IPL 2025: मुंबई की जीत के साथ IPL की प्लेऑफ पैक, करारी हार के साथ टूटा DC का सपना

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:May 22, 2025 12:05 AM IST

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में मुंबई ने दिल्ली को 59 रनों से हराकर आराम से अंतिम 4 में अपनी जगह पक्की कर ली. इसी के साथ दिल्ली की उम्मीदें भी धुल गईं.

मुंबई. आईपीएल 2025 में अच्छी शुरुआत के बाद लड़खड़ाई दिल्ली कैपिटल्स (DC) की टीम बुधवार को भी अपनी किस्मत बदल नहीं पाई और मुंबई इंडियन्स (MI) के हाथों 59 रनों से हारकर वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है. प्लेऑफ में अंतिम एक पायदान के लिए इन दोनों टीमों में मुकाबला था, जहां मुंबई की टीम ने उसे कोई मौका नहीं दिया और अंतिम 4 में अपनी जगह आराम से सुरक्षित कर ली. IPL 2025 में प्लेऑफ की चारों टीमें फाइनल हो चुकी हैं और अब उनके बीच मुकाबला टॉप 2 स्थान पर बने रहने का है, जबकि दिल्ली समेत 6 टीमों का सफर लीग स्टेज पर ही थम जाएगा.

Advertising
Advertising

दिल्ली की पिछले 7 मैचों में यह छठी हार है, जबकि सीजन के पहले हाफ में उसने पहले 6 मैचों में से 5 में जीत अपने नाम की थी. दिल्ली ने यहां टॉस जीतकर मेजबान मुंबई को पहले बैटिंग का न्योता दिया था. लेकिन सूर्यकुमार यादव (73*) और नमन धीर (24*) की तूफानी बैटिंग की बदौलत मुंबई ने दिल्ली के सामने 181 रनों का चुनौतीपूर्ण टारगेट सेट किया.

इसके जवाब में दिल्ली की टीम कहीं भी टिक नहीं पाई और उसने शुरुआत से ही विकेट गंवाने का सिलसिला जारी रखा और अंत में वह 121 रनों पर ढेर हो गई. दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल यहां फ्लू से पीड़ित होने के चलते खेल नहीं पाए. ऐसे में अनुभवी बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस ने टीम की अगुआई की.

181 रनों के जवाब में पिछले मैच में शतक जमाने वाले केएल राहुल यहां सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हुए. कप्तान डुप्लेसिस (6) भी फ्लॉप रहे, जबकि अभिषेक पोरेल (6) भी कुछ खास नहीं कर पाए. दिल्ली ने पावरप्ले में ही अपने 3 विकेट गंवा दिए.

कैपिटल्स के पास यहां जसप्रीत बुमराह (3/12) और मिचेल सेंटनर (3/11) के हमलों का कोई जवाब नहीं था. इन दोनों के अलावा ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, विल जैक्स और कर्ण शर्मा ने भी 1-1 विकेट अपने नाम किए. मुंबई की टीम अब लीग स्टेज में अपना आखिरी मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी. मुंबई के फिलहाल 16 तो पंजाब के 17 अंक हैं. हालांकि पंजाब के पास अभी दो मैच बाकी हैं, जिनमें उसे दिल्ली और मुंबई से ही भिड़ना है.

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें