89 साल का इंतजार, क्या शुभमन गिल बदल पाएंगे मैनचेस्टर का इतिहास

भारतीय टीम ने अभी तक मैनचेस्टर के मैदान पर कोई टेस्ट मैच नहीं जीता है. भारतीय टीम को सीरीज में बने रहने के लिए बुधवार से शुरू हो रहे टेस्ट मैच को जीतना जरूरी है.

Published date india.com Published: July 21, 2025 6:43 PM IST
india vs england
india vs england

नई दिल्ली: भारत-इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर टेस्ट सीरीज का चौथा मैच खेला जाना है. और इस मैदान पर भारत का रिकॉर्ड कुछ ऐसा है जिसे देखकर टीम इंडिया और उसके फैंस की टेंशन बढ़ सकती है. भारत ने 89 साल से इस मैदान पर कोई मुकाबला नहीं जीता है. लेकिन इस बार भारत को इतिहास बदलना होगा. वरना सीरीज उसके हाथ से निकल जाएगी.

भारत ने इस मैदान पर खेले हैं 9 टेस्ट, अभी तक नहीं जीता

भारत ने साल 1936 से लेकर अब तक ओल्ड ट्रैफर्ड में कुल नौ टेस्ट खेले हैं, जिसमें उसे चार मुकाबले गंवाने पड़े. वहीं, पांच मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए. भारत ने ओल्ड ट्रैफर्ड में जुलाई 1936 में पहली बार टेस्ट मैच खेला था, जो ड्रॉ रहा. इसके बाद जुलाई 1946 में एक बार फिर दोनों टीमों के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा.

यहां जुलाई 1952 में इंग्लैंड की टीम ने भारत के खिलाफ पारी और 207 रन से बड़ी जीत दर्ज की. इसके बाद टीम इंडिया को जुलाई 1959 में खेले गए टेस्ट में 171 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी.

भारत ने इस मैदान पर अगस्त 1971 में पांचवां टेस्ट खेला, जो ड्रॉ रहा. इसके बाद यहां जून 1974 में टीम इंडिया को 113 रन से शिकस्त झेलनी पड़ी. जून 1982 और अगस्त 1990 में इस मैदान पर भारत-इंग्लैंड के बीच खेले गए टेस्ट मैच ड्रॉ रहे, जबकि अगस्त 2014 में भारत को पारी और 54 रन से हार झेलनी पड़ी.

12 साल बाद भारत इस मैदान पर खेल रहा है

टीम इंडिया करीब 12 साल बाद इस मैदान पर टेस्ट मैच खेलने जा रही है. इस बार टीम की कमान युवा कप्तान के हाथों में है. शुभमन गिल की कप्तानी में भारत बर्मिंघम में पहली बार टेस्ट मैच जीत चुका है. ऐसे में देश को 25 वर्षीय खिलाड़ी से खासा उम्मीदें हैं.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले को पांच विकेट से गंवाया था. इसके बाद टीम इंडिया ने दूसरे टेस्ट को 336 रन के अंतर से जीतकर सीरीज में बराबरी कर ली.

लॉर्ड्स में जीत सकती थी टीम इंडिया

टीम इंडिया के पास लॉर्ड्स टेस्ट को जीतकर सीरीज में बढ़त हासिल करने का शानदार मौका था, लेकिन इस रोमांचक मैच में उसे 22 रन से करीबी हार झेलनी पड़ी.

फिलहाल पांच मुकाबलों की सीरीज में इंग्लैंड के पास 2-1 से लीड है. टीम इंडिया को सीरीज जीतने के लिए हर हाल में शेष दो मुकाबले अपने नाम करने होंगे.

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.