संजू सैमसन ने वेस्टइंडीज से छीनकर भारत की झोली में डाला सेमीफाइनल का टिकट, 97 रन ठोककर दिलाई जीत

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:March 1, 2026 11:35 PM IST

वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 196 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था. भारत की ओर से संजू सैमसन को छोड़कर दूसरा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया.

टी20 वर्ल्ड कप में रविवार को भारत ने संजू सैमसन की नजाकत भरी पारी के दम पर वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है. अब 5 मार्च को दूसरे सेमीफाइनल में मुंबई के वानखेड़े मैदान पर इंग्लैंड से उसकी टक्कर होगी. टीम इंडिया की इस जीत के हीरो संजू सैमसन रहे, जिन्होंने शुरुआत से अंत तक टीम इंडिया का एक छोर संभाले रखा और उन्होंने 50 बॉल की अपनी पारी में 12 चौके और 4 छक्के जमाकर नाबाद 97 रनों की मैच विनिंग पारी खेली थी. इस शानदार पारी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

Advertising
Advertising

भारत ने यहां टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया था. विंडीज ने रोस्टन चेज (40), जेसन होल्डर (37*), रोवमैन पॉवेल (34*), शेई होप (32), शिमरॉन हेटमायर (27) के दम पर 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 195 रन बनाए थे. भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह (2/36) ने सर्वाधिक 2 विकेट अपने नाम किए. उनके अलावा अक्षर पटेल (1/40), वरुण चक्रवर्ती (1/40) ने एक-एक विकेट अपने नाम किए थे.

यह मैच दोनों टीमों के लिए नॉक आउट मैच की तरह था, जहां जीतने वाली टीम को सेमीफाइनल का टिकट मिलना था, जबकि हारने वाली टीम का अभियान यहीं खत्म होना था. ऐसे में भारत के सामने विंडीज ने 196 रनों की दमदार टारगेट रखा था. भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और अभिषेक शर्मा (10) खराब शॉट खेलकर अकील हुसैन का शिकार बन गए. इसके बाद नंबर 3 पर उतरे ईशान किशन (10) का जेसन होल्ड की गेंद पर शानदार कैच लपककर भारत को दूसरा झटका दिया. यह पावरप्ले में भारत को दूसरा झटका था.

इसके बाद क्रीज पर संजू का साथ निभाने कप्तान सूर्यकुमार यादव उतरे. उन्होंने 11वें ओवर तक संजू का साथ निभाया. जब वह 18 के निजी स्कोर पर रन गति बढ़ाने के प्रयास में बड़ा शॉट खेलने निकले तो शेरफेन रुदरफोर्ड ने डीप प्वॉइंट पर बेहतरीन कैच लपकर विंडीज को तीसरी सफलता दिलाई. इसके बाद तिलक वर्मा (27) ने आते ही जरूरत के मुताबिक खेल को आगे बढ़ाया.

एक छोर से संजू अपना विकेट भी बचाए हुए थे और अपनी पसंदीदा गेंदों को बाउंड्रीज की सैर करा रहे थे. वहीं तिलक ने भी उनका बढ़िया साथ निभाया. जब वह जेसन होल्डर की गेंद पर मिड ऑफ पर खड़े शिमरॉन हेटमायर के सिर के ऊपर से बॉल को निकालकर चौका जड़ना चाह रहे थे वहां होल्डर की स्लो बॉल में हेटमायर ने उनका बेहतरीन कैच लपक लिया. अच्छा शॉट खेलकर आउट हुए तिलक को भी यह कैच देखकर भरोसा नहीं हुआ. तिलक ने 15 बॉल की पारी में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 27 रन बनाए.

यहां से हार्दिक पांड्या क्रीज पर उतरे और उन्होंने आउट होने से पहले 17 रनों का योगदान दिया. वह शेमार जोसेफ की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर्स पर खड़े जेसन होल्डर को कैच थमा बैठे. यह भारत को 19वें ओवर में 5वां झटका था, जबकि भारत जीत से 17 रन दूर था. हालांकि क्रीज पर आए शिवम दुबे ने यहां 2 चौके जड़कर दबाव वेस्टइंडीज पर बरकरार रखा और अंतिम ओवर की पहली 2 बॉल पर संजू ने छक्का और चौका जड़कर भारत की झोली में जीत और सेमीफाइनल का टिकट दोनों डाल दिए.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें