सिर्फ 7 मैच खेल इस भारतीय खिलाड़ी ने क्रिकेट से लिया संन्यास, विराट-रोहित के लिए कही ये बात
केएस भरत ने 32 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है. उन्होंने रोहित शर्मा, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ के लिए भावुक संदेश लिखे हैं.
भरत ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), अपने कोचों और टीम मैनेजमेंट का भी आभार व्यक्त किया. (Photo from IANS)
भारतीय टेस्ट टीम के विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने महज 32 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान किया है. आंध्र प्रदेश से आने वाले भरत ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए इस बात की घोषणा की. हालांकि, उनका अंतरराष्ट्रीय करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन उन्होंने इसे अपने जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि बताया. संन्यास की घोषणा के बाद उनके फैंस और क्रिकेट जगत के कई लोगों ने उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं.
भावुक पोस्ट कर पूरा सफर याद किया
केएस भरत ने पोस्ट में लिखा कि भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके जीवन का सबसे बड़ा सम्मान और गौरव रहा है. उन्होंने कहा कि इस मुकाम तक पहुंचने के लिए उन्हें कई चुनौतियों, संघर्षों और कठिन दौर से गुजरना पड़ा. लेकिन जब उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भारत की जर्सी पहनी तो हर त्याग और मेहनत सफल लगने लगी. भरत ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI), अपने कोचों और टीम मैनेजमेंट का भी आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि उन्हें हमेशा सीखने और बेहतर बनने का माहौल मिला. इसके अलावा, उन्होंने अपने साथी खिलाड़ियों को भी धन्यवाद दिया, जिनके सहयोग और भरोसे ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. भरत ने अपने संदेश में यह भी कहा कि क्रिकेट ने उन्हें सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं बल्कि एक बेहतर इंसान भी बनाया.
विराट-रोहित और राहुल द्रविड़ को कहा धन्यवाद
अपने संन्यास संदेश में केएस भरत ने तीन बड़े नामों का जिक्र किया. उन्होंने विराट कोहली को धन्यवाद देते हुए कहा कि IPL में डेब्यू का मौका देकर उन्होंने उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाई. वहीं भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के बारे में भरत ने कहा कि उनके नेतृत्व में टेस्ट डेब्यू करना उनके जीवन के सबसे यादगार पलों में से एक रहेगा. पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ को याद करते हुए भरत ने कहा कि इंडिया-ए टीम से लेकर भारतीय टीम तक उनके मार्गदर्शन और समर्थन ने उनके करियर को नई दिशा दी. भरत का मानना है कि द्रविड़ के भरोसे और मार्गदर्शन की वजह से ही वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट खेलने का सपना पूरा कर सके.
भरत ने कब डेब्यू किया था?
बता दें कि केएस भरत ने फरवरी, 2023 में नागपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था. उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला फरवरी 2024 में विशाखापट्टनम में इंग्लैंड के खिलाफ खेला. भारत के लिए उन्होंने 7 टेस्ट मैचों की 12 पारियों में 221 रन बनाए और उनका सर्वोच्च स्कोर 44 रन रहा. विकेट के पीछे भी उन्होंने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 18 कैच और 1 स्टंपिंग की. हालांकि, आंकड़ों के लिहाज से उनका अंतरराष्ट्रीय करियर बहुत बड़ा नहीं रहा. लेकिन उन्हें भारतीय टेस्ट टीम का हिस्सा बनने का गौरव हमेशा याद रहेगा. सीमित मौकों के बावजूद उन्होंने टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश की और मैदान पर हमेशा सकारात्मक रवैया बनाए रखा.
घरेलू क्रिकेट में छोड़ी मजबूत छाप
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सीमित अवसर मिलने के बावजूद घरेलू क्रिकेट में केएस भरत का रिकॉर्ड शानदार रहा है. उन्होंने 113 फर्स्ट क्लास मैचों में 6,102 रन बनाए, जिसमें 11 शतक और 34 अर्धशतक शामिल हैं. उनका सर्वोच्च स्कोर 308 रन रहा. विकेटकीपर के रूप में उन्होंने 380 कैच और 42 स्टंपिंग भी की हैं. इसके अलावा उन्होंने 83 लिस्ट-ए मैचों में 2,692 रन और 91 टी20 मुकाबलों में 1,812 रन बनाए.
आईपीएल में भी वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों का हिस्सा रहे. संन्यास के बाद भरत क्रिकेट से पूरी तरह दूर नहीं होंगे. उन्होंने संकेत दिया है कि वह कोचिंग और मेंटरशिप के जरिए युवा खिलाड़ियों को तैयार करने में अपनी भूमिका निभाएंगे और आने वाली पीढ़ी को अपने अनुभवों से लाभ पहुंचाएंगे.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें