नई दिल्ली. भारत को 27 जुलाई से श्रीलंका दौरे की शुरुआत करनी है, जहां वह सीमित ओवरों में 3-3 मैचों की दो सीरीज खेलेगी. विराट कोहली और रोहित शर्मा टी20 फॉर्मेट में अब और नहीं खेलेंगे, जबकि वनडे सीरीज से उन्होंने आराम मांगा है. इन दोनों के अलावा स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने भी इस दौरे से आराम मांगा है. ऐसे में सवाल यह है कि टीम इंडिया इस दौरे पर किस खिलाड़ी की कप्तानी में उतरेगी. क्या वह दोनों फॉर्मेट में अलग-अलग खिलाड़ियों को कप्तान बनाएगी या फिर किसी एक ही खिलाड़ी के नेतृत्व में खेलने उतरेगी.
अगर भारतीय टीम मैनेजमेंट एक ही खिलाड़ी की कप्तानी में यह दौरा देख रहा है, तब स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या टीम का नेतृत्व करते दिख सकते हैं. क्योंकि वह दोनों ही फॉर्मेट में भारतीय टीम का हिस्सा हैं और हाल ही में सम्पन्न हुई टी20 वर्ल्ड कप में वह उपकप्तान भी थे, जहां उन्होंने अपने शानदार परफॉर्मेंस से भारतीय टीम को खिताब जिताने में अहम रोल निभाया.
दूसरी ओर मैनेजमेंट के पास केएल राहुल का भी विकल्प है. हालांकि राहुल पिछले कुछ समय से भारत की टी20 फॉर्मेट में योजनाओं का हिस्सा नहीं रहे हैं. हालांकि वह पिछले साल खत्म हुए वनडे वर्ल्ड कप में उपकप्तान के तौर पर खेले थे. देखना है कि क्या टी20 फॉर्मेट से रोहित शर्मा और विराट कोहली का करियर खत्म होने के बाद क्या राहुल को इस फॉर्मेट में मौका मिलता है या फिर टीम इंडिया युवा खिलाड़ियों के दम पर ही इस फॉर्मेट में आगे बढ़ना चाहती है और वह अगले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अभी से अपनी योजनाओं पर काम शुरू करने के मूड में है.
इसके अलावा टीम मैनेजमेंट की नजर कार्यवाहक कोच वीवीएस लक्ष्मण के साथ जिम्बाब्वे दौरे पर गई टीम इंडिया पर भी होगी, जहां युवा बल्लेबाज शुभमन गिल टीम की कमान संभाल रहे हैं. अगर गिल अपनी कप्तानी और अपने प्रदर्शन से यहां टीम मैनेजमेंट को प्रभावित करते हैं तो फिर यह भी संभव है कि टीम मैनेजमेंट श्रीलंका दौरे पर हार्दिक पांड्या को भी आराम देना पसंद करे और वहां भी शुभमन गिल की कप्तानी में ही टी20 सीरीज खेलने उतरे, जबकि वनडे फॉर्मेट में वह केएल राहुल को यह जिम्मेदारी सौंप सकता है.
इसके अलावा एक और विकल्प यह भी हो सकता है कि भारतीय टीम मैनेजमेंट चौंकाने वाला फैसला लेकर श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम को इस दौरे पर भेजे. अय्यर ने हाल ही में अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब जितवाया है. वह इस टी20 वर्ल्ड कप में तो भारतीय टीम का हिस्सा नहीं थे लेकिन इससे पहले वह वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया में खेले थे और उन्होंने मिडल ऑर्डर में कई कमाल की पारियां खेली थीं. अय्यर युवा खिलाड़ी हैं, जो टी20 फॉर्मेट में भी आराम से सेट हो सकते हैं.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.