IPL 2025: रॉयल्स के विदाई मैच में भी चमके वैभव सूर्यवंशी, चेन्नई को 6 विकेट से हराकर सीजन का निराश मन से पैकअप

राजस्थान रॉयल्स की टीम इस सीजन सिर्फ 4 मैच ही जीत पाई और वह प्लेऑफ की दौड़ से काफी पहले ही बाहर हो गई थी. आज उसने चेन्नई को हराकर सीजन का अपना अभियान खत्म कर दिया.

Published date india.com Published: May 20, 2025 11:44 PM IST
Vaibhav Suryavanshi vs CSK
वैभव सूर्यवंशी @IPL-BCCI

नई दिल्ली. राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए यूं तो यह सीजन भुलाने वाला साबित हुआ और मंगलवार को उसने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 6 विकेट से हराकर अपने इस सीजन का पैकअप कर लिया. यह 14वें लीग मैच में उसकी चौथी ही जीत थी. लेकिन उसके लिए सबसे सुखद 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की कहानी रही, जिन्होंने इस सीजन 7 मैच खेलकर 252 रन बनाए और यहां उन्होंने शतक और हाफ सेंचुरी भी अपने नाम की. सीजन के आखिरी मैच में भी उन्होंने 33 बॉल में 57 रनों की दमदार पारी खेलकर टीम की जीत में अहम रोल निभाया, जिसकी बदौलत रॉयल्स ने चेन्नई को 6 विकेट से हराकर सीजन का अंत किया. चेन्नई की 13 मैचों में यह 10वीं हार है और रॉयल्स की ही तरह वह भी पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है.

राजस्थान के इस सीजन फेल होने की वजह संजू सैमसन भी रहे क्योंकि टीम को कप्तान संजू सैमसन का भरपूर साथ नहीं मिला. शुरुआती मैचों में वह उंगली की चोट के कारण फील्डिंग और कप्तानी से दूर रहे और बतौर सब्सीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर खेले थे. बाद में वह फिर से चोटिल होकर अगले कुछ मैचों से बाहर रहे. नतीजा टीम का संतुलन बिगड़ गया, जहां उसे कप्तान के अनुभव और बल्लेबाजी में कमी के चलते कई करीबी मैचों में हार मिली.

इस मैच में राजस्थान को जीत के लिए 188 रन का लक्ष्य मिला था, जिसे रॉयल्स ने वैभव सूर्यवंशी के 33 गेंद में 57 रन की मदद से 17.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस जीत के साथ रॉयल्स अब 13 मैचों में आठ अंक लेकर दस टीमों में नौवें स्थान पर है, जबकि चेन्नई 12 मैचों में 8 अंकों के साथ आखिरी स्थान पर है. उसे एक पायदान ऊपर आने के लिए अब अपने आखिरी मैच में गुजरात टाइटंस पर बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी.

रॉयल्स को यशस्वी जायसवाल से आक्रामक शुरुआत मिली लेकिन वह चौथे ओवर में अंशुल कम्बोज की गेंद पर बोल्ड हो गए. उन्होंने 19 गेंद में 5 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 36 रन बनाए. इसके बाद सूर्यवंशी और कप्तान संजू सैमसन ने 59 गेंद में 98 रन की साझेदारी की. इस सीजन में शतक बना चुके सूर्यवंशी ने मैदान के चारों ओर दर्शनीय स्ट्रोक्स लगाकर अपनी प्रतिभा की झलक एक बार फिर पेश की. दूसरे छोर पर सैमसन ने भी रनगति को तेज बनाए रखा.

इन दोनों के क्रीज पर रहते रॉयल्स आसान जीत की ओर बढती दिख रही थी. अश्विन ने एक ही ओवर में दोनों को पवेलियन भेजकर पासा पलटने की कोशिश की. 14वें ओवर में सैमसन (41) को ब्रेविस के हाथों लपकवाने के बाद सूर्यवंशी को रविंद्र जडेजा के हाथों कैच आउट कराके पवेलियन भेजा. इसके बाद हालांकि ध्रुव जुरेल (31*) और शिमरोन हेटमायेर (12*) ने टीम को जीत तक पहुंचाया.

इससे पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी चेन्नई की शुरुआत एक बार फिर खराब रही और दूसरे ओवर के बाद उसके दो बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे, जब स्कोरबोर्ड पर 12 रन ही टंगे थे. इसके बाद म्हात्रे (43), ब्रेविस (42) और शिवम दुबे (39) ने उपयोगी पारियां खेली. धोनी 14वें ओवर में बल्लेबाजी के लिए आए लेकिन 17 गेंद में 16 रन बनाकर आखिरी ओवर में मधवाल का शिकार हुए. रॉयल्स के लिए युधवीर सिंह ने 4 ओवर में 47 रन देकर और मधवाल ने 29 रन देकर 3-3 विकेट लिए.

Add India.com as a Preferred SourceAdd India.com as a Preferred Source

Also Read:

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें Cricket Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें

By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.