IPL 2026: AB डिविलियर्स भी हुए वैभव सूर्यवंशी की ताबड़तोड़ बैटिंग के मुरीद, बोले- 15 की उम्र में कमाल है यह खिलाड़ी
वैभव सूर्यवंशी ने बुधवार को सनराइजर्स के खिलाफ सिर्फ 29 गेंदों में ताबड़तोड़ 97 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी के दम पर राजस्थान ने एलिमिनेटर में आराम से जीत अपने नाम की. इस बल्लेबाज से एबी डिविलियर्स भी प्रभावित हैं.
IPL 2026 एलिमिनेटर मैच में वैभव सूर्यवंशी @IPL-BCCI
आईपीएल में बुधवार की शाम वैभव सूर्यवंशी के नाम रहा, जिन्होंने एलिमिनेटर जैसे नॉकआउट मैच में शुरुआत से ही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के गेंदबाजों को आड़े हाथ लेकर रनों का अंबार लगा दिया. पैट कमिंस के नेतृत्व वाले बॉलिंग अटैक की इस 15 वर्षीय बल्लेबाज ने धज्जियां उड़ा दीं. रॉयल्स ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 243 रनों का स्कोर खड़ा किया. सनराइजर्स की टीम यहां 196 रनों पर सिमट गई और 47 रनों से मुकाबला हार गई. वैभव की इस पारी से साउथ अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स भी प्रभावित हैं. उन्होंने इस तूफानी बल्लेबाज की जमकर तारीफ की और उन्हें कमाल का बल्लेबाज करार दिया, जो अपने खेल के प्रति जागरूक है.
वैभव ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और 12 छक्के लगाए. डिविलियर्स ने कहा कि वह वैभव के शॉट खेलने के तरीके से ज्यादा प्रभावित दबाव से भरे नॉकआउट मुकाबले में उनकी परिपक्वता और मैदान पर शांत रहने की काबिलियत से हुए. डिविलियर्स ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, 'वैभव सूर्यवंशी की पारी की सबसे खास बात यह थी कि दबाव में भी उनका शांत और साफ रवैया. पैट कमिंस और सनराइजर्स हैदराबाद अलग-अलग प्लान आजमाते रहे, लगातार फील्ड बदलते रहे और उनकी लय बिगाड़ने के लिए अपनी लेंथ बदलते रहे, लेकिन वह पूरी पारी के दौरान पूरी तरह से अपने ही दायरे में रहे. नॉकआउट मैच में इतनी कम उम्र में खेल के प्रति इतनी जागरूकता किसी खिलाड़ी के लिए कमाल की बात है.'
उन्होंने आगे कहा, 'चाहे उन्होंने शॉर्ट बॉलिंग की हो या फुल लेंथ गेंदों से उन्हें हैरान करने की कोशिश की हो, वह हर प्लान के लिए तैयार दिखे और उन सभी के खिलाफ कंट्रोल में थे. एलिमिनेटर में सिर्फ 29 गेंदों पर 97 रन बनाना और मैदान के हर हिस्से पर हावी होना, निडर बैटिंग का एक शानदार प्रदर्शन था और इसने दिखाया कि आईपीएल के कुछ सबसे धमाकेदार खिलाड़ियों के साथ उनकी चर्चा क्यों हो रही है.'
डिविलियर्स भी इस युवा खिलाड़ी की तैयारी और मैच से पहले मानसिक दिनचर्या की समझ से प्रभावित हुए. उन्होंने कहा कि उनके खेल का यह पहलू उनकी उम्र के खिलाड़ी के लिए असामान्य परिपक्वता दिखाता है. आरसीबी हॉल ऑफ फेमर ने कहा, 'वैभव सूर्यवंशी के बारे में सबसे प्रभावशाली बात यह है कि सिर्फ 15 साल की उम्र में ही उनकी तैयारी और रूटीन के बारे में उनकी स्पष्टता है. उन्हें मैच-अप को कल्पना करने, गेंदबाजों को पढ़ने और मैच से पहले मानसिक तैयारी करने के बारे में बात करते हुए सुनना उस उम्र में बहुत कम मिलने वाली परिपक्वता का स्तर दिखाता है.'
(एजेंसी से)
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें