IND vs WI: भारत की सेमीफाइनल सीट पक्की, 43 साल से को नहीं हरा पाया है वेस्टइंडीज

Written By: Bharat Malhotra Updated by: Bharat Malhotra
Updated Date:March 1, 2026 12:30 PM IST

भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 का मुकाबला खेला जाएगा. इस मैच को जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में जाएगी.

नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में सुपर 8 का आखिरी मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला एक तरह से क्वॉर्टर फाइनल ही है. जो इस मैच को जीतेगा वह सेमीफाइनल में जगह बना लेगा. शनिवार देर रात श्रीलंका भले ही पाकिस्तान से हार गया हो लेकिन नेट रनरेट के आधार पर न्यूजीलैंड की टीम ने सेमीफाइनल में जगह बना ली. इस तरह अब सेमीफाइनल की चार में से तीन टीमें तय हो चुकी हैं. साउथ अफ्रीका, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड. अब सिर्फ एक की जगह बची है. और भारत और वेस्टइंडीज के बीच में से कोई एक ही वहां पहुंच पाएगी. भारत और वेस्टइंडीज का मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस मैदान पर होगा. और यहीं पर भारतीय फैंस की उम्मीदें टिकी हैं.

Advertising
Advertising

कैसा रहा है भारत और वेस्टइंडीज का सफर

सुपर 8 में भारत और वेस्टइंडीज दोनों ने जिम्बाब्वे को हराया और साउथ अफ्रीका के खिलाफ उसे हार का सामना करना पड़ा. इस ग्रुप से साउथ अफ्रीका पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच चुका है. आज उसे जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना है लेकिन उस मुकाबले का टूर्नामेंट पर कोई असर नहीं होगा. अब सारा दारोमदार इस मैच पर है. अगर किसी वजह से दोनों टीमों को अंक बांटना पड़ता है तो बेहतर रनरेट के आधार पर वेस्टइंडीज की टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी. तो भारत को इस मुकाबले से पूरे दो अंक चाहिए.

भारत और वेस्टइंडीज का Head-to-Head

भारत और वेस्टइंडीज के बीच कुल 30 टी20 इंटरनेशनल मैच हुए हैं. इसमें से भारत ने 19 और वेस्टइंडीज ने 10 मैच जीते हैं. एक मैच का नतीजा नहीं निकल पाया है. यानी यहां भी भारतीय टीम का पलड़ा भारी है. दोनों टीमों के बीच हुए बीते 10 टी20 इंटरनेशनल मैचों में से भारत ने छह और वेस्टइंडीज ने चार मैच जीते हैं. वहीं पिछले 5 मैचों में वेस्टइंडीज ने तीन बार जीत हासिल की है.

भारत के लिए कैसा रहा है ईडन गार्डंस मैदान

ईडन गार्डंस की बात करें तो भारत ने इस मैदान पर कुल 74 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं. इसमें से 34 जीते हैं और 19 हारे हैं. 20 मैच ड्रॉ रहे हैं. वहीं एक मैच का नतीजा नहीं निकला. वहीं टी20 इंटरनेशनल मैचों की बात करें तो यहां खेले 8 में से सात मैच भारतीय टीम जीती है. इस मैदान पर भारत टी20 इंटरनेशनल में आखिरी बार 2011 में हारा था. तब इंग्लैंड ने उसे मात दी थी. उसके बाद खेले गए सातों मैच भारत जीता है. आखिरी बार जनवरी 2025 में उसने इंग्लैंड को ही इस मैदान पर मात दी थी.

वेस्टइंडीज के खिलाफ कैसा है भारत का ईडन पर रिकॉर्ड

बात वेस्टइंडीज की करें तो भारतीय टीम का ईडन गार्डंस के इस मैदान पर उसके खिलाफ कमाल का रिकॉर्ड है. दोनों टीमों के बीच यहां चार टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं और हर बार भारत जीता है. फरवरी 2022 में यहां दोनों टीमों के बीच तीन टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज हुई और तीनों मैच भारत ने जीते.

आखिरी बार 1983 में जीता था वेस्टइंडीज

अगर और पुराने आंकड़े देखें तो 43 साल से वेस्टइंडीज की टीम ईडन गार्डंस पर भारत को किसी भी फॉर्मेट में नहीं हरा पाई है. दोनों के बीच यहां 9 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं जिसमें से दो ड्रॉ रहे हैं. साल 1983 में आखिरी बार वेस्टइंडीज ने भारत को इस मैदान पर हराया था. तब वेस्टइंडीज पारी और 46 रन से जीता था.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें