टीम इंडिया को मिला नया कोच, जानिए कौन हैं साईराज बहुतुले; अब तक कैसी रही है क्रिकेट जर्नी
पूर्व भारतीय ऑलराउंडर साईराज बहुतुले को टीम इंडिया का नया स्पिन बॉलिंग कोच बनाया गया है. जानिए उनका क्रिकेट करियर, रिकॉर्ड और अब तक का सफर.
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद, साईराज बहुतुले ने कोचिंग की दुनिया में कदम रखा. (Photo from IANS)
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने पूर्व भारतीय ऑलराउंडर साईराज बहुतुले को टीम इंडिया का नया स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया है. बोर्ड ने मंगलवार (2 जून) को इसकी आधिकारिक घोषणा की. बहुतुले अब सभी फॉर्मेट में भारतीय टीम के स्पिन गेंदबाजों को ट्रेनिंग देंगे और अगली पीढ़ी के स्पिनर्स को तैयार करने में अहम भूमिका निभाएंगे. बीसीसीआई ने कहा कि बहुतुले के अनुभव और क्रिकेट समझ को देखते हुए उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है. भारतीय टीम के लिए यह नियुक्ति इसलिए भी खास मानी जा रही है, क्योंकि आने वाले समय में भारत को कई बड़े विदेशी दौरे और ICC टूर्नामेंट खेलने हैं.
कौन हैं साईराज बहुतुले?
अब बात करें साईराज बहुतुले कौन हैं? तो बता दें कि मुंबई में जन्मा यह खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में अपनी शानदार प्रदर्शन के लिए जाना जाता था. इन्होंने बतौर लेग स्पिनर और ऑलराउंडर क्रिकेट खेला. बहुतुले ने भारत के लिए 2 टेस्ट और 8 वनडे मैच भी खेले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा. उन्होंने 188 फर्स्ट क्लास मैचों में 6176 रन बनाए, जिसमें 9 शतक और 26 अर्धशतक शामिल हैं. गेंदबाजी में भी उन्होंने कमाल किया और फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 630 विकेट अपने नाम किए. घरेलू क्रिकेट में वह लंबे समय तक मुंबई टीम के अहम खिलाड़ी रहे और रणजी ट्रॉफी में कई मैच जिताऊ प्रदर्शन किए.
खिलाड़ी से सफल कोच बनने तक का सफर
क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद, साईराज बहुतुले ने कोचिंग की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे खुद को भारत के सम्मानित कोचों में शामिल कर लिया. उन्होंने विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल जैसी घरेलू टीमों के हेड कोच के तौर पर काम किया. इसके अलावा, IPL में राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स जैसी टीमों के साथ स्पिन बॉलिंग कोच की भूमिका निभाई. बहुतुले को खास तौर पर युवा स्पिन गेंदबाजों के साथ काम करने के लिए जाना जाता है. यही वजह है कि BCCI लंबे समय से उन्हें भारतीय क्रिकेट सिस्टम में बड़ी भूमिका देने पर विचार कर रहा था.
इंडिया A और NCA के साथ भी किया काम
साईराज बहुतुले ने कई बार इंडिया A और भारतीय सीनियर टीम के साथ स्पेशलिस्ट बॉलिंग कोच के तौर पर भी काम किया है. 2021 से 2024 तक वह बीसीसीआई की नेशनल क्रिकेट एकेडमी यानी NCA (अब सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के कोचिंग स्टाफ का अहम हिस्सा रहे. यहां उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों और उभरते स्पिनर्स को ट्रेनिंग दी. भारतीय क्रिकेट में नई प्रतिभाओं को तैयार करने में उनका योगदान काफी अहम माना जाता है. बहुतुले की खासियत यह मानी जाती है कि वह तकनीकी सुधार के साथ-साथ खिलाड़ियों के मानसिक खेल पर भी काफी ध्यान देते हैं.
नियुक्ति पर क्या बोले साईराज बहुतुले?
नई जिम्मेदारी मिलने के बाद, साईराज बहुतुले ने खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का स्पिन बॉलिंग कोच बनना उनके लिए बेहद सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि खिलाड़ी के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना गर्व का पल था और अब कोचिंग के जरिए फिर से भारतीय क्रिकेट में योगदान देने का मौका मिलना उनके लिए बहुत खास है. बहुतुले ने कहा कि वह खिलाड़ियों के साथ मिलकर काम करने और टीम इंडिया को सभी फॉर्मेट में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद करने के लिए उत्साहित हैं. क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि उनके अनुभव का फायदा भारतीय स्पिन गेंदबाजों को आने वाले समय में जरूर मिलेगा.
(इनपुट-एजेंसी के साथ)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें