Asia Cup 2025: नौसिखिया ओमान को हराने में भारत के छूटे पसीने, PAK के खिलाफ मैच से पहले IND के लिए खतरे की घंटी
India vs Oman, Asia Cup 2025: भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 188 रन का स्कोर बनाया. जवाब में ओमान की टीम 4 विकेट पर 167 रन ही बना सकी.
अबू धाबी: टीम इंडिया को एशिया कप 2025 के अंतिम लीग मैच में नौसिखिया ओमान क्रिकेट टीम को हराने में पसीने छूट गए. अबू धाबी के शेख जायेद स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 188 रन का स्कोर बनाया. इसके बाद ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम आसानी से ओमान को बड़े अंतर से रौंद देगी. लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
भारतीय टीम बेशक 21 रन से मुकाबला जीत गई हो, लेकिन ओमान के बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर कुटाई कर दी. ओमान की टीम 4 विकेट पर 167 रन ही बना सकी.
सुपर-4 में अब भारत की पाकिस्तान की होगी भिड़ंत
इस जीत के बाद भारत ने ग्रुप-ए में तीन मैचों में लगातार तीन जीत के साथ छह अंक लेकर अपने ग्रुप में टॉप पर रहते हुए लीग चरण का समापन किया. सुपर-4 में अब भारत के सामना पाकिस्तान से रविवार को होगा. ओमान के खिलाफ लीग मैच में भारतीय गेंदबाजों द्वारा सिर्फ चार विकेट लेना, पाकिस्तान के खिलाफ रविवार को सुपर-4 में होने वाले मुकाबले से पहले चिंता का विषय है.
ओमान के लिए आमिर कलीम ने सबसे ज्यादा 64 रन बनाए. उन्होंने 46 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के लगाए. उनके अलावा हमाद मिर्जा ने 33 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 51 रन और कप्तान जतिंदर सिंह ने 32 रन का योगदान दिया.
IND vs OMAN: कप्तान सूर्यकुमार के साथ हो गया 'रोहित शर्मा वाला कांड', फैंस की हंसी छूटी
भारत के लिए हार्दिक, अर्शदीप, हर्षित और कुलदीप यादव ने एक-एक विकेट चटकाए.
ओमान के खिलाफ बैटिंग करने नहीं उतरे सूर्यकुमार यादव
इससे पहले, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने मध्यक्रम में हर खिलाड़ी को मौका देने का फैसला किया और संजू सैमसन ने क्रीज पर मिले समय का पूरा इस्तेमाल किया जिससे भारत ने आठ विकेट पर 188 रन का स्कोर खड़ा किया. उप कप्तान शुभमन गिल के सस्ते में आउट होने के बाद सैमसन (45 गेंद में 56 रन) को शीर्ष तीन में बल्लेबाजी करने का मौका मिला.
पिच थोड़ी धीमी थी, लेकिन तीन चौके और तीन छक्के जड़ित पारी से सैमसन का आत्मविश्वास जरूर बढ़ा होगा. सैमसन ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाह फैसल की गेंद पर पहला छक्का लांग ऑन पर लगाया गया लेकिन मैच टाइम’ की कमी साफ दिखाई दी क्योंकि उन्हें रन बनाने में दिक्कत हो रही थी. सातवें नंबर पर आए तिलक वर्मा (18 गेंद में 29 रन) ने भी स्कोर बढ़ाने में योगदान दिया.
यह बिल्कुल स्पष्ट था कि रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच से पहले भारत इस औपचारिक मैच में पहले बल्लेबाजी करना पसंद करेगा और सुपर 4 की शुरुआत से पहले 20 ओवर खेलना चाहेगा ताकि उसके मध्यक्रम को क्रीज पर पर्याप्त समय मिल सके.
बल्लेबाजी क्रम में बदलाव करके सैमसन को उनका पसंदीदा स्थान दिया गया और अक्षर पटेल (13 गेंद में 26 रन) को विशेषज्ञ बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक या बल्लेबाजी ऑलराउंडर शिवम दुबे (05) से आगे भेजा गया.
इससे कप्तान सूर्यकुमार ने खुद को 11वें नंबर पर पहुंचा दिया. उन्होंने हार्दिक पंड्या को भी मौका दिया लेकिन दुर्भाग्य से सैमसन की स्ट्रेट ड्राइव गेंदबाज के हाथों से टकराकर नॉन स्ट्राइकर छोर पर स्टंप पर जा लगी जिससे वह रन आउट हो गए.
अक्षर ने अपना काम बखूबी किया और सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा द्वारा निर्धारित लय को बनाए रखा. अभिषेक ने फिर से 15 गेंद में 38 रन की तेज पारी खेली जो उनका लगातार तीसरा 30 या उससे अधिक रन का स्कोर रहा.
अंत में हर्षित राणा ने भी नाबाद 13 रन की पारी खेली और आखिरी गेंद पर छक्का लगाया. शुभमन गिल का रन नहीं बना पाना चिंता का विषय नहीं है लेकिन टीम प्रबंधन चाहेगा कि उनका कोई सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज टूर्नामेंट के अंतिम छोर में अच्छा प्रदर्शन करे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें