वीमिन ट्राई सीरीज- भारत vs साउथ अफ्रीका @ICCTwitter
साउथ अफ्रीका में टी20 वर्ल्ड कप से पहले खेली गई त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में टीम इंडिया को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है. फाइनल में उसने मेजबान टीम के सामने सिर्फ 110 रनों की साधारण चुनौती पेश की थी. हालांकि भारतीय टीम की स्पिन गेंदबाजों ने मैच को फंसाने की पूरी कोशिश की. लेकिन श्योले ट्रायॉन (Chloe Tryon) की ताबड़तोड़ नाबाद फिफ्टी ने अपनी टीम मुश्किल में फंसने से पहले ही निकाल दिया.
ट्रायॉन ने 32 बॉल में 6 चौके और 2 छक्कों की बदौलत नाबाद 57 रन बनाए. भारत की ओर से स्नेहा राणा ने 2, जबकि दीप्ति शर्मा, राजेश्वरी गायकवाड़ और रेणुका सिंह ठाकुर ने भी 1-1 विकेट अपने नाम किया. इस मैच से पहले भारतीय टीम इस सीरीज में अजेय थी. फाइनल में पहुंचने से पहले उसने खेले 4 मैचों में से 3 में जीत दर्ज की थी, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया था.
हालांकि आज उसकी चमक शुरुआत से ही फीकी रही. टॉस जीतकर पहले बैटिंग पर उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद खराब रही. स्मृति मंधाना (0) अपना खाता खोले बगैर आउट हो गईं. उनकी साथी जेमिमा रोड्रिग्स भी सिर्फ 11 रन ही बना पाईं.
नंबर 3 पर हरलीन देओल ने पारी को संभालने की कोशिश की और उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर (21) के साथ 48 रन की साझेदारी की. हरलीन 56 बॉल में 46 रन जरूर बनाए लेकिन वह भारतीय पारी को रफ्तार नहीं दे पाईं. इसके चलते टीम इंडिया 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर सिर्फ 109 रन ही बना पाई.
इसके जवाब में भारतीय स्पिनरों ने साउथ अफ्रीका को दबाव में जरूर घेरा, जब उसने पावरप्ले में उसे सिर्फ 19 रन ही बनाने दिए और 2 विकेट अपने नाम किए. लेकिन साउथ अफ्रीका के लिए नंबर 5 पर उतरीं श्योले ट्रायॉन ने परिस्थितियों को भांपते हुए तेजी से रन बनाए और अपनी टीम को जीत की ओर ले गईं.
दोनों टीमों को अब 10 फरवरी से साउथ अफ्रीका में ही शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा लेना है. वर्ल्ड कप से पहले इस सीरीज का अनुभव तीनों टीमों के काम आएगा. वेस्टइंडीज इस त्रिकोणीय सीरीज में तीसरी टीम थी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.