IND vs SA 1st Test: वर्षाबाधित टेस्ट मैच के पहले दिन रबाडा ने खोला 'पंजा', केएल राहुल के नाबाद अर्धशतक से भारत 208/8

India vs South Africa 1st Test: तीसरे सत्र में 59वें ओवर के बाद खराब रोशनी के कारण खेल में रूकावट आई और फिर बारिश के कारण आगे का खेल संभव नहीं हुआ. अंपायरों ने इसके बाद दिन के खेल को समाप्त घोषित कर दिया.

Written by: Ezaz Ahmad Edited by: Ezaz Ahmad
Updated: December 26, 2023, 10:00 PM IST

सेंचुरियन: अनुभवी तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा (44 रन पर पांच विकेट) की शानदार गेंदबाजी के बूते दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों की सीरीज के शुरुआती टेस्ट मैच के बारिश से प्रभावित पहले दिन मंगलवार को खेल खत्म होने तक भारत के 208 रन तक आठ विकेट चटका दिए. तीसरे सत्र में 59वें ओवर के बाद खराब रोशनी के कारण खेल में रूकावट आई और फिर बारिश के कारण आगे का खेल संभव नहीं हुआ. अंपायरों ने इसके बाद दिन के खेल को समाप्त घोषित कर दिया.

खेल खत्म होने के समय तक विकेटकीपर बल्लेबाज लोकेश राहुल 105 गेंद में 70 रन बनाकर नाबाद थे. उन्होंने अपनी पारी में अब तक 10 चौके और दो छक्के जड़े हैं. क्रीज पर उनके साथ मोहम्मद सिराज (शून्य) मौजूद थे. राहुल ने भारतीय टीम के पिछले दौरे (2021) पर इस मैदान पर पारी का आगाज करते हुए शतक जड़ा था.

रबाडा ने लंबे समय तक ऑफ स्टंप के बाहर मुश्किल लाइन लेंथ पर गेंदबाजी करके भारतीय बल्लेबाजों को परेशान किया. उन्होंने अब तब 17 ओवर में 44 रन देकर पांच विकेट लिए, जो भारत के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. लंच और चाय के विश्राम के बीच भारत ने चार विकेट गंवाए और यह चारों सफलता रबाडा के नाम रही. उन्होंने रोहित शर्मा (पांच), विराट कोहली (38) और श्रेयस अय्यर (31) को आउट किया. रबाडा ने फिर रविचंद्रन अश्विन (आठ) और कुछ आक्रामक शॉट लगाने वाले शार्दुल ठाकुर (24) का विकेट लेकर टेस्ट क्रिकेट में 14वीं बार पांच विकेट लेने का कारनामा पूरा किया.

राहुल ने एक छोर से विकेटों के पतन के बीच सूझबूझ से बल्लेबाजी की. उनकी पारी में आक्रमण और धैर्य का शानदार मिश्रण दिखा. जब कोहली पांचवें बल्लेबाज के रूप में आउट हुए थे तब टीम का स्कोर 107 रन था. राहुल ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ अब तब 101 रन जोड़ लिए हैं. उन्होंने इस दौरान शार्दुल के साथ सातवें विकेट के लिए 43, जसप्रीत बुमराह (01) के साथ आठवें विकेट के लिए 27 और सिराज (01) के साथ नौवें विकेट के लिए 17 रन की अटूट साझेदारी कर ली.

भारत के लिए विराट कोहली (38), श्रेयस अय्यर (31) अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में बदलने में नाकाम रहे. दक्षिण अफ्रीका के लिए कैगिसो रबाडा ने पांच विकेट लिए. भारत के खिलाफ उन्होंने पहली बार टेस्ट पारी में पांच विकेट झटके.

(भाषा)

संबंधित खबरे

Add India.com as a Preferred Source Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.