मुंबई. इस सीजन हार्दिक पांड्या की कप्तानी में उतरी मुंबई इंडियन्स (MI) ने आखिरकार प्लेऑफ में अपनी जगह बना ली है. उसने पिछले सीजन पांड्या को गुजरात से ट्रे़ड कर टीम का कप्तान बनाया था, तब पांड्या को मुंबई के फैन्स खूब ट्रोल कर रहे थे और टीम का परफॉर्मेंस भी निराशाजनक रहा था. लेकिन टीम अपनी योजनाओं से पीछे नहीं हटी और उसने अब लय पकड़कर खुद को साबित कर दिया है.
दिल्ली कैपटिल्स को 59 रनों के बड़े अंतर से हराकर वह प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी और अंतिम टीम बन गई है. इस जीत के बाद पांड्या ने टीम के गेंदबाजों खासतौर से जसप्रीत बुमराह और मिचेल सेंटनर की जमकर तारीफ की.
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के इस युवा कप्तान ने दिल्ली को हराने के बाद टीम के प्रदर्शन पर खुशी जाहिर की. उन्होंने मैच में नाबाद 73 रन ठोकने वाले सूर्यकुमार यादव और मैच फिनिशर के रूप में उतरे नमन धीर (24*) की भी जमकर तारीफ की. मुंबई को यहां पहले बैटिंग का निमंत्रण मिला था और उसने इन दो बल्लेबाजों की जोरदार पारियों की बदौलत दिल्ली के सामने 181 रनों की कड़ी चुनौती पेश की. दिल्ली की टीम यहां 18.2 ओवर में 121 रन बनाकर ढेर हो गई.
पंड्या से मैच के बाद जब पूछा गया कि क्या बुमराह और सैंटनर का टीम में होना ‘लग्जरी’ है तो उन्होंने कहा, ‘बिल्कुल. मैं जब चाहूं उन्हें गेंदबाजी के लिए लगा सकता हूं. वे इतने नियंत्रण और ‘परफेक्शन’ से अपना काम करते हैं, जिससे मेरा काम आसान हो जाता है.’
उन्होंने कहा, ‘हमने शुरू में सोचा था कि 180 रन का स्कोर अच्छा होगा. लेकिन अब लग रहा है कि 160 रन तक पहुंचना बहुत अच्छा होता. लेकिन जिस तरह से नमन धीर और सूर्यकुमार ने पारी खत्म की, खासतौर से नमन (8 बॉल में नाबाद 24 रन) ने, जिस तरह से मुश्किल ट्रैक पर आकर हिट किया, वह शानदार था.’
दिल्ली कैपिटल्स के कार्यवाहक कप्तान फाफ डुप्लेसी ने कहा, ‘हम मैदान में बेहतरीन थे, खिलाड़ियों ने शानदार जज्बा दिखाया. गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया. बल्लेबाजी के लिए यह आसान पिच नहीं थी. हमने आखिरी दो ओवरों में मैच गंवा दिया और उन्हें लगभग 50 रन दे दिए.’ बता दें मुंबई की टीम ने अंतिम 2 ओवरों में यहां 48 रन ठोक दिए, जिसने मैच में भारी अंतर पैदा किया.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.