनकी गति थोड़ी धीमी हो गई. वेस्टइंडीज को दूसरे सत्र में विकेट हासिल करने का एकमात्र मौका तब मिला जब सुदर्शन ने जस्टिन ग्रीव्स की गेंद को शॉर्ट मिडविकेट पर थोड़ा हवा में खेला लेकिन वारिकन कैच नहीं ले पाए। सुदर्शन तब 58 रन पर खेल रहे थे.

बता दें भारत ने उसी अंतिम एकादश को बरकरार रखा है जिसने अहमदाबाद में पहले टेस्ट में रोस्टन चेज की अगुवाई वाली वेस्टइंडीज को पारी और 140 रन से हराया था. वेस्टइंडीज ने अपनी टीम में दो बदलाव करते हुए ब्रैंडन किंग और जोहान लेने की जगह टेविन इमलाच और एंडरसन फिलिप को अंतिम एकादश में शामिल किया है.

(एजेंसी इनपुट्स के साथ)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें