
Ezaz Ahmad
नमस्कार! मैं एजाज अहमद (Ezaz Ahmad), 1 नवंबर 2022 से अब तक India.Com (Zee Media) में स्पोर्ट्स डेस्क पर सीनियर सब एडिटर के पद कार्यरत हूं. मैं पिछले 12 वर्षों ... और पढ़ें
IPL 2024 DC vs GT: कप्तान ऋषभ पंत और अक्षर पटेल की विस्फोटक पारियों के बाद बिहार के लाल- मुकेश कुमार के आखिरी ओवर में कमाल की गेंदबाजी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 के 40वें मैच में आज यानी के बुधवार को गुजरात टाइटंस को 4 रन से हरा दिया. नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 4 विकेट पर 224 रनों का विशाल स्कोर बनाया और फिर गुजरात टाइटंस को निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 220 रन पर रोक दिया.
दिल्ली कैपिटल्स की टीम की नौ मैचों में यह चौथी जीत है और अब उसके आठ अंक हो गए हैं. इसके साथ ही दिल्ली ने अब अंकतालिका में आठवें से छठे नंबर पर छलांग लगा दी है. गुजरात टाइटंस को नौ मैचों में पांचवीं हार का सामना करना पड़ा है और टीम अब सातवें नंबर पर खिसक गई है.
दिल्ली से मिले 225 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस ने 13 रन के स्कोर पर ही अपने कप्तान शुभमन गिल (6) का विकेट गंवा दिया. लेकिन इसके बाद रिद्धिमान साहा (39) और साई सुदर्शन (65) ने दूसरे विके के लिए 82 रनों की साझेदारी करके टीम को मुकाबले में बनाए रखा. हालांकि इसके बाद कुलदीप यादव ने आकर गुजरात को दूसरा झटका दे दिया. सुदर्शन के आउट होने के बाद गुजरात की टीम नियमित अंतराल पर विकेट खोती चली गई. साहा ने 25 गेंदों पर पांच चौके और एक छक्का लगाया. सुरदर्शन ने 39 गेंदों पर सात चौके और दो छक्के लगाए.
गुजरात को मैच जीतने के लिए अंतिम चार ओवर में 73 रनों की दरकार थी. इसी बीच किलर मिलर डेविड मिलर ने 17वें ओवर में एनरिक नॉर्खिये को भूत बना दिया. मिलर ने इस ओवर में तीन छक्का और एक चौका लगाकर 24 रन बटोर लिए और अपनी टीम को मैच में बनाए रखा. लेकिन 18वें ओवर में आकर मुकेश कुमार ने मिलर को आउट करके दिल्ली को सबसे बड़ी सफलता दिला दी. मिलर ने 23 गेंदों पर छह चौके और तीन छक्के लगाए. मिलर के आउट होने के बाद गुजरात की उम्मीदें खत्म हो गई थी, लेकिन राशिद खान ने अंतिम ओवर में मैच को फिर से जिंदा कर दिया.
गुजरात को अंतिम ओवर में जीत के लिए 19 रनों की दरकार थी और राशिद ने लगातार दो चौके और एक छक्का लगाकर मैच को रोमांचक बना दिया. अंतिम गेंद पर गुजरात को जीत के लिए पांच रन चाहिए था और मुकेश कुमार ने गेंद को खाली निकालकर दिल्ली को चार रन से रोमांचक जीत दिला दी. राशिद ने 11 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से 21 रनों की नाबाद पारी खेली.
दिल्ली कैपिटल्स के लिए रासिख डार सलाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट चटकाए. उनके अलावा मुकेश कुमार ने दो विकेट लिए और अंतिम ओवर में कमाल की गेंदबाजी की. वहीं, कुलदीप यादव ने दो और एनरिक नॉर्खिये तथा अक्षर पटेल ने एक-एक विकेट झटके.
DC vs GT: शुभमन गिल ने विराट कोहली को पीछे छोड़ा, अपने 100वें मैच में स्पेशल क्लब में मारी एंट्री
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने 4 विकेट पर 224 रनों का विशाल स्कोर बना दिया. दिल्ली के लिए पंत और अक्षर पटेल ने अर्धशतकीय पारी खेली. दोनों ने चौथे विकेट के लिए 113 रनों की शतकीय साझेदारी की. पटेल ने 43 गेंदों पर 5 चौके और चार छक्कों की मदद से 66 रनों की पारी खेली.
पंत ने 43 गेंदों पर पांच चौके और आठ छक्कों के सहारे 88 रनों की तूफानी खेली. उनके अलावा जेक फ़्रेज़र-मक्गर्क ने 23 और ट्रिस्टन स्टब्स ने सात गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों के सहारे नाबाद 26 रनों की पारी खेली. गुजरात टाइटंस के लिए संदीप वारियर ने तीन और नूर अहमद ने एक विकेट अपने नाम किया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.