IPL 2026- RCB ने सिर्फ क्वालीफायर नहीं जीता, बल्कि एक कड़ा स्टेटमेंट दिया है: अनिल कुंबले

Written By: Arun Kumar Updated by: Arun Kumar
Updated Date:May 27, 2026 6:47 PM IST

भारत के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने कहा कि मंगलवार को RCB ने सिर्फ मैच नहीं जीता बल्कि एक स्टेटमेंट दिया है. नॉक आउट मैचों में आपको ऐसे ही प्रदर्शन की आस होती है.

इसी सीजन इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में अपना खिताब बचाने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) दमदार फॉर्म में है और उसने इस मंगलवार को गुजरात टाइटन्स (GT) को हराकर फाइनल में एंट्री कर ली है. अब रविवार को उसे अंतिम बाधा पार करनी है. फाइनल मे वह किस टीम से खेलेगी इसका फैसला शुक्रवार को होने वाले दूसरे क्वालीफायर में होगा, जहां GT की टीम बुधवार को होने वाले एलिमिनेटर की विजेता से भिड़ेगी.

Advertising
Advertising

मंगलवार को GT ने टॉस हारकर RCB को पहले बैटिंग का न्योता दिया था. इस मैच में RCB ने दमदार बैटिंग की और उन्होंने 5 विकेट खोकर 254 रन बनाए. इसके बाद उसने GT को 162 रनों पर समेट कर 92 रनों से दमदार जीत दर्ज की. भारतीय टीम और आरसीबी के पूर्व कप्तान अनिल कुंबले ने आरसीबी के प्रदर्शन की तारीफ की है.

जियोहॉटस्टार से बात करते हुए कुंबले ने कहा, 'टॉस हारने के बाद, आरसीबी ने बोर्ड पर 254 का बड़ा स्कोर बनाकर अपना श्रेष्ठ प्रदर्शन दिया. किसी भी गेम में इतने रन बनाना मुश्किल होता है, लेकिन प्लेऑफ में ऐसा करना टीम के असली चरित्र को दिखाता है. पिच बैटिंग के लिए अच्छी थी, लेकिन बल्लेबाजों को फिर भी मैदान में उतरकर अच्छा खेलना था. उन्होंने यह शानदार तरीके से किया.'

कुंबले ने आगे कहा, 'जब आरसीबी गेंदबाजी करने आई, तो उन्होंने जीटी के सलामी बल्लेबाजों को सेटल नहीं होने दिया. उन्होंने अनुशासित गेंदबाजी की. दोनों तरफ से दबाव बनाए रखा. साई सुदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए जिससे आरसीबी को पहला विकेट मिला. उस विकेट ने दरवाजा खोल दिया. उसके बाद गेंदबाजों ने गेम को पूरी तरह से नियंत्रित कर लिया.'

उन्होंने कहा, 'यह शुरू से आखिर तक एक क्लिनिकल परफॉर्मेंस थी. बैटिंग, बॉलिंग और फील्डिंग. आरसीबी के लिए उस रात सब कुछ ठीक रहा. उन्होंने सिर्फ गेम नहीं जीता, एक स्टेटमेंट दिया. नॉकआउट मैच में आपको ठीक इसी तरह के प्रदर्शन की जरूरत होती है.'

आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार की तारीफ करते हुए कुंबले ने कहा कि इस तरह के बड़े मैचों के प्रदर्शन से कप्तान को ड्रेसिंग रूम का भरोसा और सम्मान जीतने में मदद मिलती है.

उन्होंने कहा, 'एक खिलाड़ी बड़े मैच में अच्छा प्रदर्शन करके अपने साथियों का सम्मान जीतता है. रजत पाटीदार ने ठीक वैसा ही किया है. यह पहला क्वालीफायर बहुत बड़ा था. इसे जीतने से आपको सीधे फाइनल में एंट्री मिलती है. साथ ही मानसिक और शारीरिक रूप से फिट होने के लिए अतिरिक्त दिन भी मिलते हैं. यह एक बहुत बड़ा फायदा है.'

कुंबले ने कहा, 'आरसीबी के बारे में जो बात सबसे खास है. वह यह है कि अलग-अलग गेम में अलग-अलग खिलाड़ी आगे आते हैं. हर मैच में, कोई नया मैन ऑफ द मैच बनता है. पिछले सीजन में जब उन्होंने खिताब जीता था, तो ठीक यही हुआ था. जब हर कोई योगदान करता है, तो आप एक चैंपियन टीम बन जाते हैं. इस गेम में, हर गेंदबाज ने विकेट लिए, बल्लेबाजों ने रन बनाए किया, फील्डिंग बेहतरीन थी. यह उस टीम की पहचान है जो बड़े मैच जीतना जानती है. यह उनका सीजन का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन था.'

(एजेंसी से)

Add India.com as a Preferred Source

ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें मनोरंजन की और अन्य ताजा-तरीन खबरें