IND vs WI: दिल्ली टेस्ट के हीरो बनते-बनते, बॉलिंग में एक अनचाहा रिकॉर्ड भी बना गए कुलदीप यादव, पहली बार हो गया ऐसा
दिल्ली टेस्ट में वेस्टइंडीज के खिलाफ कुल 8 विकेट चटकाने वाले लेफ्टआर्म स्पिनर कुलदीप यादव ने अपने करियर में पहली बार 100 से ज्यादा रन भी लुटा दिए. उन्होंने विंडीज की दूसरी पारी में 104 लुटाए, जो उनके टेस्ट करियर में पहली बार है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ कुलदीप यादव @BCCI/X
Kuldeep Yadav Unwanted Records vs WI in Delhi Test: दिल्ली टेस्ट में भारतीय टीम जीत के मुहाने पर खड़ी है.मैच के 5वें और आखिरी दिन उसे जित के लिए सिर्फ 58 रनों की दरकार है, जबकि अभी 9 विकेट उसके हाथ में हैं. इस बीच टीम इंडिया को वेस्टइंडीज ने इस सीरीज की अपनी चौथी और आखिरी पारी में बहुत हैरान कर दिया है. दो टेस्ट की इस सीरीज में अपनी चौथी पारी से पहले मेहमान टीम 250 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाई थी लेकिन दिल्ली टेस्ट की दूसरी पारी में उसने दमदार 390 रन बनाए, जबकि वह फॉलोऑन खेल रही थी. विंडीज के इस साहस के चलते भारत के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव का नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया. उन्होंने किसी टेस्ट की पारी में पहली बार 100 से ज्यादा रन लुटा दिए.
दिल्ली टेस्ट में भारत ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग कर 518/5d के स्कोर पर अपनी पारी घोषित की थी. इसके जवाब में विंडीज की टीम अपनी पहली पारी में 248 रनों पर सिमट गई. पहली पारी के आधार पर भारत को 270 रनों की बढ़त मिली तो कप्तान शुभमन गिल ने मेहमानों को फॉलोऑन दे दिया. सभी को लग रहा था कि विंडीज के बल्लेबाज अपनी दूसरी पारी में भी जल्दी सिमट जाएंगे और भारत यहां पारी के अंतर से जीत दर्ज करेगा. लेकिन इस बार जॉन कैम्बेल (115) और शाई होप (103) ने अपनी साहसी पारियों से अपनी टीम को पारी की शर्मनाक हार से बचा लिया.
हालांकि मैच के परिणाम को विंडीज की टीम फिर भी नहीं बदल पाएगी लेकिन उसने अपनी हार को 5वें दिन तक टाल दिया, जो एक बार फिर से टेस्ट क्रिकेट में खड़े होने की कोशिश कर रही इस कैरिबियाई टीम का शानदार प्रयास है. विंडीज की पहली पारी 248 रनों पर सिमटी तो उसमें कुलदीप यादव का अहम रोल था, जिन्होंने 82 रन देकर 5 विकेट लिए. दूसरी पारी में कुलदीप का जादू कुछ कम हुआ तो विंडीज की टीम को हावी होने का कुछ मौका तो मिल ही गया.
पहली पारी में 27 ओवर फेंकने वाले कुलदीप ने दूसरी पारी में 29 ओवर फेंककर 104 रन लुटाए, जबकि इस बार उनके नाम सिर्फ 3 विकेट ही दर्ज हो पाए. कुलदीप के करियर में यह पहला मौका है, जब उन्होंने किसी टेस्ट की एक पारी में 100 या इससे ज्यादा रन लुटा दिए. हालांकि भारत की ओर से इस मैच में 100 रन लुटाने वाले वह
इकलौते गेंदबाज नहीं हैं. उनके जोड़ीदार रवींद्र जडेजा ने 33 ओवर फेंककर 102 रन खर्च किए, जबकि उन्हें सिर्फ एक ही विकेट मिला.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें