IPL 2025: 16 साल बाद RCB ने CSK को चेन्नई में हराया, सीजन की लगातार दूसरी जीत
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई सुपर किंग्स को 16 साल बाद उसके घर में मात दी है. साल 2008 के बाद यह पहला मौका है, जब RCB ने येलो आर्मी को उसके घर में मात दी.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने चेन्नई को हराया @IPL-BCCI
नई दिल्ली. इस बार खिताब जीतने की जिद लेकर उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL के 18वें सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ कमाल का खेल दिखाते हुए सीजन की लगातार दूसरी जीत अपने नाम कर ली. उसने चेन्नई को उसके घर में 2008 के बाद मात दी है और 50 रन से यहां जीत अपने नाम की. इस जीत के साथ RCB ने अंक तालिका में अपना पहला पायदान बरकरार रखा है. इस सीजन RCB अभी तक इकलौती ऐसी टीम है, जिसने शुरुआती दोनों मैचों में जीत अपने नाम की है. इस मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (31 रन, 30 बॉल में) में साधारण ही दिखे. लेकिन उनके ईर्द-गिर्द बल्लेबाजी करने वाले बल्लेबाजों ने तेजी से रन बनाकर टीम की जीत की नींव रख दी.
चेन्नई की स्पिन लेती पिच पर फिल सॉल्ट ने 16 बॉल में 32 रन, देवदत्त पडीक्कल ने 14 बॉल में 27 रन और कप्तान रजत पाटीदार ने 32 बॉल में 51 रन की जोरदार पारियां खेलकर टीम का स्कोर 196 रन पर पहुंचाने के बाद सीएसके को बैकफुट पर धकेल दिया. अंत में टिम डेविड ने 8 बॉल की अपनी पारी में 1 चौके और 3 छक्कों की बदौलत नाबाद 22 रन बनाकर सीएसके के होम ग्राउंड पर RCB का स्कोर 20 ओवर में 7 विकेट पर 196 रन बना दिए.
यह स्कोर सीएसके को दबाव में लाने के लिए काफी था. इसके अलावा आरसीबी के पास भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और यश दयाल के रूप में सटीक लाइन लेंग्थ वाले गेंदबाज भी मौजूद थे. हेजलवुड ने 4 ओवर में 3 विकेट, भुवी ने 3 ओवर की बॉलिंग में 1 विकेट और यश दयाल ने 3 ओवर में 2 विकेट लेकर सीएसके को तगड़े झटके देकर अपनी जीत तय कर ली. दूसरी ओर आरसीबी ने इस मैच में 10 ओवरों के लिए अपने 3 स्पिन गेंदबाजों को इस्तेमाल किया. यहां सिर्फ लियाम लिविंगस्टोन ने 2 विकेट अपने नाम किए.
ऐसे में सीएसके टीम ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर सिर्फ 146 रन बना पाई. सीएसके लिए ओपनिंग बल्लेबाज रचिन रवींद्र ही सर्वाधिक 41 रन बना पाए. राहुल त्रिपाठी (5) लगातार दूसरी बार सस्ते में आउट हुए. नंबर 3 पर उतरे कप्तान रुतुराज गायकवाड़ यहां अपना खाता भी नहीं खोल पाए. दीपक हुड्डा (4) और सैम करन (8) जैसे खिलाड़ी भी यहां फ्लॉप रहे और इम्पैक्ट सब्सीट्यूट के रूप में आए शिवम दुबे (19) भी सस्ते में आउट होकर टीम को मुश्किल में फंसा गए.
चेन्नई ने इस मैच में सिर्फ 80 रन जोड़ने तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे. वह पावरप्ले में 3 विकेट गंवाकर सिर्फ 30 रन ही बना पाई थी. नंबर 9 पर बैटिंग के लिए उतरे पूर्व कप्तान और सीएसके के स्टार खिलाड़ी एमएस धोनी ने 16 बॉल पर नाबाद 30 रन बनाए लेकिन उनका यह योगदान चेन्नई को 150 रन के आंकड़े पर भी नहीं पहुंचा पाया. 5 बार की चैम्पियन सीएसके की टीम अब अपना अगला मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ रविवार को गुवाहाटी के बारासपारा मैदान पर खेलेगी. यह इस सीजन घर से बाहर उसका पहला मुकाबला होगा. वहीं RCB की टीम बुधवार को इस सीजन पहली बार अपने घर में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ भिड़ने उतरेगी.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें