
Ezaz Ahmad
नमस्कार! मैं एजाज अहमद (Ezaz Ahmad), 1 नवंबर 2022 से अब तक India.Com (Zee Media) में स्पोर्ट्स डेस्क पर सीनियर सब एडिटर के पद कार्यरत हूं. मैं पिछले 12 वर्षों ... और पढ़ें
CSK vs LSG 39th Match, IPL 2024: मार्कस स्टोयनिस (नाबाद 124) के पहले आईपीएल शतक के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल 2024 के 39वें मैच में मंगलवार को मेजबान चेन्नई सुपर किंग्स को 6 विकेट से हरा दिया. चेन्नई सुपर किंग्स ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में अपने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (नाबाद 108) के शानदार शतक और शिवम दुबे की विस्फोटक पारी की बदौलत पहले बैटिंग करते हुए 210/4 का स्कोर बनाया, जिसे लखनऊ ने स्टोयनिस की मैच विनिंग शतक के दम पर 4 विकेट खोकर तीन गेंद शेष रहते हासिल कर लिया. लखनऊ ने इस सीजन में लगातार दूसरी बार चेन्नई को रौंदा है.
लखनऊ ने इस सीजन में आठ मैचों में अपनी पांचवीं जीत दर्ज कर ली है और अब टीम के 10 अंक हो गए हैं. लखनऊ अब अंकतालिका में चौथे नंबर पर पहुंच गई है. वहीं, आठ मैचों में चौथी हार के बाद चेन्नई की टीम अब पांचवें नंबर पर खिसक गई है.
चेन्नई से मिले 211 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत खराब रही और क्विंटन डिकॉक (0) पहले ही ओवर की तीसरी गेंद पर खाता खोले बिना आउट हो गए. लेकिन इसके बाद मार्कस स्टोयनिस ने कप्तान केएल राहुल (16) के साथ दूसरे विकेट के लिए 33, देवदत्त पडिकल (13) के साथ तीसरे विकेट के लिए 55 रनों की और निकोलस पूरन (34) के साथ चौथे विकेट के लिए 70 रनों की साझेदारी करके लखनऊ को मैच में बनाए रखा.
लखनऊ को मैच जीतने के लिए अंतिम चार ओवरों में 54 रनों की दरकार थी और पूरन तथा स्टोयनिस की दो धाकड़ जोड़ी क्रीज पर मौजूद थी. लेकिन माथिराना ने 17वें ओवर में पूरन को आउट करके लखनऊ को बड़ा झटका दे दिया. इसके बाद स्टोयनिस ने आईपीएल में अपना पहला शतक ठोककर लखनऊ की उम्मीदों को जिंदा रखा. लखनऊ को जीत के लिए अंतिम दो ओवरों में 32 रन चाहिए थे और स्टोयनिस अभी भी क्रीज पर खड़े थे. टीम को अंतिम ओवर में जीत के लिए 17 रन बनाने थे और स्टोयनिस ने तीन गेंद शेष रहते लखनऊ को शानदार जीत दिला दी. स्टोयनिस ने 63 गेंदों पर 13 चौके और छह छक्के लगाए. दीपक हुड्डा ने भी छह गेंदों पर नाबाद 17 रन बनाए.
इससे पहले, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की नाबाद शतकीय पारी और शिवम दुबे के साथ चौथे विकेट के लिए 46 गेंद में 104 रन की शानदार पारी के दम पर चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) ने चार विकेट पर 210 रन बनाए. गायकवाड़ ने 60 गेंद की नाबाद पारी में 12 चौके और तीन छक्के लगाये दुबे ने 27 गेंद की ताबड़तोड़ पारी में सात छक्के और तीन चौके लगाए. दोनों की शानदार साझेदारी से टीम पावर प्ले में धीमी बल्लेबाजी (दो विकेट पर 49) से उबरने में सफल रही.
पारी के पहले ओवर में अजिंक्य रहाणे (एक) के आउट होने के बाद गायकवाड़ ने एक छोर संभाले रखा और रन गति को ज्यादा कम नहीं होने दिया। हेनरी की गेंद पर विकेट के पीछे कप्तान लोकेश राहुल ने रहाणे का शानदार कैच लपका. गायकवाड़ ने अपनी पारी में ताकतवर शॉट लगाने की जगह टाइमिंग से गेंद को गैप में खेल कर लगातार अंतराल पर चौके लगाए. उन्होंने इस दौरान 28 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया.
गायकवाड़ ने इससे पहले डेरिल मिचेल (11) और रविंद्र जडेजा (16) के साथ पारी को संवारने का काम किया। खराब लय में चल रहे रचिन रविंद्र की जगह टीम में शामिल हुए मिचेल चार रन के स्कोर पर मिले जीवनदान का फायदा उठाने में नाकाम रहे। जडेजा भी 19 गेंद की पारी में प्रभाव नहीं छोड़ सके.
दुबे के क्रीज पर आने के बाद गायकवाड़ के कंधे से दबाव कम हुआ। दुबे ने अपने चिर-परिचित अंदाज में कुछ बड़े शॉट लगाये। बाये हाथ के इस बल्लेबाज ने 13वें ओवर में मार्कस स्टोइनिस के खिलाफ टीम का पहला छक्का लगाया. गायकवाड़ ने भी ऑस्ट्रेलिया के इस हरफनमौला के खिलाफ अपना पहला छक्का जड़ा।
दुबे ने यश ठाकुर के खिलाफ हैट्रिक छक्का लगाकर टीम की रन गति को तेज किया। गायकवाड़ ने 18वें ओवर में यश की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर के ऊपर से छक्का और फिर चौका लगाकर आईपीएल का अपना दूसरा शतक पूरा किया. अगले ओवर में दुबे ने मोहसिन के खिलाफ चौका और छक्का लगाकर 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। वह अंतिम ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट हुए. क्रीज पर आए महेंद्र सिंह धोनी (नाबाद चार) ने आखिरी गेंद पर चौका जड़कर स्कोर को 210 रन तक पहुंचा दिया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.