सनराइजर्स हैदराबाद ने नाम किया IPL फाइनल का यह शर्मनाक रिकॉर्ड, 17 फाइनल में सबसे छोटा टाइटल
तीसरी बार IPL का फाइनल खेल रही सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL फाइनल का सबसे छोटे स्कोर का शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया.
IPL फाइनल में SRH @BCCI
चेन्नई. इस बार आईपीएल में लीग का सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड अपने नाम करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की टीम फाइनल मैच में बिखर गई और उसने इस लीग के फाइनल का सबसे छोटे टोटल का शर्मनाक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस पूरे सीजन रनों की आग उगल रहे उसके ओपनर फाइनल के दबाव में बिखर गए और वे सिर्फ यहां 2 रन ही जोड़ पाए. अभिषेक शर्मा (2) और ट्रेविस हेड (0) के आउट होते ही SRH की टीम बिखर गई और पूरे मैच में वह रन बनाने को तरसती दिखाई दी. वह सिर्फ 113 रनों पर ऑलआउट हो गई, जो किसी भी IPL फाइनल का सबसे कम स्कोर है.
इससे पहले IPL फाइनल के सबसे छोटे टोटल का रिकॉर्ड चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के नाम था, जिसने 2013 के आईपीएल फाइनल में मुंबई इंडियन्स (MI) के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डेंस मैदान पर 9 विकेट पर 125 रन बनाए थे. आज हैदराबाद के खराब प्रदर्शन से 11 साल पुराना यह रिकॉर्ड टूट गया.
आईपीएल फाइनल में सबसे कम स्कोर
- 113 SRH vs KKR @चेन्नई 2024 *
- 125/9 CSK vs MI @कोलकाता 2013
- 128/6 RPS vs MI @हैदराबाद 2017
- 129/8 MI vs RPS हैदराबाद 2017
हैदराबाद ने यहां टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था. इस टीम पर दबाव था कि वह चेज करने में लड़खड़ा जाती है. ऐसे में टॉस जीतते ही उसके कप्तान पैट कमिंस ने टीम की असली ताकत पहले बल्लेबाजी को तो चुन लिया. लेकिन शुरुआती 2 ओवर में ही दोनों ओपनिंग बल्लेबाज आउट हुए तो फिर हैदराबाद की टीम बिखरती चली गई.
एडिन मार्करम (20), नीतिश रेड्डी (13) और हेनरिक क्लासेन (16) ने बीच के ओवरों में पारी को संभालने की कोशिश की थी. लेकिन नाइटराइडर्स के गेंदबाजों ने उन्हें ज्यादा टिकने का मौका नहीं दिया और उसकी पूरी गेंदबाजी यूनिट लगातार मैच में विकेट झटकती रही. इसके चलते पूरी टीम 18.3 ओवर में सिर्फ 113 रनों पर ढेर हो गई. उसकी ओर से कप्तान पैट कमिंस ने सर्वाधिक 24 रन बनाए, जो पारी के अंतिम विकेट के रूप में आंद्रे रसेल का तीसरा शिकार बने.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें