LSG के बॉलिंग कोच मोर्नी मोर्कल ने मयंक यादव की शान में पढ़े कसीदे, बताया चोटिल होने के बाद स्पीडगन ने कैसे वापसी की
Mayank Yadav's debut leaves Morne Morkel impressed: लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल ने तेज गेंदबाज मयंक की तारीफ करते हुए कहा कि उसने लैंग्थ और बाउंसर का सही इस्तेमाल किया.
लखनऊ: लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने आईपीएल 2024 में अपनी पहली जीत हासिल कर ली है. LSG ने शनिवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में पंजाब किंग्स को 21 रन से हरा दिया. लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 199 रन का स्कोर बनाया. इसके जवाब में पंजाब ने जोरदार पराक्रम किया और पहले विकेट के लिए 102 रनों की शतकीय साझेदारी करके धमाकेदार शुरुआत की. ऐसा लग रहा था कि कप्तान शिखर धवन और जॉनी बेयरस्टो आसानी से मैच को निकाल ले जाएंगे. लेकिन फिर अपना डेब्यू मैच खेलने उतरे मयंक यादव (Mayank Yadav) ने अपनी गति से पंजाब के बल्लेबाजों की दुर्गति कर दी. पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में मयंक ने चार ओवर के अपने स्पेल में 9 गेंदें 150 किमी प्रति घंटे या उससे तेज रफ्तार से फेंकी.
21 साल के मयंक ने बेयरस्टो को आउट करके पंजाब को पहला झटका दिया. इसके बाद उन्होंने लखनऊ की मैच में वापसी करा दी. उन्होंने चार ओवर के अपने स्पेल में 27 रन देकर तीन विकेट चटकाए. इन विकेटों में जॉनी बेयरस्टो (42), इम्पैक्ट प्लेयर प्रभसिमरन सिंह (19) और जितेश शर्मा (6) के विकेट शामिल हैं. मयंक को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजी कोच मोर्नी मोर्कल (Morne Morkel) ने तेज गेंदबाज मयंक की तारीफ करते हुए कहा कि उसने लैंग्थ और बाउंसर का सही इस्तेमाल किया.
मोर्कल ने मैच के बाद कहा, ” मयंक ने इतनी उमस के बीच इस रफ्तार से शानदार गेंदबाजी की. उसके लिए पिछला साल कठिन था चूंकि पहले अभ्यास मैच के बाद वह चोटिल हो गया था. हमने उसे अपनी लैंग्थ बनाये रखने और बाउंसर का सही इस्तेमाल करने के लिए कहा था. गेंदबाजों ने यह जीत दिलाई. पहले टाइमआउट में ही गेंदबाजों से मैच में बने रहने के लिए कहा था और उसके बाद मयंक ने ऐसी शानदार गेंदबाजी की.”
पंजाब किंग्स के कप्तान शिखर धवन ने कहा कि लियाम लिविंगस्टोन के चोटिल होने से टीम के प्रदर्शन पर असर पड़ा चूंकि वह चौथे नंबर पर नहीं उतर सके. धवन ने 50 गेंदों पर सात चौके और तीन छक्कों की मदद से 70 रनों की पारी खेली. धवन के आउट होते ही पंजाब मैच से बाहर हो गई.
उन्होंने कहा, ” लखनऊ ने अच्छा खेला. लिविंगस्टोन के चोटिल होने से हमारे प्रदर्शन पर असर पड़ा लेकिन मयंक की रफ्तार ने भी हमें हरा दिया. उसकी गेंदों को खेलना अच्छा लगा और उसकी रफ्तार ने मुझे हैरान कर दिया. हम अपनी गलतियों से सबक लेकर अगले मैचों में बेहतर रणनीति के साथ आएंगे और उस पर अमल करेंगे.”
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.