RCB vs KKR: बेंगलुरु और कोलकाता की भिड़ंत आज, किसका पलड़ा भारी, जानिए मैच से जुड़े अहम आंकड़े
RCB vs KKR match Records: आरसीबी की टीम के अभी तीन मैच बाकी हैं और दो जीत उनको शीर्ष दो में पहुंचा सकती है, जहां वे अधिकतम 22 अंक तक पहुंच सकते हैं. दूसरी ओर केकेआर अब अधिकतम 15 अंक ही हासिल कर सकती है.
TATA IPL 2025, RCB vs KKR: भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण एक हफ्ते के लिए स्थगित रहे आईपीएल की आज से वापसी होने वाली है. आईपीएल 2025 में शनिवार, 17 मई को बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के बीच मैच खेला जाएगा. आरसीबी को क्वालिफाई करने के लिए दो ही अंक की दरकार है लेकिन उसे केकेआर की वापसी से सतर्क रहना होगा जिसका इस मैदान पर आरसीबी के खिलाफ अच्छा रिकॉर्ड है. आइये जानते हैं मैच से जुड़े अहम आंकड़े.
केकेआर पड़ती है चिन्नास्वामी में आरसीबी पर भारी
आरसीबी की टीम के अभी तीन मैच बाकी हैं और दो जीत उनको शीर्ष दो में पहुंचा सकती है, जहां वे अधिकतम 22 अंक तक पहुंच सकते हैं. अगर वे दो मैच भी जीतते हैं तब भी वे शीर्ष दो में रहेंगे, जबकि एक जीत के साथ वह शीर्ष चार में पहुंच जाएंगे. अगर वे तीनों ही मैच हार जाते हैं तब भी बेहतर नेट रन रेट की वजह से वह क्वालिफाई कर सकते हैं.
दूसरी ओर केकेआर अब अधिकतम 15 अंक ही हासिल कर सकती है. इसके बाद उनको क्वालिफाई करने के लिए अन्य टीमों के परिणामों पर निर्भर रहना पड़ेगा. हालांकि केकेआर के लिए अच्छी बात इस मैदान में उनका दबदबा है. इस मैदान पर उन्होंने आरसीबी के खिलाफ 12 में से आठ मैच जीते हैं. केकेआर ने इस मैदान पर आरसीबी के खिलाफ लगातार छह जीत हासिल की है. हालांकि इनमें से पांच में विराट कोहली के बल्ले से अर्धशतक आया है.
स्पिन की तगड़ी टीमों के बीच मुकाबला
केकेआर की स्पिन जोड़ी सुनील नारायण और वरुण चकवर्ती ने अपनी टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है. नारायण ने तो अपनी टीम के लिए आरसीबी के खिलाफ सबसे अधिक 27 विकेट लिए हैं. हालांकि आरसीबी के पास भी क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा हैं. जब ये दोनों टीम पिछली बार आमने-सामने हुई थी तब क्रुणाल ने अपनी गेंदबाजी से टीम को मैच जिताया था.
वेस्टइंडीज की इस जोड़ी से कोहली को बचना होगा
कोहली व केकेआर के नारायण और आंद्रे रसेल की जोड़ी का मुकाबला देखने लायक होगा. कोहली क्योंकि अच्छी लय में हैं तो मध्य ओवर में यह मुकाबला रोचक होगा. कोहली ने नारायण के खिलाफ आईपीएल में 17 पारियों में 34 की औसत से 136 रन ही बनाए हैं, जबकि चार बार आउट हुए हैं. जबकि रसेल के खिलाफ उन्होंने 14 पारियों में 40.3 की औसत से 121 रन बनाए हैं जबकि तीन बार आउट हुए हैं.
रहाणे बनाम भुवनेश्वर और क्रुणाल
अजिंक्य रहाणे ने इस सीजन केकेआर के लिए अहम योगदान दिया है. उनको पावरप्ले में भुवनेश्वर कुमार का सामना करना होगा और मध्य ओवरों में क्रुणाल का. दोनों के ही सामने रहाणे का रिकॉर्ड खास नहीं है. भुवनेश्वर के खिलाफ उन्होंने 18 पारियों में 14.9 की खराब औसत से 104 रन ही बनाए हैं, जबकि सात बार आउट हुए हैं. वहीं क्रुणाल के खिलाफ उन्होंने 10 पारियों में 15.3 की खराब औसत से 61 रन ही बनाए हैं, जबकि चार बार आउट हुए हैं.
(इनपुट- आईएएनएस)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें